Last Updated:
Gold ETF : गोल्ड ईटीएफ में लोग जमकर पैसा लगा रहे हैं. तीन साल में गोल्ड ईटीएफ फोलियो की संख्या ढाई गुना से ज्यादा बढ़ चुकी है. गोल्ड ईटीएफ का एयूएम अब 1.9 लाख करोड़ रुपये हो चुका है.
सोने में अब लोग जमकर निवेश कर रहे हैं.
नई दिल्ली. सोना हमेशा भारतीयों को लुभाता रहा है. यही वजह है कि भारत में जमकर सोना खरीदा जाता है. वक्त के साथ अब सोना खरीदने के तरीकों में भी बदलाव हो गया है. यही वजह है कि अब डिजिटल गोल्ड यानी ईटीएफ (Gold ETF) में लोग जमकर पैसा लगा रहे हैं. पिछले तीन वर्षों में ही गोल्ड ईटीएफ में पैसा लगाने वालों की संख्या दोगुनी से ज्यादा बढ़ गई है. गोल्ड ईटीएफ सोने में निवेशक का आसान तरीका है. इसमें न लॉकर का भारी-भरकम किराया देना होता है और न ही चोरी होने की चिंता रहती है. इसमें शुद्ध सोना ही मिलता है और मिलावट का कोई खतरा नहीं होता.
एक नई रिपोर्ट के अनुसार, गोल्ड ईटीएफ में निवेश और फोलियो की संख्या में पिछले तीन वर्षों के दौरान इतनी तेज वृद्धि हुई है कि इसने लार्ज-कैप इक्विटी फंडों को भी पीछे छोड़ दिया है. गोल्ड ईटीएफ का कुल एयूएम बढ़कर लगभग 1.9 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया है, जो लार्ज-कैप इक्विटी फंडों द्वारा प्रबंधित लगभग 4 लाख करोड़ रुपए की संपत्तियों के करीब आधे के बराबर है.
इक्विटी फंडों से ज्यादा बढ़ोतरी
ओम्नीसाइंस कैपिटल द्वारा संकलित आंकड़ों के अनुसार, गोल्ड ईटीएफ एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) में वृद्धि इक्विटी फंडों की तुलना में कहीं अधिक रही है. एसेट्स के रिटर्न को समायोजित करने के बाद भी यह स्पष्ट हुआ है कि निवेशक मुख्य रूप से सोने की कीमतों में हुई तेजी के कारण लोग गोल्ड ईटीएफ में ज्यादा पैसा लगा रहे हैं. ओम्नीसाइंस कैपिटल के अध्यक्ष एवं मुख्य पोर्टफोलियो प्रबंधक अश्विनी शामी ने कहा कि “फियर ऑफ मिसिंग आउट” (FOMO) यानी तेजी से बढ़ती कीमतों वाले निवेश में पीछे छूट जाने के डर डर की वजह निवेशक ईटीएफ में खूब पैसा लगा रहे हैं. उन्होंने कहा कि यदि किसी अन्य एसेट की कीमतें इसी तरह बढ़तीं तो निवेशकों की प्रतिक्रिया भी लगभग ऐसी ही होती. उन्होंने कहा कि गोल्ड ईटीएफ की ओर यह आक्रामक झुकाव एक अनुशासित एसेट एलोकेशन अप्रोच से उलट व्यवहार को दर्शाता है.
3 साल में 2.6 गुना बढ़ी फोलियो की संख्या
रिपोर्ट के अनुसार, सितंबर 2023 से अब तक गोल्ड ईटीएफ फोलियो की संख्या 2.6 गुना बढ़ चुकी है. इसके मुकाबले लार्ज-कैप इक्विटी फंडों के फोलियो में केवल 1.3 गुना वृद्धि दर्ज की गई है. यह अंतर दर्शाता है कि निवेशकों की रुचि हाल के वर्षों में तेजी से सोने की ओर बढ़ी है. विश्लेषण में कहा गया है कि निवेशकों के पोर्टफोलियो में सोने की हिस्सेदारी अब ऐसे स्तर पर पहुंच रही है, जो आमतौर पर अनुशंसित निवेश ढांचे से अधिक प्रतीत होती है.
सामान्यतः सोने को वैकल्पिक परिसंपत्ति (अल्टरनेटिव एसेट) माना जाता है और विशेषज्ञ निवेश पोर्टफोलियो में इसकी हिस्सेदारी 5 से 10 प्रतिशत रखने की सलाह देते हैं. वहीं सभी वैकल्पिक परिसंपत्तियों का संयुक्त हिस्सा प्रायः 10 से 20 प्रतिशत के बीच रखा जाता है.
निवेशकों को सावधान रहने की जरूरत
वैकल्पिक निवेश श्रेणी में प्राइवेट इक्विटी, स्ट्रक्चर्ड डेट, स्पेशलाइज्ड इन्वेस्टमेंट फंड (एसआईएफ), रियल एस्टेट इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट (रीट) और इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट (इनविट) जैसे साधन भी शामिल होते हैं. ओम्नीसाइंस कैपिटल का मानना है कि लार्ज-कैप फंडों की तुलना में लगभग 47 प्रतिशत के बराबर पहुंच चुकी सोने की हिस्सेदारी अत्यधिक ऊंची मानी जा सकती है और इस पर सावधानीपूर्वक विचार किए जाने की जरूरत है.