‘चलो सद्बुद्धि तो आई…’ अयोध्या जाने पर राजभर ने अखिलेश की ली चुटकी, पूछे- काशी-मथुरा का क्या?

‘चलो सद्बुद्धि तो आई…’ अयोध्या जाने पर राजभर ने अखिलेश की ली चुटकी, पूछे- काशी-मथुरा का क्या?


लखनऊ. यूपी चुनाव 2027 से पहले अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने के ऐलान पर सियासत तेज हो गई है. योगी सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख पर तंज कसते हुए कहा कि चलो, देर से ही सही, अखिलेश जी को सद्बुद्धि आ गई. अब उन्हें काशी और मथुरा जाने की तारीखों का भी ऐलान कर देना चाहिए. राजभर ने सवाल उठाया कि अखिलेश अयोध्या, काशी और मथुरा के मंदिरों में दर्शन करने से अब तक क्यों बचते रहे?

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 12 दिसंबर को परिवार के साथ अयोध्या जाने और रामलला के दर्शन करने का कार्यक्रम बनाया है. सपा नेता पवन पांडे ने शनिवार को इस तारीख का ऐलान किया. उनके मुताबिक, अखिलेश यादव अपनी पत्नी डिंपल यादव और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन करेंगे. इस दौरान वह साधु-संतों से भी मुलाकात कर सकते हैं.

अखिलेश को लेकर यूपी में महाभारत

अखिलेश के इस प्रस्तावित दौरे पर बीजेपी के साथ-साथ उसके सहयोगी दलों ने भी प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी है. ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि चलो अखिलेश जी को सद्बुद्धि आ गई और अब अयोध्या जाने की तारीख भी आ गई. लेकिन उन्हें केवल अयोध्या ही नहीं, बल्कि काशी और मथुरा जाने की तारीख भी बतानी चाहिए.

‘अब काशी और मथुरा जाने की तारीख भी बता दें’

ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अयोध्या गए, एक हाथ में त्रिशूल और दूसरे हाथ में चक्र लेकर भाषण दिया, लेकिन भगवान राम का आशीर्वाद लेने नहीं पहुंचे. इसी तरह वह वाराणसी भी गए, लेकिन बाबा विश्वनाथ के दर्शन नहीं किए. राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अब अखिलेश यादव के इन दौरों का कोई मतलब नहीं रह गया है. जब उन्होंने अयोध्या जाने की तारीख घोषित कर दी है तो उन्हें काशी और मथुरा जाने की तारीखों का भी ऐलान करना चाहिए. उनके मुताबिक, अखिलेश को अयोध्या के साथ भगवान शिव और भगवान कृष्ण से जुड़े प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी जाना चाहिए.

काशी दौरे को लेकर भी राजभर ने साधा था निशाना

यह पहली बार नहीं है जब ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव के मंदिरों में दर्शन को लेकर सवाल उठाए हैं. इससे पहले 3 नवंबर को अखिलेश यादव के वाराणसी दौरे के दौरान भी राजभर ने उन पर निशाना साधा था. राजभर ने सवाल किया था कि अखिलेश यादव काशी तो पहुंचे, लेकिन बाबा विश्वनाथ के मंदिर में दर्शन करने क्यों नहीं गए? उन्होंने सपा प्रमुख के पिछले अयोध्या और मथुरा दौरों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया था कि वह इन धार्मिक स्थलों के मंदिरों में जाने से बचते रहे हैं. राजभर ने सावन में काशी के यदुवंशी समाज की ओर से बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक के लिए अखिलेश यादव को निमंत्रण दिए जाने का भी जिक्र किया था. उनका दावा था कि निमंत्रण के बावजूद अखिलेश उस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए.

12 दिसंबर को अयोध्या जाकर क्या संदेश देना चाहते हैं अखिलेश?

अखिलेश यादव का 12 दिसंबर का प्रस्तावित अयोध्या दौरा कई मायनों में महत्वपूर्ण है. जनवरी 2024 में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह पहली बार होगा जब अखिलेश यादव रामलला के दर्शन करने पहुंचेंगे. बीजेपी लगातार इस मुद्दे पर सपा प्रमुख को घेरती रही है. पार्टी के नेता इसे उनकी धार्मिक राजनीति और तुष्टीकरण के आरोपों से जोड़ते रहे हैं.

अखिलेश क्या मथुरा और काशी भी जाएंगे?

अखिलेश यादव इससे पहले कह चुके थे कि वह अयोध्या में राम मंदिर जाकर दर्शन करेंगे. अक्टूबर 2026 में अयोध्या दौरे के दौरान उन्होंने कहा था कि इटावा के सैफई में बन रहे केदारेश्वर धाम का काम पूरा होने के बाद वह रामलला के दर्शन करेंगे. उन्होंने पवन पांडे को दर्शन के लिए तारीख तय करने की जिम्मेदारी भी दी थी. अब पवन पांडे ने 12 दिसंबर की तारीख घोषित कर दी है.

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अयोध्या, काशी और मथुरा की राजनीति फिर चर्चा में है. बीजेपी राम मंदिर निर्माण और अयोध्या के विकास को अपनी राजनीति के प्रमुख मुद्दों में रखती रही है. वहीं समाजवादी पार्टी की राजनीति में PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग का सामाजिक समीकरण अहम रहा है. अखिलेश यादव का रामलला के दर्शन का कार्यक्रम ऐसे समय आया है, जब बीजेपी लगातार उन्हें अयोध्या में राम मंदिर नहीं जाने को लेकर घेरती रही है.



Source link