बोकारो. अगर आप गार्डनिंग के शौकीन हैं और घर की बाउंड्री, गेट, टेरिस या गार्डन को फूलों से सजाना चाहते हैं तो बेल वाले पौधे अच्छा विकल्प हो सकते हैं. इन पौधों की खासियत है कि ये कम जगह में ऊपर की ओर फैलते हैं और फूल आने के बाद घर को बेहद खूबसूरत लुक देते हैं. ऐसे में बोकारो ठाकुर नर्सरी के एक्सपर्ट अभिषेक ने घर में लगाने के लिए 8 खूबसूरत बेल वाले फूलों की जानकारी साझा की है. उनके मुताबिक सही जगह और नियमित देखभाल के साथ इन फूलों की बेल घर की खूबसूरती को काफी बढ़ा सकती है.
मधुमालती
सबसे पहले है मधुमालती. यह बेल अपने छोटे-छोटे लाल और सफेद रंग के फूलों के लिए जानी जाती है. इसकी बेल तेजी से फैलती है और गेट, बाउंड्री या जाली के सहारे इसे आसानी से लगाया जा सकता है. फूल आने के समय इसकी खूबसूरती काफी आकर्षक लगती है. पौधे को समय-समय पर कटिंग करने से बेल को मनचाहा आकार दिया जा सकता है. इससे गेट या बाउंड्री पर घनी हरियाली के साथ फूलों की खूबसूरती भी दिखाई देती है.
बोगनवेलिया
बोगनवेलिया घर की बाउंड्री, गेट और टेरिस के लिए काफी लोकप्रिय है. इसमें गुलाबी, लाल, सफेद और दूसरे रंगों की किस्में मिलती हैं. इसकी बेल फैलकर बड़े हिस्से को कवर कर सकती है और इन फूलों को बहुत ज्यादा पानी देने की जरूरत नहीं होती. इसलिए जिन लोगों के पास रोजाना पौधों की ज्यादा देखभाल का समय नहीं है, उनके लिए भी यह सजावटी पौधे के तौर पर अच्छा विकल्प है.
ब्लीडिंग हार्ट
ब्लीडिंग हार्ट अपने आकर्षक फूलों और घनी हरी पत्तियों के कारण गार्डन में अलग पहचान बनाता है. इसके सफेद फूल देखने में काफी सुंदर होते हैं और बेल पर लटकते हुए नजर आते हैं. गार्डन के शौकीनों की यह पहली पसंद मानी जाती है.
टेकमो फ्लावर
टेकमो फ्लावर पीले रंग के फूलों वाली खूबसूरत बेल है. इसके चमकीले पीले फूल हरे पत्तों के बीच काफी आकर्षक दिखाई देते हैं. इसे गार्डन की जाली, गेट या दीवार के पास लगाया जा सकता है. वहीं, इस पौधे को ऐसी जगह लगाना चाहिए जहां पर्याप्त रोशनी मिले. इसकी बेल को सहारा देने से पौधा ऊपर की ओर अच्छी तरह फैलता है. समय-समय पर सूखी टहनियां हटाने और जरूरत के अनुसार पानी देने से पौधे की ग्रोथ बेहतर होती है.
राखी फूल
राखी फूल को कई लोग कृष्ण कमल के नाम से भी जानते हैं. इसके फूल का आकार सामान्य फूलों से काफी अलग और आकर्षक होता है. बैंगनी रंग के फूल गार्डन में बेहद खूबसूरत दिखाई देते हैं और इसकी बेल को मजबूत जाली या किसी सहारे की जरूरत होती है. घर के गार्डन में इसे ऐसी जगह लगाया जा सकता है जहां इसकी पूरी बेल को फैलने की पर्याप्त जगह मिले.
अपराजिता
अपराजिता नीले रंग के खूबसूरत फूलों के लिए जानी जाती है. इसकी बेल जाली, ग्रिल और दूसरे सहारे पर आसानी से फैल जाती है. नीले फूल और हरी पत्तियां मिलकर इसे बेहद आकर्षक बनाते हैं. अपराजिता को घर के गार्डन में लगाना आसान है, लेकिन बेल को समय-समय पर दिशा देना जरूरी है. ज्यादा फैलने पर हल्की कटिंग करने से पौधे को व्यवस्थित रखा जा सकता है और यह अपने मेडिसिनल गुणों के लिए भी जानी जाती है.
ऑरेंज वाइन
ऑरेंज वाइन अपने नारंगी रंग के लंबे फूलों के कारण काफी आकर्षक दिखाई देती है. इसके फूल बेल पर खिलने के बाद गार्डन में चमकीला रंग जोड़ते हैं. खासकर जब हरी पत्तियों के बीच नारंगी फूल खिलते हैं तो पौधे की खूबसूरती और बढ़ जाती है.
अलामंडा
अलामंडा पीले रंग के बड़े और आकर्षक फूलों के लिए जाना जाता है. इसकी बेल को गेट, बाउंड्री या गार्डन की जाली पर फैलाया जा सकता है. फूल आने के समय पीले फूल पूरे पौधे को बेहद आकर्षक बना देते हैं. इसे अच्छी रोशनी वाली जगह में रखना चाहिए. नियमित पानी और समय-समय पर कटिंग से पौधे की ग्रोथ को बेहतर रखा जा सकता है.