धनतेरस पर सोना-चांदी नहीं, झाड़ू, नमक और धनिया सहित ये 5 चीजें लाएं घर
Last Updated:
Karauli: करौली में धनतेरस के पर्व पर सोना-चांदी के साथ पांच विशेष वस्तुओं को घर लाना बेहद शुभ माना गया है. ज्योतिषाचार्य पंडित धीरज शर्मा के अनुसार, धनतेरस पर झाड़ू (मां लक्ष्मी का प्रतीक), नमक (नकारात्मकता दूर करने के लिए), साबुत धनिया (धन व समृद्धि), पीतल के बर्तन और कौड़ियां खरीदना मां लक्ष्मी की कृपा दिलाता है. इन सभी चीजों का धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व है और इनसे घर में सुख-समृद्धि का वास होता है.
करौली: करौली और हिंडौन क्षेत्र में दीपावली के पांच दिवसीय महापर्व की शुरुआत धनतेरस के पावन पर्व से होती है. धनतेरस पर अमूमन लोग सोने-चांदी के आभूषण और बर्तन खरीदना बेहद शुभ मानते हैं, लेकिन ज्योतिष शास्त्र और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कुछ ऐसी वस्तुएं भी हैं, जिनकी कीमत भले ही कम हो, पर धार्मिक दृष्टि से उनका विशेष महत्व होता है.
हिंडौन के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पंडित धीरज शर्मा के अनुसार, इस धनतेरस पर सोने-चांदी के अलावा पांच ऐसी खास चीजें हैं जिन्हें घर लाने से मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है और घर में सुख-समृद्धि बढ़ती है.
1. धनतेरस पर नया झाड़ू खरीदना
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार झाड़ू को माता लक्ष्मी का प्रत्यक्ष प्रतीक माना गया है. इसका सीधा संबंध घर की साफ-सफाई और दरिद्रता को दूर करने से है. यही कारण है कि धनतेरस के दिन नया झाड़ू खरीदकर घर लाने की प्राचीन परंपरा है. मान्यता है कि इस दिन झाड़ू घर लाने से मां लक्ष्मी का स्थायी वास होता है और घर की नकारात्मकता दूर होती है.
2. नमक की खरीदारी का महत्व
धनतेरस के दिन नमक खरीदना भी बहुत शुभ माना जाता है. ज्योतिष और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार नमक घर की नकारात्मक ऊर्जा को दूर करने में सहायक होता है. कई घरों में दीपावली और धनतेरस के दिन नमक के पानी से पोछा लगाने की परंपरा भी है, जिससे घर का वातावरण सकारात्मक, पवित्र और शुद्ध बना रहता है.
3. साबुत धनिया का विशेष धार्मिक महत्व
धनतेरस पर साबुत धनिया खरीदना समृद्धि का प्रतीक माना जाता है. दीपावली के पावन अवसर पर माता लक्ष्मी की पूजन के दौरान साबुत धनिया अर्पित करने का विधान है. इसे सुख, वैभव और धन का प्रतीक माना जाता है, इसलिए कई लोग धनतेरस के दिन साबुत धनिया खरीदकर लक्ष्मी पूजन के लिए सुरक्षित रखते हैं.
4. पीतल की वस्तुएं या बर्तन खरीदना
सोने और चांदी के अलावा धनतेरस पर पीतल के बर्तन या अन्य वस्तुएं खरीदना बेहद मंगलकारी माना जाता है. लोग अपनी सामर्थ्य के अनुसार पीतल के बर्तन या रोजमर्रा की वस्तुएं खरीदते हैं. धार्मिक मान्यता है कि पीतल की एक छोटी सी वस्तु या चम्मच खरीदना भी घर में बरकत और सुख-समृद्धि में वृद्धि करता है.
5. कौड़ियों की खरीदारी की प्राचीन परंपरा
हिंडौन के ज्योतिषाचार्य पंडित धीरज शर्मा बताते हैं कि धनतेरस पर कौड़ियां खरीदना भी अत्यंत शुभ होता है. प्राचीन काल में कौड़ियों का उपयोग विनिमय और व्यापार में किया जाता था, इसलिए इन्हें धन और वैभव का प्रतीक माना जाता है. धनतेरस पर 7 या 11 कौड़ियां खरीदकर उन्हें मां लक्ष्मी की पूजा में शामिल करने की पुरानी परंपरा है, जिससे घर में आर्थिक संपन्नता आती है.