Last Updated:
कभी एक छोटे से कमरे में शुरू हुई पढ़ाई की क्लास आज एक बड़े कोचिंग संस्थान का रूप ले चुकी है. यह कहानी है CCVM कॉमर्स क्लासेस के संस्थापक और शिक्षक विकास मिश्रा की, जिन्होंने करीब 12 वर्षों के सफर में शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है.
ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर के रहने वाले विकास मिश्रा ने तीन-चार विद्यार्थियों से शुरुआत की थी और आज उनके संस्थान में करीब 200 से 400 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं. उनका मानना है कि शिक्षक का काम केवल पढ़ाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देना भी है. इसी सोच के साथ कोचिंग में पढ़ाई के अलावा पार्टी, ट्रिप और रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की जाती हैं.
विकास हर साल चार से पांच ऐसे विद्यार्थियों को निशुल्क पढ़ाने का प्रयास करते हैं, जिनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है, लेकिन पढ़ने की इच्छा और काबिलियत है. उनका मानना है कि आर्थिक परिस्थितियां किसी बच्चे की शिक्षा में बाधा नहीं बननी चाहिए.
शिक्षा के साथ अध्यात्म का जुड़ाव
विकास मिश्रा अपनी जिंदगी में आध्यात्मिकता को विशेष महत्व देते हैं. वह अपने जीवन में आए बदलाव का श्रेय प्रेमानंद महाराज और श्रीजी की कृपा को देते हैं. उनकी कोचिंग में राधा नाम संकीर्तन और आध्यात्मिक गतिविधियां भी आयोजित होती हैं, ताकि विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ संस्कार और सकारात्मकता विकसित हो.
मंदिरों की कहानियों से सोशल मीडिया पर पहचान
शिक्षक होने के साथ विकास सोशल मीडिया पर मंदिरों और धार्मिक स्थलों की जानकारी भी साझा करते हैं. उनका उद्देश्य लोगों को मंदिरों के इतिहास, विशेषताओं और धार्मिक महत्व से परिचित कराना है. उनके वीडियो को लाखों व्यूज मिल चुके हैं. हाल ही में उनका एक वीडियो करीब 19 मिलियन व्यूज तक पहुंचा.
बिग एफएम से सोशल मीडिया तक का सफर
विकास ने साल 2011 में बिग एफएम में रेडियो जॉकी के तौर पर करियर शुरू किया. उनका मानना है कि रेडियो ने उन्हें आत्मविश्वास और अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने का हुनर दिया, जो आज टीचिंग और सोशल मीडिया में भी काम आ रहा है.
नए क्रिएटर्स को संदेश
सोशल मीडिया पर सफलता को लेकर विकास कहते हैं कि यह लूडो के खेल की तरह है, कभी छह आता है तो कभी एक इसलिए नए क्रिएटर्स को व्यूज के पीछे भागने के बजाय लगातार मेहनत और बेहतर कंटेंट पर ध्यान देना चाहिए.