Last Updated:
Renuka Mata Mandir Firecracker Market: बुरहानपुर के रेणुका माता मंदिर परिसर में जिले का सबसे सस्ता पटाखा बाजार सजकर तैयार हो गया है. यहां पांच रुपए से लेकर 500 रुपए तक की कीमत के पटाखे उपलब्ध हैं.
Renuka Mata Mandir Firecracker Market: दीपावली पर्व को लेकर शहर में बाजारों की रौनक बढ़ने लगी है. घरों की सजावट से लेकर मिठाइयों और पूजन सामग्री की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ दिखाई दे रही है. वहीं, बच्चों और युवाओं के लिए दीपावली का सबसे खास आकर्षण पटाखा बाजार है. बुरहानपुर के रेणुका माता मंदिर परिसर में जिले का सबसे सस्ता पटाखा बाजार सजकर तैयार हो गया है. यहां पांच रुपए से लेकर 500 रुपए तक की कीमत के पटाखे उपलब्ध हैं. कम कीमत में पटाखों की विभिन्न वैरायटी मिलने से बाजार में खरीदारों की अच्छी भीड़ उमड़ रही है.
दुकान संचालक ने दी जानकारी
लोकल 18 की टीम को दुकान संचालक जयपाल नावानी और सुधाकर महाजन ने जानकारी देते हुए बताया कि पटाखा बाजार में इस बार 70 से अधिक दुकानें लगाई गई हैं. इन दुकानों पर बच्चों से लेकर बड़ों तक की पसंद के अलग-अलग प्रकार के पटाखे उपलब्ध हैं. रंग-बिरंगी फुलझड़ियां, आकर्षक अनार, रोशनी बिखेरने वाले पटाखे और कई तरह के छोटे-बड़े आइटम लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं. खास बात यह है कि कम बजट में भी लोग अपनी पसंद के पटाखे खरीद सकते हैं.
कम दाम पर मिल रहे हैं पटाखे
दीपावली को देखते हुए बाजार में सुबह से ही ग्राहकों का पहुंचना शुरू हो जाता है. शाम होते-होते यहां रौनक और बढ़ जाती है. कई लोग अपने बच्चों और परिवार के साथ बाजार पहुंचकर पटाखों की खरीदारी कर रहे हैं. बच्चे अपनी पसंद के पटाखे चुनते नजर आ रहे हैं वहीं अभिभावक कीमत और गुणवत्ता देखकर खरीदारी कर रहे हैं. इस बार पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए भी पटाखों की विभिन्न वैरायटी बाजार में रखी गई हैं. दुकानदारों के अनुसार, अलग-अलग कीमतों में विकल्प उपलब्ध होने से हर वर्ग के लोग यहां खरीदारी कर सकते हैं.
कुल मिलाकर रेणुका माता मंदिर परिसर का पटाखा बाजार दीपावली की खुशियों को और बढ़ा रहा है. सस्ती कीमत 70 से अधिक दुकानों और पटाखों की विविध वैरायटी के कारण यह बाजार शहरवासियों के लिए खरीदारी का प्रमुख केंद्र बना हुआ है.