US Share Market Crash : अमेरिकी शेयर बाजार में हाहाकार, 1 दिन में 285 लाख करोड़ रुपये स्वाहा

US Share Market Crash : अमेरिकी शेयर बाजार में हाहाकार, 1 दिन में 285 लाख करोड़ रुपये स्वाहा


Last Updated:

US Share Market Crash : अमेरिकी शेयर बाजार में गुरुवार को ऐसा भूचाल आया कि निवेशकों को एक ही दिन में 285 लाख करोड़ का नुकसान हो गया. एआई शेयरों में आई बिकवाली पूरे बाजार को ले डूबी और नैस्‍डैक, डॉव जोन्‍स और एसएंडपी 500 औंधे मुंह गिर गए.

Zoom

नैस्डैक कंपोजिट 5.5% का गोता लगाकर 24,315 के स्तर पर आ गया.

नई दिल्‍ली. अमेरिकी शेयर बाजार में गुरुवार को मंदी का ऐसा भूचाल आया जिसने दुनियाभर के निवेशकों को हिलाकर रख दिया. अमेरिका में मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेट्स की जीत के बाद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनियों पर लगाम लगाए जाने की आशंका से बाजारों में ऐसी भगदड़ मची की सिर्फ एक कारोबारी सत्र में निवेशकों के करीब 3 लाख करोड़ डॉलर (लगभग 285 लाख करोड़ रुपये) डूब गए. नैस्डैक में 19 महीनों की सबसे बड़ी एक दिन की गिरावट आई. इस तबाही के बाद अब बड़ा सवाल यह उठने लगा है कि क्या AI का बुलबुला आखिरकार फूट चुका है?

गुरुवार को नैस्डैक कंपोजिट 5.5% का गोता लगाकर 24,315 के स्तर पर आ गया. इसके साथ ही इंडेक्स तकनीकी रूप से करेक्शन मोड में चला गया है, क्योंकि यह 6 अक्टूबर के अपने ऑल-टाइम हाई (27,599.79) से 10% से ज्यादा फिसल चुका है. यह झटका केवल नैस्डैक तक सीमित नहीं रहा. ब्लू-चिप शेयरों वाला डॉव जोन्स 3.4% गिरकर 51,523 पर और S&P 500 इंडेक्स 4.4% लुढ़क कर 7,353 पर बंद हुआ. बाजार में घबराहट और डर का स्तर मापने वाला सीबीओई वोलैटिलेटी इंडेक्‍स (VIX) मार्च के बाद अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया.

एनवीडिया, माइक्रोन से लेकर सेनडिस्‍क तक सब धड़ाम

शेयर बाजार में आई बिकवाली की सबसे बुरी मार उन कंपनियों पर पड़ी जो एआई की रीढ़ मानी जाती हैं. Sandisk के शेयर 22.3% तक टूट गए. माइक्राने टेक्‍नोलॉजी के शेयर 17.5% लुढक गए. एनवीडिया के स्‍टॉक एक दिन में 9.3% गिर गए. 27 जनवरी 2025 को डीपसीक (DeepSeek) के झटके के बाद यह एनवीडिया का सबसे खराब दिन रहा. टेक दिग्‍गज मेटा का शेयर 4 फीसदी, माइक्रोसॉफ्ट का 3.6%, अल्‍फाबेट का 2.2% फीसदी और अमेजन शेयर 2.2% टूट गया. डेटा सेंटर कारोबार से जुड़ी कंपनियां IREN और अप्‍लाइड डिजिटल का शेयर 14% तक गिर गया.

अमेरिकी शेयर बाजार में क्यों आई गिरावट?

इस अचानक आई सुनामी की जड़ में अमेरिकी राजनीति और रेगुलेशन की आशंका है. मिडटर्म चुनावों में अमेरका में डेमोक्रेटिक पार्टी ने कांग्रेस पर नियंत्रण हासिल किया है. वॉशिंगटन, टेक्सास और ओहायो जैसे प्रमुख राज्यों में डेमोक्रेट्स की जीत के बाद नए AI डेटा सेंटर्स के निर्माण पर सख्त नियम और पर्यावरण संबंधी पाबंदियां लगने की चिंता बढ़ गई है. निवेशकों को लगता है कि अब AI इंफ्रास्ट्रक्चर के अंधाधुंध विस्तार की रफ्तार धीमी हो सकती है. चूंकि AI शेयरों की पूरी तेजी इसी बुनियादी ढांचे के तेज विस्तार की उम्मीद पर टिकी थी.



Source link