कल का मौसम 8 नवंबर: दिवाली के आसपास मौसम भी अपना अलग रंग दिखा रहा है. उत्तर भारत के कई राज्यों में सुबह और रात के वक्त ठंड का एहसास बढ़ने लगा है. वहीं दक्षिण भारत में बारिश की गतिविधियां लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं. 8 नवंबर यानी रविवार को तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका है. हवा की रफ्तार 70KM पहुंच सकती है. IMD ने गरज-चमक और बिजली गिरने को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी है. ऐसे में दिवाली के अगले दिन घर से बाहर निकलने या यात्रा की योजना बना रहे लोगों को मौसम का हाल जरूर जान लेना चाहिए. सवाल यह भी है कि दक्षिण भारत में बारिश का असर कितना रहेगा और दिल्ली-यूपी से बिहार तक मौसम कैसा रहने वाला है?
पूर्वोत्तर भारत के कुछ राज्यों में 8 नवंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. (IMD)
दिल्ली-NCR में ठंड बढ़ेगी, बारिश के आसार नहीं
दिल्ली-एनसीआर में 8 नवंबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने राजधानी के लिए रविवार को बारिश या आंधी का कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया है. दिन में धूप निकल सकती है. हालांकि सुबह और रात के समय तापमान कम रहने से ठंड महसूस होगी. ऐसे में सुबह जल्दी घर से निकलने वालों को हल्की गर्माहट वाले कपड़े साथ रखने चाहिए. फिलहाल अगले कुछ दिनों तक दिल्ली के मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. वहीं 11 और 12 नवंबर के आसपास पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है.
8 नवंबर को इन 10 शहरों में कितना रहेगा तापमान?
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
|---|---|---|
| भोपाल | 30°C | 17°C |
| चेन्नई | 36°C | 25°C |
| जयपुर | 31°C | 18°C |
| दिल्ली | 29°C | 15°C |
| शिमला | 18°C | 09°C |
| पटना | 28°C | 18°C |
| मुंबई | 35°C | 22°C |
| रांची | 26°C | 15°C |
| कोलकाता | 31°C | 20°C |
| लखनऊ | 30°C | 18°C |
यूपी में फिलहाल साफ रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में रविवार को मौसम सामान्य रहने की संभावना है. राज्य के किसी हिस्से के लिए 8 नवंबर को भारी बारिश या आंधी-तूफान का विशेष अलर्ट नहीं दिया गया है. पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के अधिकतर इलाकों में मौसम शुष्क रह सकता है. सुबह और रात के तापमान में गिरावट के कारण हल्की ठंड का असर बढ़ेगा. फिलहाल किसानों और आम लोगों के लिए मौसम को लेकर किसी बड़ी चेतावनी के संकेत नहीं हैं. हालांकि आने वाले दिनों में तापमान में होने वाले बदलाव पर नजर रखना जरूरी होगा.
बिहार में 8 नवंबर को बारिश की चेतावनी नहीं
बिहार में रविवार को मौसम का मिजाज सामान्य रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने 8 नवंबर के लिए राज्य में भारी बारिश का कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया है. ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क रह सकता है. सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंड महसूस होने की संभावना है. हालांकि यह राहत ज्यादा दिनों तक बनी रहेगी या नहीं इस पर नजर रखनी होगी. पूर्वानुमान के मुताबिक 10 नवंबर के आसपास राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
झारखंड में अभी राहत, अगले सप्ताह बदल सकता है मौसम
झारखंड में 8 नवंबर को भारी बारिश की कोई चेतावनी नहीं है. राज्य के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. दिन में आसमान साफ रह सकता है जबकि सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ेगा. हालांकि अगले कुछ दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. 9 से 11 नवंबर के बीच राज्य के कुछ इलाकों में बारिश की गतिविधियां होने की संभावना है. ऐसे में रविवार को भले ही मौसम सामान्य रहे लेकिन आने वाले दिनों के अपडेट पर नजर रखना जरूरी है.
