नैनीताल की शान बढ़ाएगा 108 फीट ऊंचा तिरंगा, 3 पार्कों को संवारने की तैयारी, पर्यटन सीजन से पहले होंगे काम

नैनीताल की शान बढ़ाएगा 108 फीट ऊंचा तिरंगा, 3 पार्कों को संवारने की तैयारी, पर्यटन सीजन से पहले होंगे काम


नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल की खूबसूरती में जल्द ही एक नया आकर्षण जुड़ सकता है. नैनीताल घूमने आने वाले पर्यटकों को अब नैनीझील और पहाड़ों के खूबसूरत नजारों के साथ शहर के विकसित पार्कों में भी समय बिताने का मौका मिलेगा. इसके लिए नैनीताल नगर पालिका ने शहर के प्रमुख पार्कों के सौंदर्यीकरण की तैयारी तेज कर दी है. खास बात यह है कि शहर के एक पार्क में 108 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज लगाने की भी योजना है. यदि यह योजना धरातल पर उतरती है, तो आसमान में लहराता तिरंगा स्थानीय लोगों के साथ ही देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का नया केंद्र बन सकता है.

दरअसल, नैनीताल देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है. यहां हर साल बड़ी संख्या में देशी और विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं. पर्यटक नैनीझील में नौकायन करने के साथ ही माल रोड, स्नो व्यू, नैना पीक और शहर के अन्य पर्यटन स्थलों का दीदार करते हैं. ऐसे में नगर पालिका अब शहर की खूबसूरती को और बेहतर बनाने के लिए सार्वजनिक पार्कों को विकसित करने की दिशा में काम कर रही है. इसका उद्देश्य पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही स्थानीय लोगों के लिए भी अच्छे सार्वजनिक स्थल तैयार करना है.

50 से 55 लाख रुपये की लागत से रजत जयंती पार्क

नैनीताल नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार और मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद बोट हाउस क्लब के समीप रजत जयंती पार्क का निर्माण कराया गया है. यह पार्क लगभग बनकर तैयार हो चुका है. इसके निर्माण पर करीब 50 से 55 लाख रुपये खर्च किए गए हैं. अब इसके उद्घाटन की तैयारी की जा रही है. पार्क के तैयार होने से शहर में पर्यटकों और स्थानीय लोगों को एक नया सार्वजनिक स्थल मिलेगा, यहां लोग कुछ समय सुकून से बिता सकेंगे.

चिल्ड्रन पार्क का भी होगा सौंदर्यीकरण

नगर पालिका की ओर से रजत जयंती पार्क के साथ ही शहर के अन्य पार्कों को भी बेहतर बनाने की योजना तैयार की जा रही है. ईओ रोहिताश शर्मा के मुताबिक, रजत जयंती पार्क के समीप स्थित चिल्ड्रन पार्क के सौंदर्यीकरण की तैयारी चल रही है. नगर पालिका का प्रयास है कि आगामी पर्यटन सीजन से पहले चिल्ड्रन पार्क को भी विकसित कर लिया जाए, ताकि नैनीताल आने वाले पर्यटकों और स्थानीय बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें. इसके अलावा भगवान ऋषि वाल्मीकि पार्क के सौंदर्यीकरण की भी तैयारी की जा रही है. इन पार्कों के विकसित होने से शहर के सार्वजनिक स्थलों की स्थिति बेहतर होगी और पर्यटकों को घूमने-फिरने के लिए नए विकल्प मिल सकेंगे.

108 फीट ऊंचे तिरंगे से बढ़ेगी नैनीताल की शान

इस पूरी योजना का सबसे खास आकर्षण 108 फीट ऊंचा तिरंगा झंडा है. नगर पालिका की ओर से शहर के एक पार्क में विशाल राष्ट्रीय ध्वज स्थापित करने की कवायद की जा रही है. हालांकि, इस तरह का प्रस्ताव पहले भी सामने आया था, लेकिन अब इसे पार्कों के विकास की योजना के साथ आगे बढ़ाने की तैयारी है. ईओ रोहिताश शर्मा ने बताया कि लगभग 108 फीट ऊंचा तिरंगा लगाने का प्रस्ताव है. उन्होंने कहा कि तिरंगा देश का राष्ट्रीय प्रतीक है और नैनीताल में दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से पर्यटक पहुंचते हैं. ऐसे में शहर में इतना ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज स्थापित होने से पर्यटक काफी आकर्षित होंगे. यह स्थल देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बनने के साथ ही शहर के पर्यटन आकर्षण को भी बढ़ा सकता है.

पर्यटन सीजन से पहले सुविधाएं बेहतर करने की तैयारी

नैनीताल में पर्यटन सीजन के दौरान पर्यटकों की संख्या बढ़ जाती है. ऐसे में शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों के साथ सार्वजनिक पार्कों का बेहतर रखरखाव और सौंदर्यीकरण भी जरूरी हो जाता है. नगर पालिका की योजना है कि पार्कों को व्यवस्थित और आकर्षक बनाया जाए, जिससे पर्यटकों को घूमने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिल सकें. रजत जयंती पार्क लगभग तैयार है, जबकि चिल्ड्रन पार्क और भगवान ऋषि वाल्मीकि पार्क के सौंदर्यीकरण की तैयारी की जा रही है. वहीं 108 फीट ऊंचे तिरंगे की योजना भी इस विकास कार्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है.



Source link