Last Updated:
Rampur Famous Religious Place: रामपुर में जामा मस्जिद, माता बाल सुंदरी मंदिर, पातालेश्वर महादेव और कदम शरीफ जैसी ऐतिहासिक व धार्मिक धरोहरें स्थित हैं, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. इन धार्मिक स्थलों पर पहुंचना ज्यादा मुश्किल नहीं है. शहर के रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से ये सभी जगहें करीब 5 से 30 किलोमीटर के दायरे में स्थित हैं. कुछ धार्मिक स्थल शहर के अंदर ही हैं जबकि कुछ के लिए थोड़ा सफर करना पड़ता है. यहां आने वाले लोग टेंपो, ई रिक्शा और निजी वाहनों से आसानी से पहुंच सकते हैं. इसलिए रामपुर आने वाले लोग अपने समय के हिसाब से इन धार्मिक जगहों पर दर्शन और घूमने का प्लान बना सकते हैं.
रामपुर की जामा मस्जिद सिर्फ इबादत की जगह नहीं बल्कि शहर के पुराने इतिहास की भी पहचान है. इसकी नींव नवाब फैजुल्लाह खां ने रखवाई थी और बाद में नवाब कल्बे अली खां के शासनकाल में इसका निर्माण पूरा हुआ. मस्जिद में तीन बड़े गुंबद और चार ऊंची मीनारें हैं. इसकी मुगल शैली की बनावट और खूबसूरत नक्काशी लोगों का ध्यान खींचती है. यह रामपुर की प्रमुख ऐतिहासिक धरोहरों में शामिल है.
रामपुर की जामा मस्जिद में एक ऐसी घड़ी लगी है जो इसकी खूबसूरती के साथ इतिहास भी बयां करती है. करीब 150 साल पुरानी इस घड़ी को प्रिंस ऑफ वेल्स ने नवाब कल्बे अली खां को भेंट किया था. मस्जिद के मुख्य प्रवेश द्वार पर बनी घड़ी आज भी लोगों के आकर्षण का केंद्र है. इसकी खास बात यह है कि यहां धार्मिक आस्था के साथ अंग्रेजों के दौर की कारीगरी की झलक भी देखने को मिलती है.
रामपुर के मिलक खानम क्षेत्र के पीपली वन में स्थित माता बाल सुंदरी मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है. इस मंदिर को करीब 200 साल पुराना बताया जाता है. जंगल के बीच बने इस मंदिर में माता रानी के दर्शन के लिए दूर दराज से भक्त पहुंचते हैं. खास बात यह है कि यहां हर शनिवार को मेला और भंडारे का आयोजन होता है. नवरात्र और अन्य धार्मिक अवसरों पर भी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
रामपुर के भमरौआ गांव में स्थित पातालेश्वर महादेव मंदिर अपनी धार्मिक मान्यता के साथ सांप्रदायिक सौहार्द के लिए भी जाना जाता है. यहां हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदाय के लोग मिल जुलकर रहते हैं. मंदिर के आसपास मुस्लिम आबादी भी बड़ी संख्या में है. मान्यता है कि यह शिवलिंग जमीन के अंदर से प्रकट हुआ था. इस मंदिर को महाभारत के समय से भी जोड़कर देखा जाता है. कहा जाता है कि पांडवों ने अपने वनवास के दौरान यहां समय बिताया.
रामपुर के पंजाब नगर के नंद गांव में ओम नागेश्वर महादेव मंदिर बना हुआ है. इस मंदिर की स्थापना 25 जुलाई 1993 को हुई थी. बताया जाता है कि पहले यहां एक बाग हुआ करता था. खुदाई के दौरान जमीन से शिवलिंग निकला था. इसके बाद यहां मंदिर बनाया गया. सावन में यहां भारी रौनक रहती है. रामपुर के अलावा दूसरे जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां आते हैं. भक्त शिवलिंग पर दूध और जल चढ़ाते हैं.
रामपुर का कदम शरीफ शहर की ऐतिहासिक पहचान में खास जगह रखता है. यहां पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के कदमों की निशानी रखी गई है. बताया जाता है कि यह पाक निशानी रामपुर नवाब द्वारा अरब से रामपुर लाई गई थी. उसके बाद 10 मार्च 1873 को बेनजीर कोठी के सामने एक गुंबद बनाकर इसे वहां रखा गया. इस जगह पर हर गुरुवार को मेला लगता है.
रामपुर की मिलक तहसील के रठौंडा गांव में स्थित श्री बामेश्वर महादेव मंदिर करीब 966 साल पुराना बताया जाता है. बताया जाता है कि पहले यहां जंगल हुआ करता था. खेत की जुताई के दौरान एक किसान का हल दीमक की बांबी से टकराया, जिसके बाद यहां शिवलिंग मिला. भक्तों का मानना है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई मुराद पूरी होती है. महाशिवरात्रि पर यहां बड़ा मेला लगता है और उत्तराखंड समेत कई जगहों से श्रद्धालु पहुंचते हैं.
रामपुर के इन धार्मिक स्थलों पर पहुंचना ज्यादा मुश्किल नहीं है. शहर के रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से ये सभी जगहें करीब 5 से 30 किलोमीटर के दायरे में स्थित हैं. कुछ धार्मिक स्थल शहर के अंदर ही हैं जबकि कुछ के लिए थोड़ा सफर करना पड़ता है. यहां आने वाले लोग टेंपो, ई रिक्शा और निजी वाहनों से आसानी से पहुंच सकते हैं. इसलिए रामपुर आने वाले लोग अपने समय के हिसाब से इन धार्मिक जगहों पर दर्शन और घूमने का प्लान बना सकते हैं.