Last Updated:
Premanand Maharaj’s Ashram News: प्रेमानंद महाराज का नाम, जिसे सुनकर चाहे हिंदू हो या मुस्लिम… हर किसी के चेहरे पर एक मुस्कान आ जाती है. संत किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. उनसे मिलने देश से विदेश तक के लोग आते हैं. मगर, आजकल संत का आश्रम काफी सुर्खियों में है. इस बार लापता प्रधान संत के आश्रम से मिले हैं.
प्रयागराज से लापता शख्स मिला.
प्रयागराज: आजकल प्रेमानंद महाराज का आश्रम काफी चर्चाओं में है. कभी शिष्य के गिरकर मरने की खबर को लेकर तो कभी कुछ. अब एक लापता शख्स को लेकर संत का आश्रम सुर्खियों में आ गया है. यूपी के प्रयागराज में मनसैता गांव का ग्राम प्रधान जानकीनाथ यादव करीब एक सप्ताह से लापता थे. अब वह प्रेमानंद महाराज के आश्रम में मिले हैं. परिवार ने आरोप लगाए थे कि उनकी हत्या हो गई है.
भाई ने कराई थी शिकायत दर्ज
हिंदुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार, डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार ने बताया कि हाईकोर्ट में कार्यरत समीक्षा अधिकारी छत्रपाल यादव ने थरवई थाने में 30 अक्टूबर को छोटे भाई 29 वर्षीय ग्राम प्रधान जानकीनाथ यादव की गुमशुदगी दर्ज कराई थी. फिर 3 नवंबर को अज्ञात के खिलाफ अपहरण कर हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए मुकदमा दर्ज कराया. पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. ड्रोन व डॉग स्क्वायड की मदद ली और एसडीआरएफ की मदद से मनसैता नदी में भी खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. प्रधान की तलाश के लिए पुलिस की 13 टीमें लगाई गईं.
4 नवंबर को पता चला
इसी बीच, 4 नवंबर की रात जानकीनाथ ने नया सिम खरीदा और अपने चाचा व थरवई थाना प्रभारी को फोन किया. बताया कि वह लापता नहीं बल्कि वृंदावन में संत प्रेमानंद के आश्रम में हैं. थरवई पुलिस ने गुरुवार को वृंदावन से ग्राम प्रधान को लाकर परिजनों को सौंप दिया. मामले में पुलिस ने जांच की. पता चला की ग्राम प्रधान का परिवार से झगड़ा हुआ था.
इसलिए गया आश्रम
ग्राम प्रधान जानकीनाथ ने पुलिस को बताया कि परिजनों से कहासुनी से नाराज होकर मोबाइल स्विच ऑफ कर घर से पैदल कछार के रास्ते फाफामऊ पहुंचा. जहां नए कपड़े खरीदकर पहने और फाफामऊ रेलवे स्टेशन से 30 अक्टूबर की सुबह करीब छह बजे गंगा गोमती एक्सप्रेस से लखनऊ और फिर लखनऊ जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर चार से सुबह साढ़े दस बजे जनरल टिकट लेकर आगरा पहुंचा. आगरा से झेलम एक्सप्रेस पकड़कर वह मथुरा गया और फिर वृंदावन में संत प्रेमानंद के आश्रम में जाकर रुक गया.