भारतीय मूल के ज्योत सिंह ने अमेरिका में रचा इतिहास, जॉर्जिया हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में पहुंचने वाले पहले सिख बने

भारतीय मूल के ज्योत सिंह ने अमेरिका में रचा इतिहास, जॉर्जिया हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में पहुंचने वाले पहले सिख बने


होमदुनियाअमेरिका

भारतीय-अमेर‍िकी ज्योत सिंह ने रचा इतिहास, जॉर्जिया हाउस में पहुंचे पहले स‍िख

Last Updated:

भारतीय मूल के ज्योत सिंह ने अमेरिका में इत‍िहास रच द‍िया है. वे जॉर्जिया हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में चुने जाने वाले पहले सिख और भारतीय-अमेरिकी बन गए हैं. 3 नवंबर के चुनाव में जॉर्जिया हाउस डिस्ट्रिक्ट 97 से जीत दर्ज की.

Zoom

भारतीय मूल के ज्योत सिंह ने अमेरिका में रचा इतिहास, जॉर्जिया हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में पहुंचने वाले पहले सिख बने.

अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में भारतीय मूल के सिख ने इतिहास रच दिया है. भारतीय अमेरिकी ज्योत सिंह पहले सिख बन गए हैं, जो जॉर्जिया हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में चुने गए हैं. डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार और येल यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र ज्योत सिंह ने रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार को करारी शिकस्त देते हुए 3 नवंबर के चुनाव में जॉर्जिया हाउस डिस्ट्रिक्ट 97 से जीत दर्ज कर ली. सबसे खास बात है कि वे राज्य की जनरल असेंबली में पहुंचने वाले पहले सिख और भारतीय-अमेरिकी भी हैं.

टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक ज्योत सिंह को 13,820 वोट मिले हैं जो कुल वोटों का 68 प्रतिशत है. जबकि उनके रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी यासीन मोगाजी को 6,502 वोट यानी 32 प्रतिशत वोट ही हासिल हुए. जीत के बाद सिंह ने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा, “हमने यहां हाउस डिस्ट्रिक्ट 97 में अपने समुदाय के लिए इतिहास रच दिया है.”

इस मुद्दे पर जीते चुनाव

ज्योत सिंह ने चुनाव से पहले अपने विजन स्टेटमेंट में ग्विनेट काउंटी की उस विविधता का जिक्र किया, जहां वे पले-बढ़े हैं. उन्होंने स्वास्थ्य सेवा और आवास की चुनौतियों पर जोर देते हुए लिखा, “नॉरक्रॉस, जॉर्जिया में बड़े होते हुए मैंने सीखा कि हमारी विविधता सिर्फ एक आंकड़ा नहीं है, यह हमारी ताकत है. यह ग्विनेट का जटिल और रंगीन ताना-बाना है, जहां हर धागा मायने रखता है. लेकिन मैं यह भी जानता हूं कि किसी भी ताने-बाने को मजबूत रखने के लिए हर धागा सुरक्षित होना चाहिए. मैंने उन खामियों को देखा है जहां परिवार फिसल जाते हैं. जहां स्वास्थ्य सेवा विलासिता बन जाती है और आवास की लागत उन जड़ों को खतरे में डाल देती है, जिन्हें लोग मेहनत से जमाने की कोशिश करते हैं.”

उन्होंने कहा कि उनका मिशन उस सर्वश्रेष्ठ की रक्षा करना है जो उन्होंने बनाया है, साथ ही यह सुनिश्चित करना है कि हर किसी को फलने-फूलने का मौका मिले.

मई में भी जैक्स लॉरेंट को दी थी पटकनी

इससे पहले मई में डेमोक्रेटिक प्राइमरी में ज्योत सिंह ने जैक्स लॉरेंट को हराया था. उन्होंने ग्विनेट स्कूल ऑफ मैथमेटिक्स, साइंस एंड टेक्नोलॉजी से हाई स्कूल की पढ़ाई पूरी की और येल यूनिवर्सिटी से स्नातक की डिग्री हासिल की. पेशे से वे एक कंसल्टेंट और छोटे से कारोबार के मालिक हैं.

ज्योत सिंह की यह जीत सिख समुदाय और भारतीय-अमेरिकी प्रतिनिधित्व के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है. ग्विनेट काउंटी जैसे विविधता भरे इलाके में स्थानीय मुद्दों पर फोकस करते हुए उन्होंने मतदाताओं का भरोसा जीता. उनकी सफलता युवा और प्रवासी समुदायों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है.



Source link