हिमाचल के बिझड़ी में चोरों ने पहले घर में आराम से शराब पी और फिर 50 लाख गहने-कैश ले उड़े, 20 दिन बाद है बेटी की शादी

हिमाचल के बिझड़ी में चोरों ने पहले घर में आराम से शराब पी और फिर 50 लाख गहने-कैश ले उड़े, 20 दिन बाद है बेटी की शादी


Last Updated:

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में चोरों ने शादी वाले घर से पचास लाख रुपये के गहने और नकदी चुरा लिए. चोरों ने दो दुकानों को भी निशाना बनाया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Zoom

जिले के बिझड़ी बाजार में चोरों ने तीन जगह सेंध लगाई.

हमीरपुर. हिमाचल प्रदेश में चौरों के हौंसले बुलंद हैं और पुलिस कानून व्यवस्था को संभालने में नाकाम साबित हो रही है. पुलिस का नाकामी का खामियाजा एक परिवार को भुतगना पड़ा है और चोरों ने शादी वाले घर से 50 लाख रुपये के गहने और कैश पर हाथ साफ कर लिया. मामला हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले का है.

जानकारी के अनुसार, जिले के बिझड़ी बाजार में चोरों ने तीन जगह सेंध लगाई. महज 50 से 60 मीटर के दायरे में दो दुकानों और एक घर के ताले तोड़कर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया.

जिस घर में चोरी हुई, वहां 20 दिन बाद बेटी की शादी थी और चोर शादी के लिए रखे सोने-चांदी के नए आभूषण और पुश्तैनी गहने ले गए. रोचक बात है कि चोरों ने पहले आराम से पार्टी करते हुए शराब पी और स्नैक्स का मजा लिया.  फिलहाल, बड़सर थाना में केस दर्ज किया गया है.

बताया जा रहा है कि चोरों ने सबसे पहले बिझड़ी बाजार में देशराज और रवि पटियाल की दुकानों के ताले तोड़े और से हार और रुपये चुरा  लिए. देशराज की दुकान से करीब 50हजार रुपये के नोटों के हार और नकदी चोरी की गई है. रवि की दुकान से पांच हजार रुपये चोरी हुए हैं.

चंडीगढ़ गया था परिवार

चोरों ने दुकानों में सेंधमारी कुछ ही दूरी पर स्थित सुरजीत सिंह के घर को निशाना बनाया. सुरजीत अपने परिवार के साथ शादी की खरीदारी करने चंडीगढ़ गए थे. सुरजीत सिंह के अनुसार, घर से करीब 30 तोले सोने और आधा किलो चांदी के आभूषण चोरी हुए हैं. घटना से परिवार सदमे में है. रोते रोते महिला ने बताया कि मेरे पति ने प्राइवेट नौकरी करते हुए पाई पाई जुटाई थी और खुद उन्होंने कभी महंगा  सूट नहीं पहना है. महिला ने कहा कि अगर जल्द चोरों को नहीं पकड़ा गया तो वह घर के पास रोड जाम कर दूंगी.

बड़सर डीएसपी हरीश गुलेरिया ने कहा कि पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया है. वारदात के सुराग तलाशकर जल्द शातिरों को धरा जाएगा. पुलिस ने पीड़ितों के बयान दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. घटनास्थल से करीब 50 से 60 मीटर की दूरी पर भी सीसीटीवी कैमरा लगा है. लोगों से अपील है कि वे दुकानों और घरों में सीसीटीवी कैमरे जरूर लगवाएं.

व्यापार मंडल बिझड़ी के प्रधान रणजीत और अन्य व्यापारियों ने पुलिस चौकी बिझड़ी में पुलिस कर्मियों के स्टाफ में बढ़ोतरी की मांग उठाई है.व्यापारियों का कहना है कि पहले बाजार में गश्त होती थी लेकिन अब गश्त नहीं हो रही है. चौकी में स्टाफ की कमी है. क्षेत्र में नशे से जुड़े लोग भी सक्रिय हैं, ऐसे में पुलिस को अधिक सतर्कता बरतनी चाहिए.वारदात के बाद घर में शराब की खाली बोतलें, जूठे गिलास और खाद्य सामग्री मिली है. इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने घर के भीतर बैठकर शराब पी और काफी समय बिताया. दुकानदारों को चोरी का पता सुबह चला, जबकि घर में में हुई वारदात की जानकारी परिवार को दोपहर बाद मिली.



Source link