शिक्षकों को छठ से पहले सैलरी और दिसंबर में ट्रांसफर की लिस्ट, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का बड़ा ऐलान

शिक्षकों को छठ से पहले सैलरी और दिसंबर में ट्रांसफर की लिस्ट, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का बड़ा ऐलान


पटना. बिहार में शिक्षकों के तबादले को लेकर शिक्षा विभाग ने नई समय-सारिणी जारी की है. शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सामान्य और पारस्परिक स्थानांतरण की प्रक्रिया की जानकारी दी. इसके तहत 30 नवंबर से 7 दिसंबर तक सामान्य स्थानांतरण के लिए आवेदन लिए जाएंगे. वहीं, 8 दिसंबर से 31 दिसंबर के बीच जिला, प्रमंडल और राज्य स्थापना समितियों की ओर से स्थानांतरण सूची प्रकाशित की जाएगी.

शिक्षा मंत्री ने बताया कि 14 ऐसे जिले हैं, जहां शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हुई है. इन जिलों को 9 से 14 नवंबर के बीच प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है. विभाग का लक्ष्य लंबित मामलों का जल्द निपटारा करना है.

पारस्परिक स्थानांतरण के लिए 17 से 25 नवंबर तक बैठक

पारस्परिक स्थानांतरण को लेकर भी विभाग ने समय-सीमा तय की है. इसके तहत 17 से 25 नवंबर तक प्रमंडल स्थापना की बैठक होगी. वहीं, सामान्य स्थानांतरण के लिए 30 नवंबर से 7 दिसंबर तक आवेदन लिए जाएंगे. इसके बाद 8 दिसंबर से 31 दिसंबर तक जिला, प्रमंडल और राज्य स्थापना समितियों के स्तर से स्थानांतरण सूची प्रकाशित की जाएगी.

प्रधान शिक्षकों के मामले में 21 अगस्त के आदेश का पालन

शिक्षा मंत्री ने प्रधान शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर भी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि इस मामले में 21 अगस्त 2026 के आदेश का पालन किया जाएगा.

छठ से पहले सभी कर्मियों को मिलेगा वेतन

प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिक्षा मंत्री ने वेतन भुगतान को लेकर भी अहम जानकारी दी. उन्होंने कहा कि छठ से पहले शिक्षा विभाग के सभी कर्मियों के वेतन का भुगतान किया जाएगा. इसके अलावा वेतन विसंगति के मामलों पर विभाग ने निर्णय लिया है. इस संबंध में सभी निदेशालयों से रिपोर्ट मांगी गई है, ताकि समस्या का समाधान किया जा सके.

वित्तीय अनियमितताओं की जांच के लिए टास्क फोर्स

शिक्षा मंत्री ने कहा कि जहां से भी वित्तीय अनियमितता की शिकायत या मामला सामने आया है, वहां टास्क फोर्स का गठन किया गया है. विभाग ऐसे मामलों की जांच कराएगा और अनियमितताओं पर कार्रवाई की जाएगी.

शिक्षा भवन का होगा अपना कार्यालय, बनेगा विद्या भवन

शिक्षा विभाग के प्रशासनिक कामकाज को बेहतर बनाने के लिए शिक्षा भवन का अपना कार्यालय होगा, जिसे विद्या भवन के रूप में विकसित किया जाएगा. विभागीय स्तर पर इसकी व्यवस्था की जा रही है.



Source link