Last Updated:
पटना के फतुहा में हाईवा ट्रक की टक्कर से डिलीवरी बॉय की मौत हो गई. गुस्से में ग्रामीणों ने ड्राइवर की पिटाई कर दी, पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पटना: राजधानी पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के दरियापुर के समीप बेलगाम हाईवा ट्रक से कुचलकर एक ऑनलाइन कंपनी के डिलीवरी बॉय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर जमकर हंगामा मचाया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवा ट्रक ड्राइवर की जमकर धुनाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दिए जाने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हाईवा ट्रक के ड्राइवर को ग्रामीणों के चंगुल से बाहर निकाल कर उसे इलाज के लिए फतुहा सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद ड्राइवर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज को लेकर पीएमसीएच रेफर कर दिया। मृतक की पहचान फतुहा के नोहटा निवासी राम पुकार सिंह के 18 वर्षीय पुत्र बंटी कुमार उर्फ विकास कुमार के रूप में की गई है, जो निजी कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता था।
बताया जाता है कि बंटी कुमार उर्फ विकास कुमार बाइक पर सवार होकर सामान की डिलीवरी देने फतुहा चौराहा जा रहा था, इसी दौरान दरियापुर के समीप सड़क से गुजर रही एक बेलगाम हाईवा ट्रक में बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार डिलीवरी बॉय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने हाईवा ट्रक और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है। हंगामा की आशंका को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर मौजूद है.