Indus Water Treaty: अब चुप नहीं बैठेंगे…सिंधु जल संधि पर भारत की सख्ती देख बौखलाया पाकिस्तान, क्या प्लान?

Indus Water Treaty: अब चुप नहीं बैठेंगे…सिंधु जल संधि पर भारत की सख्ती देख बौखलाया पाकिस्तान, क्या प्लान?


Indus Water Treaty: सिंधु जल संधि पर भारत सख्त है. भारत ने सिंधु के पानी पर पाबंदी लगा रखी है. पाकिस्तान परेशान है. वह सिंधु जल समझौते को बहाल कराने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहा है. कभी भारत के आगे गुहार लगाता है तो कभी गीदड़भभकी. तब भी सिंधु जल संधि पर भारत के आगे उसकी एक न चल रही. पहलगाम अटैक के बाद से ही भारत ने सिंधु जल समझौते को रद्द कर रखा है. भारत इस पर जरा भी रहम करने के मूड में नहीं है. यही वजह है कि बार-बार पाकिस्तान की बौखलाहट सामने आ रही है. एक बार फिर पाकिस्तान ने सिंधु जल संधि पर भारत को गीदड़भभकी दी है. जी हां, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत को धमकाया है. ख्वाजा के मुताबिक, सिंधु जल समझौते पर पाकिस्तान अब भारत के खिलाफ रणनीति बना रहा है.

दरअसल, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत के खिलाफ एक बार फिर सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए हैं. उन्होंने कहा है कि सिंधु जल संधि को लेकर जारी तनाव के बीच पाकिस्तान अपने विकल्पों पर विचार कर रहा है. भारत की ओर से इस समझौते को लेकर उठाए गए कानूनी और प्रशासनिक कदमों के बाद इस्लामाबाद स्थिति का लगातार आकलन कर रहा है.

ख्वाजा ने फिर उगला जहर

एक इंटरव्यू में आसिफ ने धमकी भरे लहजे में संकेत दिया कि पाकिस्तान हमेशा चुपचाप नहीं बैठा रहेगा.  उन्होंने कहा कि अगर हालात बिगड़ते हैं और जवाबी कार्रवाई की जरूरत पड़ती है, तो इस पर सरकार के शीर्ष स्तर पर चर्चा की जाएगी. हालांकि, उन्होंने सीधे तौर पर सैन्य कार्रवाई की घोषणा नहीं की, लेकिन उनके बयान से भारत के खिलाफ किसी सख्त कदम की संभावना बनी हुई है.

किस सवाल पर पाकिस्तान ने दी गीदड़भभकी

जब उनसे पूछा गया कि क्या पाकिस्तान अन्य तरीकों से समाधान का इंतजार करता रहेगा या किसी ठोस (सैन्य) समाधान पर विचार करेगा, तो ख्वाजा आसिफ ने कहा कि सरकार लगातार स्थिति का आकलन कर रही है और जरूरत पड़ने पर वह अपना रुख और सख्त कर सकती है.

आसिफ ने कहा, ‘हम लगातार इस स्थिति का आकलन कर रहे हैं. जहां भी हमें इस पूरी स्थिति में अपना रुख सख्त करने की जरूरत होगी, वहां निश्चित रूप से सरकार के शीर्ष स्तरों पर चर्चा होगी कि क्या विकल्प तलाशे जा सकते हैं या क्या कदम उठाए जा सकते हैं.’

भारत के खिलाफ क्या बड़ा कदम उठाने जा रहा पाकिस्तान? रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने फिर दी धमकी

उनके बयानों से पता चलता है कि इस्लामाबाद सिंधु जल संधि को निलंबित करने के भारत के फैसले के खिलाफ अपने मौजूदा राजनयिक और कानूनी अभियान से आगे बढ़कर अन्य विकल्पों पर विचार कर रहा है. हालांकि, मंत्री ने यह स्पष्ट नहीं किया कि ये अन्य उपाय क्या हो सकते हैं, और न ही यह बताया कि क्या किसी सैन्य कार्रवाई पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है.

भारत ने कर रखा है सिंधु जल संधि को रद्द

ख्वाजा आसिफ का यह बयान 1960 में हुई सिंधु जल संधि को लेकर दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच आया है. यह समझौता भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में विवाद का एक बड़ा मुद्दा बन गया है. भारत ने 23 अप्रैल 2025 को सिंधु जल संधि को स्थगित रखने का फैसला किया था. इससे एक दिन पहले 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई थी. भारत ने कहा था कि जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद को समर्थन देना पूरी तरह और विश्वसनीय तरीके से बंद नहीं करता, तब तक यह फैसला लागू रहेगा. वहीं, पाकिस्तान ने भारत के इस कदम को खारिज करते हुए कहा था कि कोई भी पक्ष एकतरफा तरीके से संधि को स्थगित नहीं कर सकता.

इंटरनेशनल मंचों तक पहुंच चुका है सिंधु जल संधि का विवाद

तब से यह विवाद अंतरराष्ट्रीय कानूनी मंचों तक पहुंच गया है. 31 अगस्त 2026 को एक अहम घटनाक्रम में हेग स्थित ‘परमानेंट कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन’ (स्थायी मध्यस्थता न्यायालय) ने एक अहम फैसला सुनाया कि संधि अभी भी लागू है और भारत एकतरफा तरीके से इसे निलंबित नहीं कर सकता. अदालत ने जम्मू-कश्मीर में ‘रातले जलविद्युत परियोजना’ (Ratle hydropower project) के निर्माण को लेकर भी अंतरिम निर्देश जारी किए.

भारत कर चुका है खारिज

हालांकि, भारत इस अदालत के अधिकार क्षेत्र को मान्यता नहीं देता है और उसकी कार्यवाही को खारिज कर चुका है. भारत का कहना है कि सिंधु जल संधि को लेकर उसका रुख पहले जैसा ही है. वहीं, पाकिस्तान के लिए ये कानूनी कार्यवाही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के फैसले को चुनौती देने की कोशिश का अहम हिस्सा रही है. इस्लामाबाद लगातार भारत पर पानी को हथियार की तरह इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाता रहा है.



Source link