Last Updated:
Hardoi Crime News: हरदोई में पुलिस चौकी के पास एक बंद मकान को निशाना बनाकर बेखौफ चोरों ने लाखों की चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. चोरों ने न केवल शिक्षिका और इंस्पेक्टर के घर से कीमती जेवर और कपड़े समेटे, बल्कि साक्ष्य मिटाने के लिए सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ डाले और वारदात के बाद घर में ही जमकर शराब पार्टी की.
हरदोई में चोरी.
हरदोई : उत्तर प्रदेश के हरदोई शहर कोतवाली क्षेत्र की गंगा नगर कॉलोनी से सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली एक बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. बेखौफ चोरों ने घर से कीमती कपड़े, जेवर और अन्य कीमती सामान समेट लिए. इतना ही नहीं, शातिर चोरों ने घर के अंदर जमकर तोड़फोड़ की और पकड़े जाने के डर से सबूत मिटाने के इरादे से वहां लगे सीसीटीवी कैमरे तक तोड़ डाले.
टीईटी के लिए गई थी शिक्षिका
जानकारी के मुताबिक, जिस मकान में यह वारदात हुई है, उसकी स्वामिनी रागिनी पेशे से एक शिक्षिका हैं और उनके पति पुलिस विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं. घटना के वक्त रागिनी टीईटी (TET) की परीक्षा देने के लिए लखनऊ गई हुई थीं. घर में ताला लगा होने का फायदा उठाकर चोरों ने बड़ी आसानी से खिड़की तोड़ी और अंदर दाखिल हो गए. इसके बाद चोरों ने पूरे मकान को खंगाल डाला और लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया.
शराब पार्टी की
हैरानी की बात तो यह है कि इस वारदात को अंजाम देने के बाद चोरों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने मौके पर ही चखना और शराब पार्टी भी की. घटनास्थल से महज कुछ ही दूरी पर पुलिस चौकी मौजूद है, इसके बावजूद चोरों को खाकी का जरा भी खौफ नहीं था. घर में हुई तोड़फोड़, सीसीटीवी कैमरों को नुकसान और इतनी बड़ी चोरी ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसिंग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
पुलिस चौकी थी पास में ही, फिर भी चोरी
पुलिस चौकी के इतने नजदीक ही चोर इस तरह की दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दे रहे हैं, तो शहर के अन्य इलाकों की सुरक्षा का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है. अब सवाल यह उठ रहा है कि पुलिस चौकी के इतने करीब चोरों को वारदात करने का मौका कैसे मिला? क्या पुलिस की गश्ती सिर्फ कागजों तक ही सीमित है?फिलहाल इस मामले में पुलिस के सामने चोरों का सुराग लगाने, उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने और चोरी गए कीमती सामान की बरामदगी करने की बड़ी चुनौती है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.