पश्चिम बंगाल में 9 नवंबर से बारिश के आसार
पश्चिम बंगाल में 8 नवंबर को भारी बारिश का कोई विशेष अलर्ट नहीं है. राज्य के गंगा के मैदानी इलाकों में रविवार को मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रह सकता है. हालांकि उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 9 से 11 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में भी 9 से 12 नवंबर के दौरान बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है. ऐसे में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का असर अलग-अलग रह सकता है.
राजस्थान में शुष्क मौसम के बीच बढ़ेगी हल्की ठंड
राजस्थान में 8 नवंबर को किसी बड़ी मौसमी गतिविधि का अनुमान नहीं है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है. फिलहाल बारिश या तेज आंधी को लेकर कोई विशेष चेतावनी नहीं दी गई है. दिन में मौसम सामान्य रह सकता है लेकिन सुबह और रात के तापमान में गिरावट के कारण हल्की ठंड महसूस होगी. खासकर खुले इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस हो सकता है.
मध्य प्रदेश में बारिश का अलर्ट नहीं
मध्य प्रदेश में रविवार को मौसम सामान्य रहने का अनुमान है. राज्य के अधिकतर हिस्सों में आसमान साफ रह सकता है और भारी बारिश या आंधी-तूफान को लेकर कोई विशेष चेतावनी नहीं है. पश्चिम और मध्य भारत में फिलहाल किसी बड़े मौसमी बदलाव के संकेत नहीं मिले हैं. ऐसे में लोगों को रविवार को मौसम के कारण किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा. हालांकि सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट के चलते हल्की ठंड बनी रह सकती है.
दिल्ली-एनसीआर में 8 नवंबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. (PTI)
पहाड़ों पर बदलेगा मौसम, बारिश और ठंड के आसार
- उत्तराखंड में 8 और 9 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. पहाड़ी इलाकों में बादल छाने से मौसम ठंडा हो सकता है. बारिश के दौरान तापमान में गिरावट महसूस हो सकती है. फिलहाल राज्य के लिए भारी बारिश का कोई बड़ा अलर्ट नहीं है लेकिन मौसम में बदलाव के संकेत जरूर हैं.
- हिमाचल प्रदेश में 8 नवंबर को मौसम सामान्य रहने का अनुमान है. रविवार के लिए भारी बारिश की कोई विशेष चेतावनी नहीं दी गई है. हालांकि 10 से 12 नवंबर के बीच कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है. 12 नवंबर के आसपास गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है. ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में घूमने जाने वाले लोगों को मौसम का अपडेट लेकर ही यात्रा करनी चाहिए.
- जम्मू-कश्मीर में 8 नवंबर को बारिश का कोई विशेष अलर्ट नहीं है. फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. लेकिन 10 नवंबर से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव आ सकता है. इसके बाद पहाड़ी इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. 12 नवंबर के आसपास कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया गया है.
दक्षिण भारत में बारिश का जोर, तमिलनाडु-केरल में अलर्ट
दक्षिण भारत के कई राज्यों में रविवार को बारिश की गतिविधियां तेज रह सकती हैं. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कई स्थानों पर बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश की आशंका है. केरल और माहे में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इन राज्यों में गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका के चलते लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी संभावना है. रायलसीमा में भी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है. झोंके 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. कर्नाटक के तटीय और दक्षिणी आंतरिक इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. तेलंगाना में 8 नवंबर को भारी बारिश का कोई विशेष अलर्ट नहीं है. तमिलनाडु में 10 नवंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है जबकि केरल में 8 नवंबर के बाद बारिश की तीव्रता घटने की संभावना है.
पूर्वोत्तर भारत में भी बढ़ सकती हैं बारिश की गतिविधियां
पूर्वोत्तर भारत के कुछ राज्यों में 8 नवंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी छिटपुट बारिश जारी रह सकती है. अरुणाचल प्रदेश में 9 नवंबर के बाद बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 9 से 11 नवंबर के बीच पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है.