दीपावली के मौके पर वाशिंगटन डीसी में अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय ‘ओवल ऑफिस’ में ऐतिहासिक नजारा देखमे को मिला. यहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय-अमेरिकियों के साथ मिलकर बेहद धूमधाम से दिवाली का त्योहार मनाया. ट्रंप ने खुद दिया जलाया और सभी के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं. इस दौरान व्हाइट हाउस में भारतीय मूल के दिग्गज कारोबारी, टेक टायकून और ट्रंप प्रशासन के बड़े-बड़े अधिकारी भी शामिल होते दिखाई दिए. व्हाइट हाउस में हुए इस दिवाली सेलिब्रेशन के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को तोहफे के तौर पर ‘हनुमान चालीसा’ की एक प्रति भी भेंट की गई.
दिवाली पर ओवल ऑफिस में जला दीया
डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लिए व्हाइट हाउस के सबसे खास कमरे यानी ओवल ऑफिस में इस त्योहार को होस्ट किया. अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने हाथों से पारंपरिक दीया जलाया और सभी को दिवाली की शुभकामनाएं दीं.
- खास मेहमानों का जमावड़ा: इस कार्यक्रम में अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा विशेष रूप से मौजूद रहे.
- ट्रंप प्रशासन के दिग्गज चेहरे: डोनाल्ड ट्रंप के साथ अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, एफबीआई निदेशक काश पटेल, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ के निदेशक डॉ जय भट्टाचार्य और सोशल सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन के डिप्टी कमिश्नर अर्जुन मोदी जैसे शीर्ष अधिकारी इस जश्न का हिस्सा बने.
- कारोबारी और सेलिब्रिटी: दुनिया भर में मशहूर सेलिब्रिटी शेफ विकास खन्ना, आईबीएम (IBM) के सीईओ अरविंद कृष्णा, माइक्रोन टेक्नोलॉजी के सीईओ संजय मेहरोत्रा और GOQii के संस्थापक विशाल गोंडल जैसे बड़े नाम व्हाइट हाउस की इस दिवाली की रौनक बढ़ाते नजर आए.
(फोटो- @vishalgondal/X)
जब डोनाल्ड ट्रंप के हाथों में आई ‘हनुमान चालीसा’
दिवाली सेलीब्रेशन के दौरान भारतीय-अमेरिकी बिजनेस टाइकून और GOQii के संस्थापक विशाल गोंडल ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ‘हनुमान चालीसा’ की एक प्रति भेंट की. विशाल गोंडल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ओवल ऑफिस से तस्वीरें साझा करते हुए सभी को दिवाली पर विश किया.
विशाल गोंडल ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ दिवाली मनाने का सौभाग्य मिला. मुझे बेहद गर्व है कि मैंने उन्हें संत तुलसीदास द्वारा रचित ‘हनुमान चालीसा’ की एक प्रति भेंट की. ये वो पावन पाठ है जिसे हममें से करोड़ों लोग जीवन में साहस, भक्ति और मानसिक शक्ति के लिए रोजाना पढ़ते हैं’.
व्हाइट हाउस में जुटीं भारत-अमेरिका की बड़ी हस्तियां
दिवाली के इस माहौल में व्यापार, तकनीक और समाज सेवा से जुड़े कई जाने-माने भारतीय-अमेरिकी चेहरे भी शामिल हुए, जिन्होंने अमेरिका में भारत का मान बढ़ाया है.
- रूबी धल्ला: धल्ला ग्रुप ऑफ कंपनीज की अध्यक्ष और सीईओ रूबी धल्ला भी इस सेलीब्रेशन का हिस्सा बनीं.
- टेक और बिजनेस लीडर्स: नैक सिस्टम्स के संस्थापक और सीईओ राजीव शर्मा, केशवम डीसी के अध्यक्ष विश्वजीत मल्लामपति और हेतलकुमार पटेल जैसी प्रमुख हस्तियों ने डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की.
- व्हाइट हाउस स्टाफ: व्हाइट हाउस इवेंट्स के अशर अरविंद चड्ढा भी इस खास मौके पर मौजूद रहे.
जॉर्ज बुश से लेकर ओबामा और ट्रंप तक: व्हाइट हाउस में दिवाली का सफर
व्हाइट हाउस में दिवाली मनाने की ये परंपरा रातों-रात शुरू नहीं हुई है, बल्कि इसका एक लंबा और दिलचस्प इतिहास रहा है.
साल 2003 में पड़ी नींव: व्हाइट हाउस में आधिकारिक रूप से दिवाली मनाने की शुरुआत वर्ष 2003 में राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश के कार्यकाल में हुई थी. शुरुआत में ये कार्यक्रम आइजनहावर एग्जीक्यूटिव ऑफिस बिल्डिंग में होते थे.
बराक ओबामा ने जलाया था पहला दीया: वर्ष 2009 में राष्ट्रपति बराक ओबामा, व्हाइट हाउस के ‘ईस्ट रूम’ में अपने हाथों से दीया जलाने करने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बने थे.
परंपरा बना ओबामा-ट्रंप का कार्यकाल: ओबामा के बाद से ही हर साल व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस या रूजवेल्ट रूम में हर साल ये दीप-प्रज्वलन परंपरा निभाई जा रही है. डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल में भी इस परंपरा को बड़े पैमाने पर आगे बढ़ाया था और अपने इस दूसरे कार्यकाल में भी भारतीय समुदाय को पूरा सम्मान देते हुए इसे उतने ही जोश से निभाया है.