MBBS Admission, NEET UG 2026: आखिरी राउंड में भी नहीं भरीं MBBS की सभी सीटें, 409 खाली, देखें कटऑफ

MBBS Admission, NEET UG 2026: आखिरी राउंड में भी नहीं भरीं MBBS की सभी सीटें, 409 खाली, देखें कटऑफ


NEET UG Counselling 2026: नीट यूजी 2026 काउंसलिंग के स्पेशल स्ट्रे राउंड के नतीजों ने मेडिकल एडमिशन की तस्वीर को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने एमबीबीएस की खाली सीटों को भरने के लिए स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड और बीडीएस व बीएससी नर्सिंग के पांचवें राउंड की प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट लिस्ट जारी कर दी है. इस राउंड में एक तरफ 11,91,652 रैंक तक के उम्मीदवार को एमबीबीएस की सीट मिल गई, वहीं दूसरी तरफ 409 सीटें खाली रह गईं. स्पेशल स्ट्रे राउंड के लिए कुल 946 खाली सीटें बताई गई थीं जिनमें से एमबीबीएस की 537 सीटें ही अलॉट हो सकीं यानी सीटें भरने के लिए आखिरी दौर की काउंसलिंग होने के बाद भी बड़ी संख्या में एमबीबीएस सीटें खाली रह गईं. इस राउंड में शामिल उम्मीदवार अपना प्रोविजनल रिजल्ट MCC की आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in पर चेक कर सकते हैं.

11.91 लाख रैंक तक पहुंचा MBBS एडमिशन

नीट यूजी 2026 के स्पेशल स्ट्रे राउंड में सबसे ज्यादा चर्चा उस उम्मीदवार की रैंक को लेकर है जिसे 11,91,652 रैंक पर भी एमबीबीएस की सीट अलॉट हुई है. इससे पता चलता है कि काउंसलिंग के अंतिम दौर में काफी पीछे की रैंक वाले उम्मीदवारों को भी मेडिकल कॉलेज में दाखिले का मौका मिला हालांकि इसके बावजूद सभी खाली सीटें नहीं भर सकीं. इस राउंड के लिए 946 खाली सीटें बताई गई थीं लेकिन एमबीबीएस के लिए कुल 537 सीटों का ही अलॉटमेंट हुआ. इस तरह 409 सीटें खाली रह गईं. सीटें खाली रहने के पीछे कॉलेज, कोर्स और फीस से जुड़ी स्थितियां अलग-अलग हो सकती हैं. खासकर डीम्ड यूनिवर्सिटी के सेल्फ फाइनेंस्ड कॉलेजों की सीटों के लिए उम्मीदवारों को फीस और अन्य खर्चों पर भी विचार करना पड़ता है.

स्पेशल स्ट्रे राउंड में कटऑफ का ट्रेंड क्यों चर्चा में है?

आमतौर पर नीट यूजी काउंसलिंग के शुरुआती राउंड से लेकर अंतिम राउंड तक सीटें खाली होने पर कटऑफ रैंक आगे बढ़ती जाती है. यानी पहले की तुलना में अधिक रैंक वाले उम्मीदवारों को भी दाखिले का मौका मिल सकता है लेकिन इस बार स्पेशल स्ट्रे राउंड में कटऑफ के ट्रेंड को लेकर अलग तस्वीर सामने आई है.इस राउंड में कटऑफ नीचे जाने के बजाय हायर साइड पर चली गई यानी अलग-अलग कैटेगरी और कॉलेजों में सीट अलॉटमेंट की रैंक में बड़ा अंतर देखने को मिला. सरकारी मेडिकल कॉलेजों और डीम्ड यूनिवर्सिटी के सेल्फ फाइनेंस्ड कॉलेजों की कटऑफ में भी काफी अंतर रहा. इसलिए उम्मीदवारों के लिए सिर्फ एक कटऑफ रैंक देखने के बजाय कॉलेज और कैटेगरी के हिसाब से सीट अलॉटमेंट समझना जरूरी है.

सरकारी मेडिकल कॉलेजों में MBBS की कैटेगरी वाइज कटऑफ

MCC के स्पेशल स्ट्रे राउंड में सरकारी मेडिकल संस्थानों की एमबीबीएस सीटों पर ओपन या जनरल कैटेगरी के उम्मीदवार को गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, महेश्वरम में 27,277 रैंक पर सीट अलॉट हुई. दिल्ली यूनिवर्सिटी कोटे के तहत यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज (UCMS), दिल्ली में 28,538 रैंक पर एमबीबीएस सीट मिली.ईडब्ल्यूएस कैटेगरी में ऑटोनॉमस स्टेट मेडिकल कॉलेज, कुशीनगर में 21,556 रैंक पर सीट का अलॉटमेंट हुआ. ओबीसी कैटेगरी के उम्मीदवार को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट, पुडुचेरी में 27,381 रैंक पर सीट मिली. इसके अलावा एम्स मदुरै में ओबीसी कैटेगरी के तहत 25,493 रैंक पर अलॉटमेंट दर्ज किया गया.एससी कैटेगरी में शिलांग मेडिकल कॉलेज, शिलांग में 1,27,686 रैंक पर एमबीबीएस सीट मिली वहीं इसी कैटेगरी के उम्मीदवार को एम्स ऋषिकेश में 46,265 रैंक पर सीट अलॉट हुई. एसटी कैटेगरी में वीर सुरेंद्र साई इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च, बुर्ला में 1,44,219 रैंक पर सीट का अलॉटमेंट हुआ.

