Last Updated:
Balushahi Recipe: घर पर हलवाई जैसी खस्ता और रसीली बालूशाही बनाने की आसान रेसिपी. मैदा, शुद्ध घी, दही और चीनी की चाशनी से तैयार इस पारंपरिक भारतीय मिठाई को स्टेप-बाय-स्टेप विधि के साथ बनाएं. यह स्वादिष्ट मिठाई हर त्योहार और खास मौके पर चार चांद लगा देती है. इसे धीमी आंच पर तलकर और गुनगुनी चाशनी में डुबोकर आसानी से तैयार किया जा सकता है. परिवार के सभी सदस्यों को यह पारंपरिक रेसिपी बेहद पसंद आएगी.
Nagaur: अगर आप मिठाई खाने के शौकीन हैं और घर पर ही बाजार जैसी स्वादिष्ट मिठाई बनाना चाहते हैं, तो बालूशाही एक बेहतरीन विकल्प है. बालूशाही का स्वाद हल्का कुरकुरा और अंदर से नरम होता है. इसकी खासियत है कि इसे मैदा, घी और चीनी की चाशनी की मदद से आसानी से तैयार किया जा सकता है. त्योहार हो या घर में कोई खास मौका, बालूशाही मिठास घोलने के लिए शानदार मिठाई है. इसे बनाना भी ज्यादा मुश्किल नहीं है. कुछ आसान बातों का ध्यान रखकर आप घर पर ही स्वादिष्ट बालूशाही तैयार कर सकते हैं.
फूड एक्सपर्ट मानसी ने बताया कि बालूशाही बनाने के लिए एक छोटी कटोरी मैदा, मोयन के लिए देसी घी, 3-4 बड़े चम्मच ताजा दही, थोड़ा बेकिंग सोडा, एक छोटी कटोरी चीनी, तलने के लिए घी और सजावट के लिए 9-10 पिस्ते लें. इसके अलावा आधा चम्मच इलायची पाउडर, केसर के 10-12 धागे और चांदी का वर्क भी रखें.
इस तरह तैयार करें बालूशाही का आटा
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा छान लें. इसमें मोयन के लिए घी, बेकिंग सोडा और दही डालकर हल्के हाथों से अच्छी तरह मिलाएं. ध्यान रखें कि आटे को ज्यादा नहीं गूंथना है. इसे हल्के हाथों से मिलाकर एक साथ लाएं, ताकि बालूशाही की बनावट अच्छी बने. इसके बाद तैयार मिश्रण को कुछ देर ढककर रख दें, जिससे आटा अच्छी तरह सेट हो जाए.
बालूशाही को आकार देकर करें तैयार
अब तैयार आटे से नींबू के आकार की छोटी-छोटी लोइयां बना लें. प्रत्येक लोई को हल्के हाथों से गोल आकार दें और बीच में अंगूठे की मदद से छोटा सा छेद कर लें. इसी तरह सभी बालूशाही तैयार कर लें. ध्यान रखें कि इन्हें बनाते समय ज्यादा दबाव न डालें, इससे बालूशाही की परतदार बनावट बनी रहती है. अब एक कड़ाही में घी डालकर गर्म करें. घी बहुत ज्यादा गर्म नहीं होना चाहिए. हल्के गर्म घी में तैयार बालूशाही डालें और धीमी आंच पर धीरे-धीरे तलें. बीच-बीच में पलटते रहें, ताकि ये चारों तरफ से अच्छी तरह सिककर सुनहरे भूरे रंग की हो जाएं. बालूशाही को धीमी आंच पर तलना जरूरी है, क्योंकि तेज आंच पर बाहर से रंग आ जाएगा, लेकिन अंदर से कच्ची रह सकती है.
चाशनी में डुबोकर करें सजावट
दूसरी कड़ाही में एक छोटी कटोरी चीनी और जरूरत के अनुसार पानी डालकर चाशनी तैयार करें. इसमें इलायची पाउडर और केसर के धागे डाल दें. चाशनी तैयार होने के बाद इसे थोड़ा गुनगुना होने दें. अब तली हुई बालूशाही को गुनगुनी चाशनी में करीब 5 मिनट तक डुबोकर रखें. इसके बाद इन्हें निकालकर प्लेट में रख दें और पिस्ते तथा चांदी के वर्क से सजाकर सर्व करें.