नई दिल्ली. धनतेरस पर सोना और चांदी खरीदना शुभ माना जाता है. यही वजह है कि इस दिन लोग जमकर गोल्ड और सिल्वर के गहने और सिक्के खरीदते हैं. आज धनतेरस पर आप बाजार जाए बिना भी सोने-चांदी के सिक्के खरीद सकते हैं और वो भी सस्ते में. स्विगी इंस्टामार्ट और ब्लिंकइट जैसे क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स ने त्योहारी सीजन में ग्राहकों को भारी डिस्काउंट पर यह सर्विस दे रही है. आप तनिष्क, कल्याण ज्वेलर्स, मालाबार और एमएमटीसी-पीएमएमपीएस जैसे नामी ब्रांड्स के सोने-चांदी के सिक्कों पर 78 फीसदी तक का डिस्काउंट पा सकते हैं.
स्विगी इंस्टामार्ट ने धनतेरस पर सोने-चांदी के सिक्कों पर बड़ी छूट दी है. यहां 1 ग्राम 24 कैरेट वाले सोने के सिक्कों में सबसे किफायती डील कल्याण ज्वेलर्स के फ्लावर डिजाइन गोल्ड कॉइन पर मिल रही है. 26,000 रुपये एमआरपी वाला यह सिक्का 43 फीसदी छूट के साथ महज 14,599 रुपये में मिल रहा है. यह 1 ग्राम सोने के लिए सबसे कम कीमत है. इसके अलावा मिया बाय तनिष्क का 1 ग्राम 24 कैरेट लोटस गोल्ड कॉइन 22,000 रुपये के बजाय 24 फीसदी की छूट पर 16,639 रुपये में लिस्टेड है. मालाबार का 1 ग्राम लक्ष्मी गोल्ड कॉइन 27 फीसदी डिस्काउंट के साथ 15,879 रुपये में मिल रहा है.
चांदी के सिक्कों पर भी भारी छूट
इंस्टामार्ट पर कल्याण ज्वेलर्स के 10 ग्राम लक्ष्मी सिल्वर कॉइन 78 फीसदी की भारी छूट के बाद मात्र 2,169 रुपये में खरीदा जा सकता है. वहीं जीवा (Giva) का 10 ग्राम लक्ष्मी-गणेश डिजाइन चांदी का सिक्का 75 फीसदी छूट के साथ 2,499 रुपये में और मालाबार का 10 ग्राम चांदी का सिक्का 43 फीसदी छूट के बाद 2,829 रुपये में मिल रहा है.
ब्लिंकइट पर सस्ते मिल रहे सोने-चांदी के सिक्के
ब्लिंकइट पर भी जोयालुक्कास, मुथूट एक्जिम और एमएमटीसी-पीएमएमपीएस के 24 कैरेट सोने और 999 शुद्धता वाले चांदी के सिक्कों पर 77 फीसदी तक की छूट मिल रही है. एमएमटीसी-पीएमएमपीएस का 0.5 ग्राम 24 कैरेट कमल डिजाइन वाला सोने का सिक्का 29,000 रुपये की बजाय 71 फीसदी छूट पर 8,380 रुपये में मिल रहा है. जोयालुक्कास और मुथूट एक्जिम के 1 ग्राम 24 कैरेट लक्ष्मी-गणेश डिजाइन सोने के सिक्के 49 फीसदी छूट के साथ 30,000 रुपये के बजाय 15,100 रुपये में बेचे जा रहे हैं.
एमएमटीसी-पीएमएमपीएस के 10 ग्राम लक्ष्मी-गणेश डिजाइन वाले चांदी के सिक्के 11,000 रुपये से घटकर 2,480 रुपये में मिल रहे हैं. जोयालुक्कास और मुथूट एक्जिम के 10 ग्राम शुद्ध चांदी के सिक्के 56 फीसदी डिस्काउंट के साथ 5,000 रुपये की जगह केवल 2,175 रुपये में आप खरीद सकते हैं.
खरीदने से पहले इन बातों पर करें गौर
क्विक-कॉमर्स ऐप्स पर मिलने वाले यह डिस्काउंट बेहद लुभावने जरूर हैं, लेकिन डिजिटल खरीदारी करते समय ग्राहकों को सावधानी रखनी चाहिए. किसी भी ऐप से ऑर्डर फाइनल करने से पहले सिक्के का सटीक वजन, 24 कैरेट या 999 की शुद्धता, प्रामाणिकता का हॉलमार्क या सर्टिफिकेशन और टेंपर-प्रूफ पैकेजिंग की जानकारी भली-भांति देख लें.