‘तेरा करियर तबाह कर देंगे’, पंजाबी सिंगर कमल ग्रेवाल को मिली धमकी, 5 करोड़ की मांगी रंगदारी

‘तेरा करियर तबाह कर देंगे’, पंजाबी सिंगर कमल ग्रेवाल को मिली धमकी, 5 करोड़ की मांगी रंगदारी


Last Updated:

पंजाबी इंडस्ट्री के मशहूर गायक कमल ग्रेवाल को धमकी मिली है. गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग से जुड़े होने का दावा करने वाले एक शख्स ने सिंगर से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है. आरोपी ने धमकी दी है कि पैसे न देने पर वह कमल ग्रेवाल के सभी स्टेज शो बंद करवा देगा. इस संबंध में लुधियाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि सिंगर की म्यूजिक कंपनी के नंबर पर कई धमकी भरे कॉल्स और मैसेज आए थे.

ख़बरें फटाफट

Zoom

कमल ग्रेवाल ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत. (फोटो: Instagram@kamalgrewal_official)

नई दिल्ली. पंजाब के मशहूर गायक कमल ग्रेवाल को जान से मारने की धमकी मिलने की खबर सामने आ रही है. गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग से जुड़े होने का दावा करने वाले एक शख्स ने उनसे 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है. आरोप है कि कॉल करने वाले ने धमकी दी है कि अगर उन्हें पैसे नहीं दिए गए, तो वह कमल ग्रेवाल के सभी स्टेज शो बंद करवा देगा और उनका म्यूजिक करियर पूरी तरह बर्बाद कर देगा.

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, कमल ग्रेवाल की शिकायत के आधार पर लुधियाना पुलिस ने 2 नवंबर को गिली राणा और गैंग से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है. शिकायत के मुताबिक, सराभा नगर में कमल ग्रेवाल की ‘जेपी फिल्म्स’ नाम से एक म्यूजिक कंपनी है. बीते 20 अक्टूबर को कंपनी के ऑफिशियल मोबाइल नंबर पर कई सारे मिस कॉल्स और वॉयस मैसेज आए थे, जिसके जरिए यह धमकी दी गई थी.

कमल ग्रेवाल से मांगी 5 करोड़ की रंगदारी

उस समय सिंगर पटियाला में दशहरा महोत्सव के एक कार्यक्रम में परफॉर्म कर रहे थे, जिसकी वजह से वह तुरंत उन मैसेजों को नहीं देख सके. अगले दिन जब उन्होंने वॉयस मैसेज सुने, तो कॉल करने वाले ने खुद की पहचान गिली राणा के रूप में दी और गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग से जुड़े होने का दावा किया. आरोप है कि उसने सीधे 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी और ग्रेवाल को फौरन वापस कॉल करने की हिदायत दी.

कमल ग्रेवाल को मिली करियर तबाह करने की धमकी

कॉल करने वाले ने आगे धमकी देते हुए कहा कि अगर उसकी मांग पूरी नहीं हुई, तो वह ग्रेवाल के सभी स्टेज शो बंद करवा देगा और उनका म्यूजिक करियर हमेशा के लिए तबाह कर देगा. उसने चेतावनी दी कि इसके बाद सिंगर न तो कोई स्टेज शो आयोजित कर पाएंगे और न ही अपना गाना जारी रख सकेंगे.

कमल ग्रेवाल ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

इसके बाद उसी मोबाइल नंबर से दो और धमकी भरे वॉयस मैसेज आए, जिसके बाद परेशान होकर कमल ग्रेवाल ने पुलिस में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई. अपनी शिकायत में सिंगर ने यह भी बताया कि 1 नवंबर को जब वह सराभा नगर स्थित अपने दफ्तर में थे, तब उन्हें एक इंटरनेशनल नंबर से दो और धमकी भरी कॉल्स आई थीं. अगली दोपहर मिस कॉल्स पर ध्यान जाने के बाद उन्होंने अपने परिवार और करीबियों से इस गंभीर मुद्दे पर चर्चा की और फिर पुलिस के पास जाने का फैसला किया.



Source link