Last Updated:
Lalan Singh-Rahul Gandhi Aadhaar Voter ID controversy: केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के एक बयान को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और केंद्र सरकार के बीच तीखा राजनीतिक विवाद छिड़ गया है. बात तब और बढ़ गई जब इस मामले में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी तीखी टिप्पणी कर दी और इसको केंद्र सरकार की साजिश करार दे दिया. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.
ललन सिंह के आधार-वोटर आईडी बयान पर बवाल, राहुल गांधी बोले- गरीबों के अधिकारों की चोरी
नई दिल्ली. देश में सरकारी योजनाओं का लाभ देने के नियमों को लेकर एक बड़ा सियासी विवाद खड़ा हो गया है. केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के एक बयान को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर गरीबों का हक और वोट चोरी करने की गहरी साजिश का आरोप लगाया है. वहीं, इन आरोपों पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने विपक्ष को तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने का महारथी बताया है.
ललन सिंह के बयान से शुरू हुआ विवाद
इस पूरे विवाद की शुरुआत केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के एक बयान से हुई. उन्होंने राष्ट्रीय जन योजना अभियान 2026-27 की कार्यशाला में कहा कि अब सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भुगतान के लिए केवल आधार कार्ड काफी नहीं होगा. भुगतान की नई व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए लाभार्थियों की पहचान बायोमेट्रिक जानकारी और वोटर आईडी (EPIC) नंबर के जरिए तय की जाएगी. ललन सिंह ने इसको लेकर तर्क दिया कि गली-गली में आधार कार्ड आसानी से बन जाते हैं, इसलिए फर्जीवाड़े को रोकने के लिए वोटर कार्ड को मुख्य आधार बनाया जाएगा. बस ललन सिंह की इसी बात को राहुल गांधी ने निशाने पर ले लिया और गहरी साजिश बता दिया.
राहुल गांधी का तीखा हमला और ‘साजिश’ का आरोप
केंद्रीय मंत्री के इस बयान का वीडियो साझा करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर केंद्र सरकार को घेरा. राहुल गांधी ने इसे एक गहरी साजिश बताते हुए कहा कि सरकार इसके जरिए वोट चोरी का बड़ा इंतजाम कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट से विपक्ष के समर्थकों के नाम चुन-चुनकर काटे जा रहे हैं. राहुल गांधी ने आशंका जताई कि नाम कटने से गरीबों का राशन, पेंशन, मनरेगा और आवास जैसी बुनियादी योजनाओं का हक भी छीन लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि किसी गरीब की पेंशन उसके वोटर कार्ड की गुलाम नहीं हो सकती.
अखिलेश यादव ने मिड-डे मील योजना पर उठाया सवाल
इस विवाद को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला. अखिलेश यादव ने सवाल उठाया कि अगर योजनाओं का आधार वोटर कार्ड होगा, तो क्या स्कूलों में बच्चों को मिड-डे मील का खाना नहीं मिलेगा? क्योंकि बच्चे अभी वयस्क नहीं हैं और उनका वोटर आईडी कार्ड नहीं बना होता है. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी अपने मूल समर्थकों को खो चुकी है, इसलिए वह ‘वोट’ से नहीं बल्कि ‘खोट’ से चुनाव जीतने की महा-साजिश रच रही है. इसके साथ ही उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को वोटर लिस्ट को लेकर पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए.
ललन सिंह का पलटवार: राहुल गांधी को तथ्यों की समझ नहीं
विपक्ष के इन भारी आरोपों के बाद जब मामला गर्म होने लगा तो केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने वीडियो बयान जारी कर तीखा पलटवार किया. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी की ‘व्याकुल आत्मा’ है और उन्हें तथ्यों को अपनी सुविधा के अनुसार तोड़-मरोड़कर पेश करने में पीएचडी की डिग्री मिल सकती है. ललन सिंह ने स्पष्ट किया कि आधार को पूरी तरह हटाया नहीं जा रहा है, बल्कि पारदर्शिता के लिए बायोमेट्रिक और वोटर आईडी को जोड़ा गया है.
राजीव गांधी के नाम पर राहुल गांधी पर ललन सिंह का निशाना
पूरे प्रकरण में गर्मागर्मी और आरोप प्रत्यारोप के बीच ललन सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के उस पुराने बयान की याद दिलाई जिसमें उन्होंने कहा था कि 100 रुपये में से केवल 15 रुपये जनता तक पहुंचते हैं. ललन सिंह ने दावा किया कि मोदी सरकार में डीबीटी के जरिए पूरे 100 रुपये बिना किसी बिचौलिए के सीधे गरीबों के खातों में जा रहे हैं.