Bhopal: सफाईकर्मियों की हड़ताल पर CM मोहन यादव बोले, उनके हित में हो रहा है विचार, हड़ताल खत्म करने की अपील

Bhopal: सफाईकर्मियों की हड़ताल पर CM मोहन यादव बोले, उनके हित में हो रहा है विचार, हड़ताल खत्म करने की अपील


Last Updated:

Bhopal: मध्य प्रदेश में सफाई कर्मचारियों की 3 दिन की हड़ताल से दीपावली से पहले सफाई व्यवस्था चरमरा गई है. अब तक करीब 2100 टन कचरा जमा हो चुका है और 400 से ज्यादा कचरा गाड़ियां खड़ी हैं. अधिकारियों के साथ बातचीत बेनतीजा रहने के बाद कर्मचारी मुख्यमंत्री से सीधे चर्चा की मांग पर अड़े हैं. वहीं, जलापूर्ति कर्मचारियों ने भी काम बंद करने की चेतावनी दे डाली है.

Zoom

MP sanitation workers protest

शिवकांत आचार्य(भोपाल), 

Bhopal Safai Karmachari Strike 3rd Day: मध्य प्रदेश में दीपावली से पहले सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है. प्रदेशभर के सफाई कर्मचारी बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं. शुक्रवार को हड़ताल का तीसरा दिन है. राजधानी भोपाल के बाजारों, सड़कों और गली-मोहल्लों में जगह-जगह कचरों के ढेर लगे हुए हैं. त्योहार के समय शहर की बिगड़ती सफाई व्यवस्था ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है.

सफाई कर्मचारियों की क्या हैं मांगें?
वहीं, हड़ताल कर रहे सफाई कर्मचारियों की सबसे बड़ी मांग है कि उनका मासिक वेतन बढ़ाकर 25 हजार रुपये किया जाए. इसके अलावा कर्मचारी नियमितीकरण, ठेका प्रथा खत्म करने और किसी कर्मचारी की मृत्यु होने पर परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग कर रहे हैं. कर्मचारियों का कहना है कि कम वेतन में परिवार का खर्च चलाना और दीपावली का त्योहार मनाना मुश्किल हो रहा है.

भोपाल में 2100 टन कचरा जमा
भोपाल नगर निगम में करीब 14 हजार सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं. हड़ताल के कारण घर-घर कचरा उठाने वाली 400 से ज्यादा गाड़ियां खड़ी हैं. राजधानी में अब तक करीब 2100 टन कचरा जमा होने की जानकारी सामने आई है. न्यू मार्केट जैसे प्रमुख बाजारों में भी गंदगी फैल गई है. वहीं, विदिशा में दुकानदार खुद सफाई करने को मजबूर हैं. कुछ जगहों पर कचरा जलाने से धुआं फैलने की समस्या भी सामने आई है.

अधिकारियों के साथ बैठक बेनतीजा
इसके अलावा बुधवार शाम मंत्रालय में अधिकारियों और कर्मचारी नेताओं के बीच बैठक हुई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन पाई. अधिकारियों ने बताया कि नियमितीकरण का फैसला कैबिनेट लेवल पर होगा और इससे जुड़ी फाइल वित्त और सामान्य प्रशासन विभाग को भेजी जाएगी. हालांकि, कर्मचारी नेताओं ने इस आश्वासन को स्वीकार नहीं किया. उनकी मांग है कि मुख्यमंत्री सीधे उनसे बातचीत करें.

पानी की सप्लाई पर भी पड़ सकता है असर
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को दूसरे नगरीय निकाय कर्मचारी संगठनों का भी समर्थन मिल रहा है. जलापूर्ति से जुड़े कर्मचारियों ने भी काम बंद करने की चेतावनी दी है. अगर ऐसा होता है तो प्रदेश के शहरों में सफाई के साथ-साथ पानी का संकट भी गहरा सकता है.

सरकार ने दिया समाधान का भरोसा
भोपाल नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने कर्मचारियों से हड़ताल खत्म करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर रही है. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी कर्मचारियों के हित में विचार करने की बात कही है. फिलहाल, कर्मचारियों की हड़ताल जारी है. अब देखना होगा कि दीपावली से पहले सरकार और कर्मचारियों के बीच सहमति बनती है या नहीं.



Source link