सिगरेट पीने से लिप्स काले क्यों होते हैं? नेचुरल कलर रिस्टोर करने का तरीका
Last Updated:
Tips To Restore Lips Natural Color: सिगरेट का धुंआ सिर्फ फेफड़ों को ही डैमेज नहीं करता है, इसका असर त्वचा पर भी होता है. इसलिए आपने देखा होगा कि सिगरेट पीने वाले लोगों के होंठ डार्क होते हैं. इसके पीछे का कारण और लिप्स के नेचुरल कलर को रिस्टोर करने का तरीका क्या है, चलिए इस लेख में स्किन एक्सपर्ट से जानते हैं.
स्मोकिंग हर तरीके से सेहत के लिए हानिकारक है. इससे कैंसर से लेकर स्किन पिगमेंटेशन होने तक का खतरा रहता है. यही कारण है कि सिगरेट पीने वाले लोगों के लिप्स डार्क हो जाते हैं. नई दिल्ली स्थित एलेंटिस हेल्थकेयर की डर्मेटोलॉजिस्ट और एस्थेटिक फिजिशियन, MBBS और MD डॉक्टर चांदनी जैन गुप्ता बताती हैं कि धूम्रपान के कारण होंठ काले पड़ने का मुख्य कारण मेलेनिन का अधिक उत्पादन होना है.मेलेनिन वो पिगमेंट है जो त्वचा, बालों और होठों को रंग देता है.
ऐसे में जब आप ज्यादा सिगरेट पीते हैं, तो इसमें मौजूद हानिकारक पदार्थ से स्किन में मेलेनिन ज्यादा बनने लगता है. इसे मेडिकल भाषा में स्मोकर्स मेलानोसिस भी कहा जाता है. इसके कारण होठों पर, और कभी-कभी मुंह के अंदर भी, गहरे भूरे या स्लेटी रंग के धब्बे दिखाई देने लगते हैं. होठों का रंग बदलने में एक मुख्य कारक सिगरेट के जलने से निकलने वाला पदार्थ निकोटीन है. ऐसे में जब लिप्स के नाजुक टिशूज इसके संपर्क में आते हैं, तो इसका रंग डार्क होने लगता है. इतना ही नहीं सिगरेट पीने से होने वाली गर्मी होठों में जलन और रूखापन भी पैदा करती है.
एक्सपर्ट बताती हैं कि लंबे समय तक धूम्रपान करने से शरीर में हानिकारक कार्बन मोनोऑक्साइड पहुंचती है, जो ब्लड की ऑक्सीजन ले जाने की क्षमता को कम कर देती है और टिशूस की स्थिति पर बुरा असर डालती है. साथ ही, धूम्रपान कोलेजन और इलास्टिन जैसे प्रोटीनों को भी नुकसान पहुंचाता है, जो त्वचा की बनावट और लचीलेपन के लिए बहुत जरूरी होते हैं. इसी वजह से, धूम्रपान करने वालों के होंठ अक्सर रूखे, झुर्रीदार और समय से पहले बूढ़े दिखने लगते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
होठों का प्राकृतिक रंग वापस पाने का सबसे असरदार तरीका धूम्रपान छोड़ना है. इसके अलावा ऐसा कोई भी मेडिकेटेड लिप बाम, घरेलू नुस्खा या ब्यूटी ट्रीटमेंट नहीं है जो होठों पर धूम्रपान के बुरे असर को पूरी तरह खत्म कर सके. धूम्रपान छोड़ने से होठों की जलन और पिगमेंट का उत्पादन कम होगा, जिससे होठों की स्थिति में सुधार आएगा. हालांकि, रंग वापस आने में कितना समय लगेगा ये अलग-अलग लोगों के लिए अलग हो सकता है, और इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि होठों का मूल रंग पूरी तरह से वापस आ ही जाएगा.
होठों की देखभाल के लिए उन्हें मॉइस्चराइज करना सबसे जरूरी है. इसके लिए ऐसे लिप बाम चुनें जिसमें पेट्रोलेटम, शिया बटर या सेरामाइड्स जैसे तत्व हों. ये तत्व आपके होंठों को मॉइस्चराइज रखते हैं, स्किन बैरियर को प्रोटेक्ट करते हैं और होंठों को मुलायम और स्वस्थ बनाए रखते हैं.
नियमित मॉइस्चराइजिंग, धूप से बचाव, संतुलित डाइट और सही देखभाल की मदद से आप धीरे-धीरे अपने होंठों के रंग और टेक्सचर को बेहतर बना सकते हैं. अपनी डाइट में विटामिन C, विटामिन E और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर चीजें शामिल करें और दिन भर में पर्याप्त पानी पिएं. अगर धूम्रपान छोड़ने और सही स्किनकेयर अपनाने के बाद भी पिगमेंटेशन ठीक नहीं होता है, तो किसी डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेना जरूरी है.