difficult chivardan ceremony held in bodh gaya know buddhist monks tradition

difficult chivardan ceremony held in bodh gaya know buddhist monks tradition


Bodhgaya Chivardan Ceremony: बौद्ध धर्म में चीवरदान की परंपरा बेहद प्राचीन है. चीवर को साधारण वस्त्र नहीं, बल्कि बौद्ध भिक्षुओं के त्याग, अनुशासन और संन्यासी जीवन का प्रतीक माना जाता है. इसे विशेष नियमों और सादगी के साथ तैयार किया जाता है. सामान्यतः सूती कपड़े से बनने वाले चीवर की सबसे खास बात इसकी डिजाइन है. इसे कई छोटे-छोटे कपड़ों के टुकड़ों को आपस में जोड़कर सिलाई की जाती है. इस तरह तैयार वस्त्र देखने में धान के खेतों जैसा दिखाई देता है.

वर्षावास के बाद क्यों किया जाता है चीवरदान?
बौद्ध परंपरा में वर्षावास पूरा करने वाले भिक्षुओं को चीवर और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री दान करने का विशेष महत्व है. इसी परंपरा के तहत आश्विन पूर्णिमा से कार्तिक पूर्णिमा तक बोधगया के विभिन्न महाविहारों में कठिन चीवरदान समारोह आयोजित किए जाते हैं. इस दौरान बौद्ध उपासक-उपासिकाएं अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार भिक्षुओं को वस्त्र और अन्य उपयोगी सामग्री दान करते हैं.

महाबोधि मंदिर में हुआ कठिन चीवरदान समारोह
बोधगया स्थित महाबोधि मंदिर परिसर में हाल ही में कठिन चीवरदान समारोह का आयोजन किया गया. इसमें थाईलैंड, वियतनाम, जापान, श्रीलंका, कंबोडिया, लाओस, कोरिया, भूटान, नेपाल और तिब्बत सहित विभिन्न देशों के बौद्ध भिक्षु और लामा शामिल हुए. बोधगया के विभिन्न देशों के बौद्ध मठों के भिक्षुओं ने भी समारोह में भाग लिया. चीवरदान समारोह से पहले उपासक-उपासिकाओं द्वारा महाबोधि मंदिर में दान किए जाने वाले चीवर के साथ विशेष पूजा-अर्चना की जाती है. इसके बाद विभिन्न महाविहारों में परंपरागत तरीके से भिक्षुओं को चीवर और अन्य सामग्री दान की जाती है.

चीवरदान केवल वस्त्र दान नहीं, श्रद्धा और सेवा का प्रतीक
अखिल भारतीय भिक्षु संघ के महामंत्री भिक्षु प्रज्ञादीप बताते हैं कि बौद्ध भिक्षुओं के लिए चीवरदान का विशेष महत्व है. चीवरदान का अर्थ है बौद्ध भिक्षुओं को चीवर यानी वस्त्र दान करना. यह केवल वस्त्र देने की परंपरा नहीं, बल्कि श्रद्धा, सेवा, त्याग और भिक्षु संघ के प्रति सम्मान प्रकट करने का धार्मिक अवसर है. बौद्ध धर्म में भिक्षुओं का जीवन त्याग, तपस्या, साधना और अनुशासन पर आधारित होता है. वे गृहस्थ जीवन की सुख-सुविधाओं का त्याग कर धर्म के मार्ग पर चलते हैं. ऐसे में चीवर उनके जीवन की आवश्यक वस्तुओं में शामिल है. चीवर भिक्षुओं को मौसम की कठिनाइयों से बचाता है. यह सर्दी, गर्मी और मच्छर जैसे कीटों से सुरक्षा प्रदान करता है. इसके साथ ही चीवर बौद्ध भिक्षु की पहचान और उनके संन्यासी जीवन का प्रतीक भी है.

गृहस्थ और भिक्षु संघ के बीच सहयोग का प्रतीक है चीवरदान
भिक्षु प्रज्ञादीप के अनुसार, चीवरदान केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि बौद्ध समाज और भिक्षु संघ के बीच आपसी सहयोग का प्रतीक भी है. गृहस्थ उपासक अपनी कमाई और सामर्थ्य के अनुसार भिक्षुओं को आवश्यक वस्तुएं प्रदान करते हैं. वहीं भिक्षु समाज को भगवान बुद्ध की शिक्षाओं, अहिंसा, करुणा, मैत्री और शांति का संदेश देते हैं.

भगवान बुद्ध से जुड़ी है कठिन चीवरदान की परंपरा
बौद्ध परंपरा के अनुसार, एक बार वर्षावास के दौरान कुछ भिक्षु भगवान बुद्ध से मिलने के लिए यात्रा कर रहे थे. बारिश के कारण उन्हें रास्ते में ही रुकना पड़ा. वर्षावास पूरा होने के बाद जब वे बुद्ध के पास पहुंचे, तो उनके वस्त्र बारिश और यात्रा के कारण काफी खराब हो चुके थे. भिक्षुओं की इस परेशानी को देखते हुए भगवान बुद्ध ने वर्षावास पूरा करने वाले संघ को चीवर प्राप्त करने और उसे तैयार करने की अनुमति दी. इसी घटना को कठिन चीवरदान की परंपरा की शुरुआत से जोड़ा जाता है. आज भी बोधगया सहित विभिन्न बौद्ध केंद्रों में कठिन चीवरदान समारोह श्रद्धा, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता के साथ आयोजित किया जाता है.



Source link