Last Updated:
इटली से भारत घूमने आए मैटियो और कैटरीना ने आगरा में हिंदू रीति-रिवाजों से शादी रचाई. हरिद्वार में गंगा स्नान और वाराणसी में भगवान शिव के दर्शन के बाद दोनों भारतीय संस्कृति से प्रभावित हो गए. सफेद धोती-कुर्ते में दूल्हा और लाल जोड़े में दुल्हन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.
Viral Video: भारत की संस्कृति, परंपराएं और धार्मिक मान्यताएं दुनियाभर के लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती हैं. यहां आने वाले विदेशी पर्यटक अक्सर भारतीय रीति-रिवाजों से इतने प्रभावित हो जाते हैं कि उन्हें अपनी जिंदगी का हिस्सा बना लेते हैं. ऐसा ही कुछ इटली से भारत घूमने आए एक कपल के साथ हुआ. दोनों ने आगरा पहुंचकर हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार शादी रचाई. खास बात यह रही कि जिस शहर का ताजमहल दुनिया को मोहब्बत का संदेश देता है, उसी शहर में इस विदेशी जोड़े ने अपने रिश्ते को सात जन्मों के बंधन में बांधने का फैसला किया. अब उनकी शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
इटली से भारत घूमने आए थे मैटियो और कैटरीना
एक रिपोर्ट्स के मुताबिक, इटली के लिगुरिया क्षेत्र के रहने वाले मैटियो और कैटरीना काफी समय से एक-दूसरे के साथ रिश्ते में थे. दोनों शादी करना चाहते थे और इसके लिए कई बार योजना भी बनाई, लेकिन किसी न किसी कारण से उनका विवाह टलता रहा. आखिरकार जब दोनों भारत घूमने पहुंचे, तो उन्हें लगा कि अपने प्यार को शादी के पवित्र बंधन में बांधने के लिए भारत से बेहतर जगह कोई नहीं हो सकती. उनकी यह यात्रा सिर्फ घूमने-फिरने तक सीमित नहीं रही. दोनों ने भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को करीब से जानने की कोशिश की है.
हरिद्वार और काशी की यात्रा ने बदला शादी का फैसला
भारत यात्रा के दौरान मैटियो और कैटरीना सबसे पहले हरिद्वार पहुंचे. यहां उन्होंने मां गंगा के पवित्र जल में स्नान किया और धार्मिक वातावरण का अनुभव किया. इसके बाद दोनों वाराणसी गए, जहां उन्होंने भगवान शिव के दर्शन किए और सनातन परंपराओं को समझा. इन धार्मिक स्थलों पर बिताए समय ने कपल को काफी प्रभावित किया. भारतीय परंपराओं और विवाह संस्कारों के प्रति उनका आकर्षण बढ़ता गया. इसी दौरान दोनों ने तय किया कि वे अपनी शादी किसी सामान्य पश्चिमी अंदाज में नहीं, बल्कि पूरे हिंदू रीति-रिवाजों के साथ करेंगे.
View this post on Instagram