Last Updated:
Skin Tips: चेहरा साफ, बेदाग और चमकदार नजर आए इसके लिए कोई महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करता है, तो कोई पार्लर जाकर फेशियल करवाता है. लेकिन कई बार इन सब पर काफी पैसे खर्च करने के बाद भी मनचाहा निखार नहीं मिल पाता. ऐसे में घरेलू चीजों से स्किन केयर करना एक आसान विकल्प हो सकता है. यहां जानें आलू के स्टार्च से फेसमास्क बनाने का तरीका.
फेस्टिव सीजन में चेहरे पर ग्लो लाने के लिए महंगे ब्यूटी ट्रीटमेंट की जरूरत नहीं है. इन दिनों सोशल मीडिया पर आलू के स्टार्च से बना फेस मास्क काफी चर्चा में है. इसके इस्तेमाल से चेहरे की चमक बढ़ जाती है. खासबात है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की भी जरूरत नहीं पड़ती. इसे आप घर पर ही आसानी से तैयार कर सकते है. ऐसे में अगर आप भी कम खर्च में स्किन केयर करना चाहती हैं, तो आलू के स्टार्च से बना यह फेस मास्क आजमा सकती हैं. आइए जानते हैं इसे बनाने और इस्तेमाल करने का तरीका.
आलू के स्टार्च से कैसे बनाएं फेस मास्क?
सबसे पहले एक छोटी कटोरी में आलू का स्टार्च लें. अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाकर पेस्ट तैयार करें. ध्यान रखें कि पेस्ट न ज्यादा गाढ़ा हो और न ही बहुत पतला. चेहरे को साफ पानी से धोकर अच्छी तरह सुखा लें. अब ब्रश या उंगलियों की मदद से चेहरे पर इसकी पतली परत लगाएं.आंखों और होंठों के आसपास इसे लगाने से बचें. करीब 10 मिनट बाद चेहरे को सादे पानी से धो लें.
फेस मास्क लगाते समय रखें ये सावधानियां
चेहरे पर लगाने से पहले हाथ या बांह के छोटे हिस्से पर पैच टेस्ट करें.अगर खुजली, जलन, लालिमा या सूजन हो, तो इसका इस्तेमाल न करें. आंखों और होंठों के आसपास लगाने से बचें. त्वचा पर पहले से जलन या घाव हो, तो यह मास्क न लगाएं.
घर पर कैसे बनाएं आलू का स्टार्च?
अगर आप बाजार से आलू का स्टार्च नहीं खरीदना चाहतीं, तो इसे घर पर भी तैयार कर सकती हैं. इसके लिए सबसे पहले आलू को छीलकर अच्छी तरह धो लें. अब इन्हें कद्दूकस करें या मिक्सी में थोड़ा पानी डालकर पीस लें. तैयार मिश्रण को सूती कपड़े में डालकर अच्छी तरह निचोड़ें और रस एक कटोरी में निकाल लें. इस रस को 10-15 मिनट तक बिना हिलाए रख दें. कुछ देर बाद कटोरी के नीचे सफेद रंग का स्टार्च जमा हो जाएगा. ऊपर का पानी धीरे-धीरे निकाल दें और नीचे बचे स्टार्च को साफ ट्रे में फैलाकर पूरी तरह सुखा लें. इस तरह घर पर आलू का स्टार्च तैयार हो जाएगा. इसे साफ और सूखे एयरटाइट डिब्बे में रखें.
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.