Last Updated:
Madhavendra Singh Parihar: दतिया उपचुनाव की हार से उबरते हुए बीजेपी ने नए जिला अध्यक्ष का ऐलान कर दिया है. बीजेपी ने माधवेंद्र सिंह परिहार को बीजेपी दतिया की कमान सौंपी है. वह आशुतोष तिवारी के करीबी माने जाते हैं और दतिया में संगठन महामंत्री भी रह चुके हैं. उनके पास अपार अनुभव मौजूद है.
दतिया बीजेपी के नए जिला अध्यक्ष का ऐलान
Datia BJP District President: दतिया उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी को हार का मुंह देखना पड़ा था. तब बीजेपी कैंडिडेट आशुतोष तिवारी को कांग्रेस के उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने हरा दिया था. इसके बाद बीजेपी के अंदर भीतरघात के आरोप भी लगे. फिर बीजेपी की पूरी कार्यकारिणी को बर्खास्त कर दिया गया था. अब इसके बाद बीजेपी ने नए जिला अध्यक्ष का ऐलान किया है. बीजेपी ने माधवेंद्र सिंह परिहार को दतिया बीजेपी का नया जिला अध्यक्ष बनाया है.
बताया जा रहा है कि माधवेंद्र सिंह ने लंबे समय तक संगठन में काम किया है और वह दो बार दतिया के महामंत्री भी रहे हैं. इसके अलावा वह आशुतोष तिवारी के करीबी भी माने जाते हैं. उनकी नियुक्ति का आदेश प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दिया है. दतिया उपचुनाव के बाद जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह सहित पूरी जिला कार्यकारिणी भंग कर दी गई थी. अब बीजेपी ने नए सिरे से संगठन को विस्तार देने की सोची है.
दतिया उपचुनाव में बीजेपी ने काटा था नरोत्तम मिश्रा का टिकट
दतिया उपचुनाव में ऐसा माना जा रहा था कि बीजेपी कद्दावर नेता नरोत्तम मिश्रा को उम्मीदवार बनाएगी. वह इसके लिए तैयारी भी कर रहे थे और नामांकन फॉर्म भी खरीद लिया था, लेकिन बीजेपी ने उनका टिकट काट दिया था और आशुतोष तिवारी पर दांव लगाया था. इसके बाद उनके समर्थकों ने जमकर बवाल काटा था. तब के बीजेपी के जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह ने इस्तीफा देने की पेशकश भी की थी. लेकिन बीजेपी ने किसी का भी इस्तीफा स्वीकार नहीं किया था.
आशुतोष तिवारी को मिली थी हार
बाद में चुनाव में बीजेपी के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी चुनाव हार गए और कांग्रेस के घनश्याम सिंह चुनाव जीत गए थे. घनश्याम पहले ही दतिया से विधायक रह चुके थे. आशुतोष ने चुनाव में पूरी ताकत झोंकी और बीजेपी के कई बड़े नेता भी प्रचार करने पहुंचे थे, लेकिन जीत नसीब नहीं हो सकी थी. इसी बीजेपी के लिए बड़ा झटका माना गया था.
(रिपोर्ट-आचार्य शिवकांत)