Flight Bomb News: यूरोप में कौन फैला रहा दहशत? एक के बाद एक 30 विमानों को बम की धमकी, कई देशों में हाई अलर्ट

Flight Bomb News: यूरोप में कौन फैला रहा दहशत? एक के बाद एक 30 विमानों को बम की धमकी, कई देशों में हाई अलर्ट


Europe Flights Bomb Threat: यूरोप के आसमान में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अलग-अलग देशों में करीब 30 यात्री विमानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिलीं. कई विमानों को अचानक दूसरे एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा, जबकि कुछ के साथ लड़ाकू विमान भी उड़ते नजर आए. एयरपोर्ट पर एंबुलेंस, दमकल की गाड़ियां और आतंकवाद निरोधक दस्ते तैनात किए गए. जांच में ये धमकियां झूठी निकलीं, लेकिन इनके चलते कई देशों में हवाई सेवाएं प्रभावित हुईं. मंगलवार को भी कम से कम सात विमानों और एक क्रूज जहाज को इसी तरह की धमकियां मिली थीं. यानी कुछ ही दिनों में यूरोप के कई देशों का हवाई यातायात इस तरह की घटनाओं से प्रभावित हुआ है. कई एक्सपर्ट्स इसके पीछे रूस का हाथ मान रहे हैं.

रोम से मिलान तक कई शहरों की फ्लाइट निशाने पर

गुरुवार को मिली धमकियों का असर इटली, फ्रांस, स्पेन, बुल्गारिया, रोमानिया, पोलैंड और डेनमार्क समेत कई देशों में देखा गया. रोम के फ्यूमिचिनो और मिलान के मालपेंसा एयरपोर्ट से जुड़ी एयरलाइंस और सेवा कंपनियों को एक ईमेल भेजा गया था. इसका विषय था- ‘थ्रेट रिपोर्ट’. ईमेल में दावा किया गया कि हेलसिंकी और डबलिन से आने वाली उड़ानों में विस्फोटक रखे गए हैं और 60 मिनट के भीतर धमाका हो जाएगा. इसमें लिखा था, ‘आज तुम्हारा आसमान लाल होगा.’ ईमेल भेजने वाले ने खुद को ‘Male State’ समूह का सदस्य बताया था. हालांकि, यह पता नहीं चल पाया कि धमकी किसने भेजी थी.

फ्रांस में प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू के कार्यालय ने बताया कि डबलिन से रोम जा रही Aer Lingus की एक फ्लाइट को लड़ाकू विमानों ने रोका और एवरू स्थित एयरफोर्स बेस तक ले जाया गया. बुल्गारिया की वायुसेना के मुताबिक, उसके लड़ाकू विमानों ने तीन यात्री विमानों को सुरक्षित नीचे उतारने में मदद की. लंदन से सोफिया जा रही Ryanair की एक फ्लाइट को प्लोवदिव एयरपोर्ट भेजना पड़ा.

स्पेन की राजधानी मैड्रिड में भी 20 मिनट के भीतर तीन ईमेल धमकियां मिलीं. इनमें पेरिस जाने वाली Air Europa की दो और रोम तथा मिलान से आने वाली Iberia की चार उड़ानों का जिक्र था. कुछ विमानों को उड़ान भरने से रोक दिया गया, जबकि कुछ को वापस पार्किंग स्थल पर लाया गया. यात्रियों को नीचे उतारकर विमानों की जांच की गई. पोलैंड की राजधानी वारसॉ में पेरिस जा रही LOT की फ्लाइट को उड़ान भरने से ठीक पहले रोक दिया गया. यात्रियों को दूसरे विमान में बैठाया गया. डेनमार्क के कोपेनहेगन एयरपोर्ट पर भी दो विमानों की तलाशी ली गई.

रनवे पर घिरा विमान

कुछ विमानों को जांच के बाद सामान्य रूप से उतरने दिया गया, जबकि कुछ को सैन्य विमानों की निगरानी में एयरपोर्ट तक पहुंचाया गया. EasyJet, Finnair, LOT, Wizz Air, Ryanair और Air Serbia की उड़ानों को भी धमकियां मिली थीं. मिलान से बुखारेस्ट जा रही Wizz Air की एक यात्री एलेना पाला ने बताया कि विमान को मुख्य टर्मिनल से काफी दूर रनवे के एक हिस्से में ले जाया गया. वहां विमान के चारों तरफ दमकल की गाड़ियां, एंबुलेंस और आतंकवाद निरोधक दस्ते मौजूद थे. उन्होंने बताया कि जब उन्होंने पूछा कि क्या हुआ है, तो उन्हें सिर्फ इतना बताया गया कि यह आपात स्थिति है. यात्रियों को शुरुआत में ज्यादा जानकारी नहीं दी गई.

रूस पर पहले भी लगते रहे हैं ऐसे हमलों के आरोप

अभी तक किसी भी यूरोपीय सरकार ने यह नहीं बताया है कि इन धमकियों के पीछे कौन है. किसी संगठन ने भी जिम्मेदारी नहीं ली है. सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि इसके पीछे किसी व्यक्ति की निजी दुश्मनी, नकल करने वाले लोग या फिर किसी बड़े और संगठित अभियान का हाथ हो सकता है. विमानन सुरक्षा समूह Dyami के प्रमुख एरिक शाउटेन ने कहा कि इस तरह की घटनाओं के पीछे किसी खास देश का हाथ साबित करना मुश्किल होता है. हालांकि, उनका मानना है कि ये घटनाएं हाइब्रिड हमले के तरीके से मेल खाती हैं.

हाइब्रिड हमले का मतलब ऐसे तरीके से हमला करना है, जिसमें साइबर हमले, झूठी धमकियां, तोड़फोड़ और गलत सूचनाओं के जरिए किसी देश की व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने या लोगों में डर पैदा करने की कोशिश की जाती है. ऐसे हमलों में कम खर्च होता है और इनके पीछे कौन है, यह साबित करना भी मुश्किल होता है. यूरोप के कई देशों ने 2022 में यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद मॉस्को पर इस तरह की गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया है.



Source link