6 नवंबर को ही मोहम्मद शमी ने क्यों चुना संन्यास का दिन? आई सामने खास वजह
Last Updated:
भारतीय क्रिकेट टीम के धाकड़ तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है. शमी ने भारत के लिए अपने 13 साल के टेस्ट करियर में 64 मैचों में 229 विकेट लिए. शमी टेस्ट में पुरानी गेंद से स्विंग कराने में माहिर थे, लेकिन 6 नवंबर को उन्होंने लाल गेंद के क्रिकेट को अलविदा कह दिया.
मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से लिया संन्यास
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया है. शमी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक भावुक संदेश के माध्यम से फैंस को अपने संन्यास की जानकारी दी. शमी ने 6 नवंबर को रिटायरमेंट की घोषणा की, जिससे भारत के इस दिग्गज तेज गेंदबाज का 13 साल लंबा करियर थम गया है. शमी टीम इंडिया के लिए 64 टेस्ट मैचों में मैदान पर उतरे, जिसमें उन्होंने 229 विकेट अपने नाम किए.
बता दें कि शमी ने साल 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ ईडन गार्डन्स में अपना टेस्ट डेब्यू किया था. शमी ने जिस दिन डेब्यू किया था, वह तारीख भी 6 नवंबर ही थी और उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा भी 6 नवंबर को ही की. इस तरह शमी ने जिस दिन अपने टेस्ट सफर की शुरुआत की थी, ठीक उसी तारीख को उन्होंने इसे समाप्त भी किया.
डेब्यू टेस्ट में शमी ने झटके थे 9 विकेट
मोहम्मद शमी का टीम इंडिया के लिए टेस्ट डेब्यू शानदार रहा था. वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने डेब्यू मुकाबले में शमी ने दोनों पारियों को मिलाकर 9 विकेट अपने नाम किए. शमी ने पहली पारी में 17 ओवर में 71 रन देकर 4 विकेट हासिल किए थे. वहीं, दूसरी पारी में शमी ने 13.1 ओवर में 47 रन खर्च कर अपना पंजा खोला था. इस तरह शमी ने अपने करियर के पहले मैच में धूम मचा दी थी.
करियर के आखिरी मैच में भी शमी ने लिए 4 विकेट
मोहम्मद शमी पिछले 3 साल से टीम इंडिया के टेस्ट सेटअप से बाहर थे. आखिरी बार शमी ने द ओवर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियंस के फाइनल में मैदान पर उतरे थे. इस फाइनल मुकाबले में भी शमी ने अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया था और दोनों पारियों को मिलाकर 4 विकेट हासिल किए थे. हालांकि, उसके बाद वह चोट के कारण टीम से बाहर हुए और फिर कभी वापसी नहीं कर पाए. इस तरह शमी ने बिना फेयरवेल के टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया.