भक्त की अनोखी आस्था, सर्जरी सफल हुई तो सांवलिया सेठ को चढ़ाया सोने का दिल
Last Updated:
Sanwalia Seth Unique Offering: जालोर के एक श्रद्धालु ने हार्ट की बीमारी से उबरने और ऑपरेशन सफल होने के बाद भगवान सांवलिया सेठ के दरबार में अनोखी भेंट चढ़ाई. श्रद्धालु ने चित्तौड़गढ़ जिले के मंडफिया स्थित श्री सांवलियाजी मंदिर पहुंचकर भगवान को 21 ग्राम सोने से बना दिल भेंट किया. इसकी कीमत 3 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि बीमारी के दौरान श्रद्धालु ने स्वस्थ होने पर सोने का दिल चढ़ाने का संकल्प लिया था. ऑपरेशन सफल होने के बाद उसने मंदिर पहुंचकर अपनी मनोकामना पूरी की. श्रद्धालु ने मंदिर के भेंट कक्ष में सोने का हार्ट मॉडल जमा कराया और रसीद प्राप्त की.
जालोर के एक श्रद्धालु ने हार्ट की बीमारी से उबरने और ऑपरेशन सफल होने के बाद भगवान सांवलिया सेठ के दरबार में अनोखी भेंट चढ़ाई
चित्तौड़गढ़. जिंदगी और मौत के बीच जूझते हुए जब किसी की गंभीर बीमारी का सफल इलाज हो जाए तो वह इसे किसी चमत्कार से कम नहीं मानता. ऐसा ही कुछ जालोर के एक श्रद्धालु के साथ हुआ. हार्ट की बीमारी से जूझने और ऑपरेशन सफल होने के बाद श्रद्धालु ने भगवान सांवलिया सेठ के दरबार में अपना वादा पूरा किया. वह चित्तौड़गढ़ जिले के मंडफिया स्थित प्रसिद्ध श्री सांवलियाजी मंदिर पहुंचा और भगवान को सोने से बना दिल भेंट किया. 21 ग्राम सोने से तैयार इस हार्ट मॉडल की कीमत 3 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है. श्रद्धालु ने मंदिर के भेंट कक्ष कार्यालय में यह अनोखी भेंट जमा कराई और इसकी रसीद भी प्राप्त की. भगवान के प्रति आस्था और कृतज्ञता जताने का यह अनूठा तरीका अब चर्चा का विषय बना हुआ है.
जालोर जिले के रहने वाले इस श्रद्धालु को हार्ट संबंधी बीमारी थी. इलाज के दौरान उसने भगवान सांवलिया सेठ के दरबार में शीश नवाकर स्वस्थ होने की कामना की थी. श्रद्धालु ने मन ही मन संकल्प लिया था कि यदि उसका इलाज और ऑपरेशन सफल हो जाता है तो वह भगवान के दरबार में सोने से बना दिल अर्पित करेगा. इलाज के बाद जब उसकी तबीयत में सुधार हुआ और ऑपरेशन सफल रहा तो उसने अपना संकल्प पूरा करने का फैसला किया. इसके बाद वह मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलियाजी मंदिर पहुंचा और भगवान को सोने का हार्ट मॉडल भेंट किया.
21 ग्राम सोने से तैयार किया दिल का मॉडल
श्रद्धालु की ओर से अर्पित किया गया हार्ट मॉडल 21 ग्राम सोने से तैयार किया गया है. मंदिर प्रशासन के अनुसार इसकी अनुमानित कीमत 3 लाख रुपए से अधिक है. श्रद्धालु ने इस भेंट को मंदिर के भेंट कक्ष कार्यालय में जमा कराया. इसके बाद मंदिर मंडल की ओर से उसे नियमानुसार रसीद भी दी गई. यह सोने का दिल आकार और बनावट के लिहाज से भी खास है, क्योंकि आमतौर पर मंदिरों में श्रद्धालु सोने-चांदी के आभूषण, मुकुट, हार, छत्र और अन्य धार्मिक वस्तुएं भेंट करते हैं. लेकिन किसी बीमारी से राहत मिलने के बाद दिल के आकार का सोने का मॉडल चढ़ाना अपने आप में अलग तरह की भेंट है.
श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बनी अनोखी भेंट
मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री सांवलियाजी मंदिर में देशभर से श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं. कई भक्त अपनी मन्नत पूरी होने पर भगवान को सोने-चांदी की वस्तुएं और अन्य उपहार अर्पित करते हैं. जालोर के इस श्रद्धालु ने भी बीमारी से उबरने के बाद अपनी आस्था को अनोखे अंदाज में व्यक्त किया. हार्ट की बीमारी से राहत मिलने पर भगवान को सोने का दिल भेंट करने की यह घटना श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है. यह भेंट केवल सोने की कीमत की वजह से ही खास नहीं है, बल्कि इसके पीछे जुड़ी बीमारी, सफल ऑपरेशन और पूरी हुई मनोकामना की कहानी इसे अलग पहचान दे रही है.