अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की करारी हार के बाद अपनी टीम में बड़ा बदलाव किया है. उन्होंने अपने सबसे भरोसेमंद और सख्त सलाहकारों में शामिल स्टीफन मिलर को व्हाइट हाउस का अगला चीफ ऑफ स्टाफ नियुक्त किया है. मिलर 9 नवंबर, सोमवार से यह जिम्मेदारी संभालेंगे. वह सुसी वाइल्स की जगह लेंगे, जो इस पद पर पहुंचने वाली पहली महिला थीं. खास बात यह है कि चुनावी झटके के बाद ट्रंप ने अपनी नीतियों में बदलाव का संकेत देने के बजाय उसी व्यक्ति पर भरोसा जताया है, जो उनकी सख्त इमिग्रेशन नीति का प्रमुख चेहरा रहा है.
ट्रंप ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर इस फैसले का ऐलान किया. उन्होंने मिलर को अपना सबसे भरोसेमंद सलाहकार बताते हुए कहा कि वह शुरुआत से उनके साथ रहे हैं. पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा, ‘स्टीफन शुरू से मेरे साथ हैं. वह मेरी बात समझते हैं.’
स्टीफन मिलर कौन हैं?
41 साल के स्टीफन मिलर का जन्म कैलिफोर्निया के सांता मोनिका में हुआ था. उन्होंने 2017 में ट्रंप के पहले राष्ट्रपति कार्यकाल से कुछ समय पहले उनके लिए भाषण लिखने का काम शुरू किया था. इससे पहले वह रिपब्लिकन पार्टी के नेताओं के सहयोगी के तौर पर काम कर चुके थे. इनमें पूर्व सीनेटर जेफ सेशंस भी शामिल थे. 2016 के चुनाव अभियान के बाद से ही मिलर ट्रंप के सबसे करीबी लोगों में गिने जाते हैं. उनकी पहचान सिर्फ सलाहकार की नहीं, बल्कि ट्रंप की कई बड़ी नीतियों के पीछे दिमाग लगाने वाले व्यक्ति की भी रही है. इसी वजह से उन्हें अक्सर ट्रंप का ‘दिमाग’ कहा जाता है. ट्रंप के पहले कार्यकाल में कई मुस्लिम बहुल देशों के नागरिकों पर यात्रा प्रतिबंध लगाने की नीति तैयार करने में मिलर की अहम भूमिका थी. दूसरे कार्यकाल में वह बड़े पैमाने पर अवैध प्रवासियों को अमेरिका से बाहर भेजने के अभियान के प्रमुख रणनीतिकार बने. डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ और होमलैंड सिक्योरिटी सलाहकार के तौर पर भी उन्होंने घरेलू नीतियों को तैयार करने में बड़ी भूमिका निभाई.
चुनावी हार के बाद ट्रंप ने उन्हीं पर जताया भरोसा?
अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा नुकसान हुआ है. डेमोक्रेट्स ने कांग्रेस के दोनों सदनों पर कंट्रोल हासिल कर लिया है. ऐसे समय में ट्रंप के सामने अपनी सरकार की प्राथमिकताओं और राजनीतिक रणनीति को लेकर चुनौती है. ऐसे में स्टीफन मिलर को चीफ ऑफ स्टाफ बनाना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि ट्रंप अपनी सख्त नीतियों से पीछे हटने के मूड में नहीं हैं. खासकर इमिग्रेशन के मुद्दे पर वह पहले की तरह कड़ा रुख बनाए रख सकते हैं. चीफ ऑफ स्टाफ का पद व्हाइट हाउस के सबसे ताकतवर पदों में से एक होता है. इस पद पर बैठा व्यक्ति राष्ट्रपति के रोजाना के कामकाज, बैठकों, प्रशासनिक प्राथमिकताओं और अहम फैसलों के बीच तालमेल बनाता है. ऐसे में मिलर की नई भूमिका से सरकार की नीतियों पर उनका प्रभाव और बढ़ सकता है.
मिलर ने क्या कहा?
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद मिलर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने लिखा कि अब उनका मिशन पहले से ज्यादा साफ है. वह पूरी ताकत से राष्ट्रपति का समर्थन करने और अमेरिका की रक्षा के लिए काम करेंगे. ट्रंप के समर्थकों ने भी इस नियुक्ति का स्वागत किया. रिपब्लिकन पार्टी के पूर्व सांसद मैट गेट्ज ने इस फैसले पर खुशी जताते हुए लिखा, ‘IT’S MILLER TIME.’
भारत को लेकर क्या सोचते हैं स्टीफन मिलर?
स्टीफन मिलर भारत को अमेरिका का अहम साझेदार मानते हैं और ट्रंप-मोदी के रिश्तों को भी अच्छा बताते हैं. लेकिन भारत की कुछ नीतियों को लेकर उनकी नाराजगी रही है. पहले वह दावा करते रहे हैं कि भारत अमेरिकी सामान पर भारी टैक्स लगाता है और अमेरिका से ज्यादा खरीदारी नहीं करता. उन्होंने H-1B वीजा सिस्टम में गड़बड़ी का आरोप भी लगाया है. उनका दावा है कि कुछ कंपनियां इस सिस्टम का गलत इस्तेमाल कर अमेरिकी कर्मचारियों की जगह भारतीय कर्मचारियों को रख रही हैं. इसके अलावा, उन्होंने रूस से भारत की तेल खरीद पर भी सवाल उठाए थे. उनका कहना है कि इससे यूक्रेन के खिलाफ रूस की जंग को आर्थिक मदद मिल रही है. हालांकि अब अमेरिका खुद ही रूस से तेल खरीद रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि भारत जैसे लोकतांत्रिक देश के नागरिकों के लिए अमेरिका में शरण मांगने का मजबूत आधार नहीं होना चाहिए.
सुसी वाइल्स की विदाई
स्टीफन मिलर की नियुक्ति के साथ ही सुसी वाइल्स का कार्यकाल खत्म हो रहा है. 69 साल की वाइल्स व्हाइट हाउस की चीफ ऑफ स्टाफ बनने वाली पहली महिला थीं. वह लंबे समय से ट्रंप की सलाहकार रही हैं और उनके चुनाव अभियानों में भी अहम भूमिका निभा चुकी हैं. वाइल्स ने एक्स पर बयान जारी कर बताया कि शुक्रवार चीफ ऑफ स्टाफ के तौर पर उनका आखिरी दिन होगा. उन्होंने कहा कि ट्रंप के साथ व्हाइट हाउस में काम करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है. उन्होंने सीमा सुरक्षा मजबूत करने, टैक्स कम करने और अर्थव्यवस्था को बेहतर बनाने जैसे कामों का भी जिक्र किया.
ट्रंप प्रशासन में पहले भी हो चुके हैं बड़े बदलाव
मिडटर्म चुनाव में हार के बाद ट्रंप प्रशासन में यह अकेला बदलाव नहीं है. न्याय विभाग के तीन वरिष्ठ अधिकारियों ने भी इस्तीफे का ऐलान किया है. इनमें नागरिक अधिकार विभाग की असिस्टेंट अटॉर्नी जनरल हरमीत कौर ढिल्लों, राष्ट्रीय सुरक्षा विभाग के असिस्टेंट अटॉर्नी जनरल जॉन आइजनबर्ग और फ्लोरिडा के दक्षिणी जिले के अमेरिकी अटॉर्नी जेसन रेडिंग क्विनोन्स शामिल हैं.