why parati is sung before chhath puja in mithila know tradition


होमताजा खबरधर्म

छठ से पहले मिथिला में गूंजती है पराती,जानें ब्रह्म मुहूर्त में जगाने की परंपरा

Last Updated:

Mithila Chhath Puja Parati Tradition: लोक आस्था के महापर्व छठ से पहले मिथिलांचल में सदियों पुरानी ‘पराती’ गाने की परंपरा है. ब्रह्म मुहूर्त में महिलाएं समूह बनाकर यह मधुर गीत गाती हैं, जिसका उद्देश्य व्रतियों को जगाना और छठी मैया की आराधना के लिए एक अलार्म के रूप में सुबह को भक्तिमय बनाना है.

Top Deals Inside

छठ से पहले मिथिला में गूंजती है पराती,जानें ब्रह्म मुहूर्त में जगाने की परंपराZoom

Mithila Chhath Puja Parati Tradition: लोक आस्था का महापर्व छठ पूरे बिहार में धूमधाम से मनाया जाता है. इस पर्व की ख्याति अब देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई हिस्सों तक पहुंच चुकी है. छठ के दौरान जहां घाटों पर भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिलता है. वहीं मिथिलांचल में सुबह-सुबह गूंजने वाली पराती की मधुर धुन इस पर्व की खूबसूरती को और बढ़ा देती है. सदियों पुरानी यह लोक परंपरा छठ की सुबह को भक्तिमय बनाने के साथ व्रतियों को जगाने का भी काम करती है.

क्या है पराती और क्यों है इसका विशेष महत्व?
मिथिला के प्रसिद्ध कलाकार दीपक झा बताते हैं कि पराती शब्द से ही इसका अर्थ स्पष्ट हो जाता है. प्रातःकाल में गाए जाने वाले गीतों को पराती कहा जाता है. मिथिलांचल में यह परंपरा सदियों से चली आ रही है. पहले के समय में लोग ब्रह्म मुहूर्त में उठकर दिन की शुरुआत करते थे. आज भी गांवों में बड़ी संख्या में बुजुर्ग सूर्योदय से कुछ समय पहले उठ जाते हैं. दिन की शुरुआत सुखद और मंगलमय हो, इसी भावना के साथ पराती गाने की परंपरा विकसित हुई. छठ महापर्व के दौरान इसका महत्व और भी बढ़ जाता है.

छठ की सुबह सखी-सहेलियों के साथ गाई जाती है पराती
छठ के दिन जब व्रती महिलाएं सुबह घाट की ओर जाने की तैयारी करती हैं. तब मिथिलांचल में पराती गाने की परंपरा देखने को मिलती है. महिलाएं समूह बनाकर अपनी सखी-सहेलियों के साथ मधुर स्वर में पराती गाती हैं. घाट की ओर निकलने से पहले आसपास की व्रती महिलाओं को जगाने के लिए भी पराती गाई जाती है. यदि कोई महिला देर तक सो रही होती है या उसकी तैयारी बाकी होती है, तो पराती की आवाज सुनकर वह उठ जाती है और छठ की पूजा के लिए तैयार होने लगती है.

सिर्फ गीत नहीं, पूरे गांव को जगाने वाली पुकार है पराती
मिथिलांचल के पर्व-त्योहारों में हर भाव और हर परिस्थिति को संगीत के माध्यम से व्यक्त करने की परंपरा रही है.  पराती भी इसी सांस्कृतिक विरासत का सुंदर उदाहरण है. यह केवल एक गीत नहीं, बल्कि एक अलार्म और पुकार है, जो पूरे गांव को जगाकर छठी मैया की आराधना के समय का संदेश देती है. पराती की मधुर धुन के साथ छठ की सुबह और भी पवित्र, मंगलमय और भक्तिमय हो जाती है. मिथिला की यह परंपरा आज भी लोक संस्कृति, सामूहिकता और आस्था को एक सूत्र में बांधने का काम कर रही है.



Source link