Last Updated:
मध्य प्रदेश में सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म कर दी है. शहर की सफाई व्यवस्था को तेजी से पटरी पर लाने के लिए भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा खुद सड़कों पर उतर आए हैं. उन्होंने महापौर, नगर निगम आयुक्त और सफाई मित्रों के साथ मिलकर प्रसिद्ध 10 नंबर मार्केट सहित कई इलाकों में झाडू लगाई और स्वच्छता का संदेश दिया.
झाड़ू लेकर सड़कों पर उतरे कलेक्टर
मध्य प्रदेश में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म हो गई है. मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ बैठक के बाद कर्मचारियों ने यह फैसला लिया है. बताया जा रहा है कि कर्मचारियों की 10 प्रमुख मांगों में से 8 मान ली गई थीं. अब दीपावली के माहौल में कर्मचारियों के जल्द ही सड़कों पर लौटने की उम्मीद है. इस पूरे घटनाक्रम में सबसे खास और प्रेरणादायक तस्वीर भोपाल की सड़कों पर एक अलग ही नजारा देखने को मिला है, जब हड़ताल खत्म होते ही खुद प्रशासनिक अमला सफाई के मोर्चे पर डट गया.
कलेक्टर ने लगाई झाड़ू
कलेक्टर के साथ महापौर, नगर निगम आयुक्त और सफाई कर्मचारियों ने शहर के फेमस 10 नंबर मार्केट सहित कई प्रमुख इलाकों का मुआयना किया. अधिकारियों ने खुद हाथों में झाड़ू उठाकर कचरा समेटा और सफाई कर्मचारियों का हौसला बढ़ाया. जैसे ही कलेक्टर ने झाड़ू पकड़ी, तो बाकी लोग भी उनके साथ सफाई में जुट गए. अब उनकी खूब तारीफ हो रही है.
क्या बोले कलेक्टर प्रियंक मिश्रा
भोपाल के कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि सफाई कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल वापस ले ली है और जल्द ही स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी. मेरी भोपालवासियों से अपील है कि जब तक कचरा कलेक्शन वाहन आपके द्वार तक नहीं पहुंचता, तब तक कचरा घर में ही रखें और सड़कों पर न फेंकें.
त्योहार की खुशियों में नहीं आएगी खलल
दीपावली की तैयारियों में जुटे भोपाल के व्यापारियों और आम नागरिकों के लिए बीते तीन दिन भारी असमंजस भरे रहे. बाजारों में खरीदारी की भीड़ के बीच कचरे के ढेर से त्योहार की रौनक फीकी पड़ती दिख रही थी. लेकिन 10 में से 8 मांगों पर बनी सहमति और अधिकारियों के जमीनी स्तर पर उतरने से अब भोपाल की सड़कें फिर से चमकने की उम्मीद है. नगर निगम के कचरा वाहन और सफाई कर्मचारी अपने-अपने वार्डों में काम पर लौट चुके हैं, जिससे शहरवासी अब बेफिक्र होकर त्योहार मना सकेंगे.
सफाई कर्मचारियों का कहना था कि उनका वेतन कम होने की वजह से खर्चा नहीं चल पाता है. महंगाई के जमाने में घर चलाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है. इसी वजह से उनका वेतन बढ़ाकर 25000 रुपए महीना किया जाए.