Last Updated:
Diwali Main Door Decoration: दिवाली पर लोग अलग-अलग तरीकों से अपने घर को सजाते हैं. कोई बंदनवार लगाता है तो कोई फूल. हालांकि पूर्णिया के पंडित मनोत्पल झा के अनुसार, दिवाली पर माता लक्ष्मी और भगवान विष्णु का आशीर्वाद पाने के लिए मुख्य द्वार को अशोक और केले के पत्तों से सजाना चाहिए.
पूर्णिया. दिवाली आने का इंतजार हम लोग साल भर करते हैं और दिवाली की खुशियां मनाने के लिए बेसब्री से इंतजार करते हैं. दरअसल, दीपावली को दीपों का त्योहार कहा जाता है. ऐसे में दिवाली के दिन लोग अपने घर से लेकर ऑफिस तक फूल, रंग-गुलाल और दीपों से सजाते हैं, ताकि उनका घर अच्छा दिखे और माता लक्ष्मी का हमेशा आगमन होता रहे. ऐसे में अगर आप भी इस दिवाली को खास मनाना चाहते हैं, तो इसके लिए यह काम कर सकते हैं.
दिवाली से जुड़ी कई चीजें धार्मिक और पौराणिक महत्व के कारण खास मानी जाती हैं. इस बारे में जानकारी देते हुए पूर्णिया के पंडित मनोत्पल झा बताते हैं कि आजकल बदलते जमाने में लोग आर्टिफिशियल और कृत्रिम चीजों पर विशेष ध्यान देते हैं. इससे भले ही कुछ समय के लिए सुंदरता बढ़ती है, लेकिन लोगों को इनके कई नुकसान होने का डर भी रहता है. इसमें असली वाली बात भी कभी नहीं आती.
ऐसे सजाएं मुख्य द्वार
ऐसे में लोगों को अपनी सभ्यता और परंपरा के साथ-साथ आध्यात्मिक और धार्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए दिवाली के दिन अशोक और केले के पत्तों से मुख्य द्वार जरूर सजाना चाहिए. उन्होंने कहा कि दिवाली के दिन माता लक्ष्मी का आशीर्वाद पाने और उन्हें प्रसन्न करने के लिए लोग अपने घर पर तरह-तरह की आकर्षक चीजें बनाते हैं. कोई फूलों से इसे सजाता है तो कोई बंदनवार लगाता है. कुछ लोग तो हर एक चीज लगाते और मुख्य द्वार को सजाते हैं.
लेकिन इस दिन धार्मिक और पौराणिक महत्व के साथ-साथ अशोक और केले के पत्तों का भी विशेष महत्व है. अशोक का पत्ता माता लक्ष्मी से और केले का पत्ता भगवान विष्णु से संबंधित है. ऐसे में इन दोनों पत्तों से अगर मुख्य द्वार को सजाया जाए, तो निश्चित तौर पर धन-धान्य, सुख-समृद्धि और माता लक्ष्मी की कृपा हमेशा बनी रहेगी.