8 साल के बच्चे ने लगाई फांसी, मोबाइल को लेकर बड़ी बहन के साथ हुआ था झगड़ा

8 साल के बच्चे ने लगाई फांसी, मोबाइल को लेकर बड़ी बहन के साथ हुआ था झगड़ा


Last Updated:

जालौन जिले के कुठौंद थाना क्षेत्र के डगरू पुरवा गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 8 साल के मासूम बच्चे ने फांसी लगा ली. बताया जा रहा है कि बच्चे का अपनी बड़ी बहन से मोबाइल को लेकर झगड़ा हुआ और फिर उसने खुदकुशी कर ली. घटना के वक्त घर में कोई परिजन मौजूद नहीं था.

Zoom

जालौन में 8 साल के मासूम ने लगाई फांसी. (सांकेतिक तस्वीर-AI)

जालौनः उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में 8 वर्षीय मासूम बच्चे ने फंदे से लटक कर अपनी जान दे दी. मोबाइल इस्तेमाल करने को लेकर डेढ़ साल बड़ी बहन से झगड़े के बाद मासूम ने आत्महत्या कर ली. कमरे में लगी खूंटी पर गमछे के सहारे लटक कर बच्चे ने सुसाइड किया है. पुलिस की जांच में भी मोबाइल को लेकर बच्चों का झगड़ा सामने आया है. बताया जा रहा है कि घटना के वक्त घर पर कोई परिजन मौजूद नहीं था. जालौन के कुठौंद थाना क्षेत्र के डगरू पुरवा गाँव की घटना है.

प्राप्त जानकारी के मुताबिक थाना क्षेत्र के ग्राम डगरू का पुरवा निवासी सोनू सिंह खेती के साथ मजदूरी करते हैं. परिवार में पत्नी संगीता के अलावा नौ वर्षीय बेटी जानवी और 8 वर्षीय बेटा रितिक था. बताया गया कि घटना के वक्त दोनों बच्चे घर के एक कमरे में खेल रहे थे. इसी दौरान रितिक ने पिता का मोबाइल लेकर वीडियो देखना शुरू कर दिया. बहन जानवी ने उससे मोबाइल छीन लिया और लेकर भाग गई. मोबाइल वापस न मिलने से रितिक परेशान हो गया. इस दौरान उसने कमरे में रखे तख्त पर पड़ी साफी उठाई और ऊपर लगी खूंटी के सहारे फंदा बनाकर लटक गया.

कुछ देर बाद जानवी कमरे में पहुंची तो भाई को फंदे पर लटका देख उसकी चीख निकल गई. शोर सुनकर माता-पिता भी दौड़कर कमर में पहुंचे. उन्होंने आनन-फानन रितिक को फंदे से नीचे उतारा और इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे. लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. सूचना मिलने पर थाना प्रभारी विजय कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

(डिस्क्लेमर: अगर आपके आसपास कोई शख्‍स ड‍िप्रेशन में है और आपको ऐसा लगता है कि उसके मन में खुद को नुकसान पहुंचाने का विचार आ रहा है या कोई खुद को नुकसान पहुंचाने कोश‍िश कर रहा है. ऐसे में आप 9152987821 हेल्‍पलाइन नंबर पर फोन कर तुरंत जानकारी दे सकते हैं, ताक‍ि एक कीमती जीवन को बचाया जा सके.)



Source link