Last Updated:
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में हुई इस घटना ने हर किसी को झकझोर दिया है. आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले 13 वर्षीय अथर्व की स्कूल के भीतर अचानक गिरने के बाद मौत हो गई. वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था.
हार्ट अटैक से बच्चे की गई जान
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के लखनऊ से एक दुखद खबर सामने आई है. रोज की तरह 13 साल का अथर्व पिता के साथ स्कूल पहुंचा. थोड़ी देर बाद ही स्कूल से फोन आया कि अचानक से अथर्व जमीन पर गिर पड़ा है. हड़बड़ाए पिता स्कूल पहुंचे और बेटे को लेकर अस्पताल गए. वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों ने शुरुआती तौर पर मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट होने की आशंका जताई है.
राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में हुई इस घटना से हर कोई हैरान है. घटना बुधवार सुबह की है. जानकीपुरम निवासी कपड़ा कारोबारी प्रेम सिंह अपने 13 वर्षीय बेटे अथर्व को रोज की तरह स्कूल छोड़ने गए थे. अथर्व पास के ही एक स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ता था. स्कूल छोड़ने के बाद वह चले गए. मगर, कुछ देर बाद ही उन्हें फोन आया और उनकी पूरी दुनिया उजड़ गई.
स्कूल की प्रिंसिपल मीना तंगरी के मुताबिक, अथर्व क्लास में पहुंचा ही था कि अचानक पीछे की तरफ फर्श पर गिर पड़ा. उस समय उसके कंधे पर स्कूल बैग भी टंगा हुआ था. क्लास में मौजूद टीचर और दूसरे बच्चे कुछ समझ पाते, इससे पहले ही अथर्व बेसुध हो चुका था. शिक्षकों ने बच्चे को संभालने की कोशिश की और स्कूल के दूसरे स्टाफ को भी बुलाया. अथर्व को स्टाफ रूम में ले जाया गया. जब उसके शरीर में कोई हलचल नहीं दिखाई दी तो स्कूल प्रशासन की चिंता बढ़ गई. बिना देर किए उसके पिता को फोन किया गया और घटना की जानकारी दी गई.
स्कूल से फोन आया तो बदहवास होकर पहुंचे पिता
बच्चे के अचानक गिरने की खबर सुनकर प्रेम सिंह के पैरों तले जमीन खिसक गई. वह तुरंत स्कूल पहुंचे. शिक्षकों की मदद से अथर्व को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. परिवार को उम्मीद थी कि शायद समय रहते इलाज मिलने से बेटा ठीक हो जाएगा, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. यह खबर सुनते ही पिता प्रेम सिंह टूट गए. अस्पताल में वह फूट-फूटकर रोने लगे.
वहां मौजूद शिक्षकों और दूसरे लोगों ने किसी तरह उन्हें संभालने की कोशिश की. अथर्व अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. डॉक्टरों ने शुरुआती तौर पर मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट होने की आशंका जताई है. कार्डियक अरेस्ट ऐसी स्थिति है, जिसमें हृदय अचानक प्रभावी तरीके से रक्त पंप करना बंद कर देता है. इससे व्यक्ति अचानक बेहोश होकर गिर सकता है और तत्काल चिकित्सकीय सहायता की जरूरत होती है. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस भी अस्पताल पहुंची. पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी जुटाई और परिजनों से बातचीत की.