गोंडा: उत्तर प्रदेश में कई ऐसे पारंपरिक पकवान हैं, जिनका स्वाद लोगों को खूब पसंद आता है. इन्हीं में से एक गोंडा जिले का फरा है. यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ बनाने में भी आसान होता है. चावल के आटे से तैयार होने वाला फरा नाश्ते या हल्के भोजन के लिए अच्छा विकल्प है. इसे कम सामग्री में घर पर आसानी से बनाया जा सकता है.
लोकल 18 से बातचीत के दौरान दीनदयाल शोध संस्थान कृषि विज्ञान केंद्र गोपाल ग्राम की गृह विज्ञान विशेषज्ञ ममता त्रिपाठी बताती हैं कि फरा बनाने के लिए चावल का आटा, पानी, नमक, हरी मिर्च, लहसुन, अदरक, धनिया पत्ती और जरूरत के अनुसार तेल लें. स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें चना दाल या उड़द दाल का इस्तेमाल भी किया जा सकता है.
इनका भी कर सकते है इस्तेमाल
दाल वाले फरा को और स्वादिष्ट बनाने के लिए इसमें अपनी पसंद के अनुसार सब्जियां भी मिला सकते हैं. इसके लिए शिमला मिर्च, गाजर, टमाटर और प्याज का इस्तेमाल किया जा सकता है. सबसे पहले चना दाल या उड़द दाल को अच्छी तरह भिगोकर पीस लें. इसे दाल की पिट्ठी या धोई कहते हैं. इसके बाद इसमें नमक, मसाले और पसंद की सब्जियां मिलाकर भरावन तैयार कर लें.
फरा बनाने की आसान विधि
फरा बनाने के लिए सबसे पहले चावल के आटे में थोड़ा-थोड़ा गर्म पानी डालकर नरम आटा गूंथ लें. आटे को कुछ देर ढककर रख दें, ताकि वह अच्छी तरह तैयार हो जाए. अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें. इन्हें हाथ से या बेलन की मदद से पतला फैलाएं. इसके बाद गिलास, कटोरी या किसी गोल आकार के बर्तन की मदद से मनचाहे आकार में काट लें. अब तैयार दाल की पिट्ठी को आटे के टुकड़ों पर रखें और उन्हें मोड़ दें इसी तरह सभी फरे तैयार कर लें. फरा पकाने के लिए एक बड़े बर्तन में पानी गर्म करें. उसके ऊपर जालीदार बर्तन रखकर उसमें फरे डाल दें.
मसालों का लगाएं तड़का
ढक्कन लगाकर भाप में अच्छी तरह पकने दें. जब फरे पक जाएं, तो उन्हें बाहर निकालकर ठंडा होने दें. सके बाद फरे को चाकू से छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें अपनी पसंद के अनुसार जीरा, हरी मिर्च या अन्य मसालों का तड़का लगाएं. अब कटे हुए फरे डालकर अच्छी तरह भून लें.
चाय या सब्जी के साथ करें सर्व
ममता त्रिपाठी बताती हैं कि फरा को चाय, हरी चटनी या सब्जी के साथ परोसा जा सकता है. यह खाने में काफी स्वादिष्ट लगता है. इसमें दाल और सब्जियां अपनी पसंद के अनुसार डाली जा सकती हैं. गोंडा की यह पारंपरिक डिश आज भी लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है और इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है.