Last Updated:
Anant Singh News: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को वाराणसी पुलिस ने शहर में प्रवेश करने से रोक दिया गया. वे बिना शहर में घुसे ही भदोही के रास्ते प्रयागराज निकल गए. अनंत सिंह अपने पुराने दोस्त पप्पू सलमान के बेटे की शादी के वलीमा में शामिल होने पटना से प्रयागराज जा रहे हैं. हाल ही में जेडीयू से निष्कासित होने और सुप्रीम कोर्ट द्वारा 4 दिसंबर तक सरेंडर करने के आदेश के बीच उनकी इस यात्रा को बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है.
वाराणसी में अनंत सिंह का काफिला.
Anant Singh in Varanasi: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह बिहार एमएलसी चुनाव के बाद काफी चर्चा में हैं. बागी होने की वजह से पार्टी नें उनको 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है. सुप्रीम कोर्ट ने एक केस में 4 दिसंबर तक सरेंडर करने का आदेश दिया है. उनका सरकारी बंगला छिन गया है अब विधायकी भी खतरे में है. इसी उन्होंने शक्ति प्रदर्शन करते हुए पटना से प्रयागराज के लिए अपना सड़क मार्ग के काफिला निकाला. जब उनकी काफिला बनारस से गुजर रही थी, तब वे बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के बाहर पं. मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा का माल्यार्पण करने वाले थे. हालांकि, पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी, जिसकी वजह से वे शहर के बाहर-बाहर भदोही के रास्ते प्रयागराज के लिए निकल गए.
किसके बुलावे पर विधायक अनंत सिंह प्रयागराज जा रहे हैं. तो बता दूं कि वे अपने पुराने मित्र पप्पू सलमान के बेटे के वलीमा (रिसेप्शन) समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे हैं. पप्पू सलमान और अनंत सिंह की यह दोस्ती तीन दशक पुरानी है, जो मुख्य रूप से घोड़ों को पालने और उनकी रेस के साझा शौक के कारण गहरी हुई थी. हालांकि अनंत सिंह की योजना शाम 5 बजे तक प्रयागराज पहुंचने की थी, लेकिन रास्ते में जगह-जगह समर्थकों द्वारा उनके भव्य स्वागत और अभिनंदन किए जाने के कारण उनका काफिला काफी देरी से चल रहा है, जिसके चलते अब उनके देर रात तक कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना है.
रास्तेभर हुआ जोरदार स्वागत और शक्ति प्रदर्शन
पटना से प्रयागराज तक की यह सड़क यात्रा किसी तूफानी रोड शो से कम नजर नहीं आ रही है. रास्ते में बिहटा, आरा, बक्सर, मोहनिया और चंदौली समेत कई प्रमुख स्थानों पर उनके समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया. आरा में समर्थकों ने जेसीबी के जरिए उनके काफिले पर फूलों की भारी वर्षा की और ‘छोटे सरकार जिंदाबाद’ के नारे लगाए, वहीं बक्सर में उन्हें चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया गया. इस यात्रा को राजनीतिक गलियारों में अनंत सिंह के एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है, जो हालिया राजनीतिक उठापटक के बीच काफी चर्चा का विषय बना हुआ है.
जेडीयू से निष्कासन और विधानसभा का नोटिस
गौरतलब है कि हाल ही में जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अनुशासनहीनता और अन्य कारणों का हवाला देते हुए अनंत सिंह और उनकी पत्नी पूर्व विधायक नीलम देवी को पार्टी से छह साल के लिए बाहर का रास्ता दिखा दिया है. पार्टी की ओर से उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की मांग भी की गई है, जिस पर विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें सात दिन के भीतर अपना पक्ष रखने का नोटिस भेजा है. हालांकि, अनंत सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि वे इस नोटिस का जवाब अपनी बेटी की शादी का अनुष्ठान पूरा होने के बाद ही देंगे.
सुप्रीम कोर्ट से झटका, 4 दिसंबर तक सरेंडर का आदेश
राजनीतिक संकट के साथ-साथ अनंत सिंह पर कानूनी शिकंजा भी कसता जा रहा है. देश की सर्वोच्च अदालत यानी सुप्रीम कोर्ट ने दुलारचंद यादव मर्डर केस में उन्हें हाईकोर्ट से मिली जमानत को रद्द करते हुए आगामी 4 दिसंबर तक हर हाल में अदालत में सरेंडर करने और जेल जाने का कड़ा आदेश दिया है. हालांकि, अदालत ने उनकी बेटी की 25 नवंबर को होने वाली शादी के मद्देनजर उन्हें राहत देते हुए एक महीने की मोहलत प्रदान की है. इन तमाम कानूनी और राजनीतिक झटकों के बीच वे फिलहाल अपने पारिवारिक व सामाजिक आयोजनों में व्यस्त हैं.
बिना माल्यार्पण किए प्रयागराज के लिए रवाना हुए विधायक
वाराणसी में पुलिस द्वारा रोके जाने और बीएचयू में मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण की अनुमति न मिलने के बाद अनंत सिंह ने किसी प्रकार का टकराव टालते हुए सीधे आगे बढ़ने का निर्णय लिया. लंका चौराहे के आसपास उनके समर्थक उनका इंतजार करते रह गए, लेकिन प्रशासनिक पाबंदियों के कारण कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा. अब उनका काफिला तमाम बाधाओं को पीछे छोड़ते हुए सीधे प्रयागराज की ओर बढ़ रहा है, जहां वे अपने दोस्त के कार्यक्रम में शिरकत करने के साथ-साथ कई अन्य राजनीतिक मुलाकातों को भी पूरा करेंगे.