डीम्ड यूनिवर्सिटी के मेडिकल कॉलेजों में कितनी रैंक तक मिली MBBS सीट?

सरकारी मेडिकल कॉलेजों के अलावा डीम्ड यूनिवर्सिटी के सेल्फ फाइनेंस्ड एमबीबीएस कॉलेजों में भी स्पेशल स्ट्रे राउंड के दौरान सीटें अलॉट की गईं. गीतम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, विशाखापत्तनम में 85,335 से 87,233 रैंक के बीच उम्मीदवारों को सीट मिली. सवीथा मेडिकल कॉलेज, कांचीपुरम में 1,29,143 रैंक पर और अमृता स्कूल ऑफ मेडिसिन, कोच्चि में 1,59,363 रैंक पर सीट अलॉट हुई.चेत्तिनाड इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च, कोलार में 1,68,770 रैंक पर एमबीबीएस सीट मिली. महर्षि मारकंडेश्वर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, अंबाला में 1,89,189 रैंक पर अलॉटमेंट हुआ. श्री सिद्धार्थ मेडिकल कॉलेज, तुमकुर में 2,32,399 रैंक और कृष्णा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, कराड में 2,34,655 रैंक पर उम्मीदवारों को सीट मिली.

संतोष मेडिकल कॉलेज, गाजियाबाद में 2,54,722 रैंक पर एमबीबीएस सीट अलॉट हुई. भारती विद्यापीठ डीम्ड यूनिवर्सिटी मेडिकल कॉलेज, सांगली में 2,72,118 रैंक पर उम्मीदवार को सीट मिली. वहीं, डॉ. डी. वाई. पाटिल मेडिकल कॉलेज, पिंपरी, पुणे में 3,86,170 रैंक पर अलॉटमेंट दर्ज किया गया.एसआरएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, कांचीपुरम में 4,70,707 रैंक पर एमबीबीएस सीट मिली.

येनेपोया मेडिकल कॉलेज मंगलोर में 4,96,098 रैंक और ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, देहरादून में 4,98,022 रैंक पर अलॉटमेंट हुआ.एसबीकेएस मेडिकल इंस्टीट्यूट एंड रिसर्च सेंटर, वडोदरा में 5,97,879 रैंक पर उम्मीदवार को सीट मिली. जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, वर्धा में 6,51,720 रैंक और दत्ता मेघे मेडिकल कॉलेज, नागपुर में 6,67,807 रैंक पर एमबीबीएस सीट अलॉट हुई.इसके अलावा तमिलनाडु और पुडुचेरी के कुछ अन्य डीम्ड संस्थानों में भी काफी पीछे की रैंक तक एमबीबीएस सीटों का अलॉटमेंट हुआ. इनमें मीनाक्षी मेडिकल कॉलेज कांचीपुरम, एसीएस मेडिकल कॉलेज चेन्नई, भारत मेडिकल कॉलेज चेन्नई और श्री बालाजी मेडिकल कॉलेज चेन्नई शामिल हैं. इन कॉलेजों में सीट अलॉटमेंट 11,00,000 से लेकर 11,91,652 रैंक तक दर्ज किया गया.

NEET UG 2026 BDS कटऑफ: इन रैंक पर मिली डेंटल कॉलेजों में सीट

एमबीबीएस के साथ ही स्पेशल स्ट्रे काउंसलिंग प्रक्रिया में बीडीएस यानी बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी की सीटों का अलॉटमेंट भी हुआ. ओबीसी कैटेगरी में मौलाना आजाद इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज नई दिल्ली में 28,718 रैंक पर सीट मिली. ओपन या जनरल कैटेगरी में फैकल्टी ऑफ डेंटिस्ट्री, जामिया मिलिया इस्लामिया नई दिल्ली में 28,730 रैंक पर उम्मीदवार को सीट अलॉट हुई. ईडब्ल्यूएस कैटेगरी में आरयूएचएस कॉलेज ऑफ डेंटल साइंस जयपुर में 31,538 रैंक पर बीडीएस सीट मिली. इसी कॉलेज में एससी कैटेगरी के उम्मीदवार को 1,28,708 रैंक पर सीट अलॉट हुई. वहीं, एसटी कैटेगरी में मौलाना आजाद इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज नई दिल्ली में 1,61,568 रैंक पर अलॉटमेंट दर्ज किया गया.इन आंकड़ों से उम्मीदवारों को यह समझने में मदद मिल सकती है कि स्पेशल स्ट्रे राउंड में एमबीबीएस और बीडीएस की सीटों पर अलग-अलग कैटेगरी के लिए किस रैंक तक अलॉटमेंट हुआ.

MCC की वेबसाइट पर ऐसे चेक करें अपना सीट अलॉटमेंट रिजल्ट

नीट यूजी 2026 के स्पेशल स्ट्रे राउंड में शामिल उम्मीदवार MCC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट लिस्ट देख सकते हैं. इसके लिए वेबसाइट mcc.nic.in पर जाएं और NEET UG काउंसलिंग से जुड़े सेक्शन में स्पेशल स्ट्रे राउंड की प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट लिस्ट खोलें. सूची में अपना रोल नंबर या अन्य जरूरी जानकारी खोजकर अलॉटमेंट की स्थिति देख सकते हैं.



Source link