Last Updated:
एक्टर ऋत्विक धनजानी टीवी इंडस्ट्री का जाना-माना नाम है. उनका बचपन दुबई में बीता और पढ़ाई लंदन में हुई. विदेश में अच्छी जिंदगी के बावजूद उनका मन अभिनय की दुनिया में कुछ करने का था. इसी चाहत ने उन्हें मुंबई पहुंचाया, जहां शुरुआत में उन्हें ऑडिशन देने, छोटे-बड़े मौके तलाशने और कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ा. हालांकि, उन्होंने हार नहीं मानी और धीरे-धीरे टीवी की दुनिया में अपनी पहचान बना ली. आज वह केवल एक एक्टर ही नहीं बल्कि सफल होस्ट और रियलिटी शो के स्टार हैं.
ऋत्विक ने साल 2009 में टीवी शो ‘बंदिनी’ से अभिनय की शुरुआत की. (फोटो साभार: IANS)
नई दिल्ली: ऋत्विक धनजानी ने फिल्म से डेब्यू किया था, मगर उन्हें बड़ी पहचान टीवी शो से मिली थी. शो ‘पवित्र रिश्ता’ में निभाए एक किरदार ने उन्हें पॉपुलर बना दिया. हालांकि, उनका यहां तक सफर आसान नहीं था. वे कभी-कभी तो दिन में 10-12 ऑडिशन देते हैं. वे एक संपन्न परिवार से ताल्लुक रखते हैं, फिर भी उन्होंने स्ट्रगल की राह चुनी. एक्टर का जन्म 5 नवंबर 1988 को मध्य प्रदेश के मंदसौर में हुआ था. जन्म के कुछ समय बाद ही उनका परिवार दुबई चला गया था. ऐसे में उनका बचपन और शुरुआती पढ़ाई दुबई में हुई. इसके बाद, उन्होंने लंदन से अपनी आगे की पढ़ाई पूरी की. कॉलेज के दिनों में ही उन्हें अभिनय, मॉडलिंग और स्टेज परफॉर्मेंस में दिलचस्पी होने लगी थी. पढ़ाई के दौरान उन्होंने थिएटर और अलग-अलग इवेंटों में हिस्सा लेना शुरू किया. इसी अनुभव ने उन्हें अभिनय को करियर बनाने के लिए प्रेरित किया.
एक्टिंग की ली ट्रेनिंग
ऋत्विक के लिए विदेश से मुंबई आना केवल शहर बदलना नहीं था बल्कि एक नई जिंदगी की शुरुआत थी. उन्होंने अभिनय में करियर बनाने के लिए मुंबई का रुख किया और यहां एक्टिंग इंस्टीट्यूट से ट्रेनिंग ली. शुरुआत में उन्होंने विज्ञापन के लिए काम किया और लगातार ऑडिशन दिए. एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि वह कई बार एक दिन में 10 से 12 ऑडिशन तक देने जाते थे. ऋत्विक ने एक फिल्म साइन की थी और उसकी शूटिंग भी आधी हो चुकी थी लेकिन किसी वजह से वह फिल्म पूरी नहीं हो सकी. उस समय उनके पास कोई दूसरा काम नहीं था. उन्होंने बताया था कि जब उनके पास कोई विकल्प नहीं बचा, तब उन्होंने टेलीविजन के ऑफर स्वीकार करने शुरू किए. उनके लिए टीवी उस समय करियर को आगे बढ़ाने का रास्ता बना. हालांकि, यही फैसला आगे चलकर उनकी पहचान की वजह बना.
शो ‘पवित्र रिश्ता’ से मिली पहचान
ऋत्विक ने साल 2009 में टीवी शो ‘बंदिनी’ से अभिनय की शुरुआत की. इसके बाद साल 2010-11 में आए शो ‘प्यार की ये एक कहानी’ में जय खुराना के किरदार ने उन्हें दर्शकों के बीच पहचान दिलाई. उनके करियर का सबसे बड़ा मोड़ एकता कपूर के शो ‘पवित्र रिश्ता’ से आया. इसमें उन्होंने अर्जुन दिग्विजय किर्लोस्कर का किरदार निभाया. इसी शो के दौरान उनकी मुलाकात अभिनेत्री आशा नेगी से भी हुई. साल 2013 में ऋत्विक ने डांस रियलिटी शो ‘नच बलिए 6’ में आशा नेगी के साथ हिस्सा लिया और दोनों ने यह शो जीत लिया. इसके बाद उन्होंने अभिनय के साथ होस्टिंग में भी अपनी किस्मत आजमाई. ‘ये है आशिकी’, ‘वी डिस्ट्रैक्शन’, ‘नच बलिए 7’, ‘सुपर डांसर’, ‘इंडियाज बेस्ट ड्रामेबाज’ और ‘इंडियाज नेक्स्ट सुपरस्टार्स’ जैसे शोज में उन्होंने होस्ट के तौर पर काम किया. उनकी एनर्जी और दर्शकों से जुड़ने के अंदाज को काफी पसंद किया गया.
मल्टी टैलेंटेड हैं ऋत्विक
फिल्मों की बात करें तो ऋत्विक ने साल 2011 में फिल्म ‘जो हम चाहें’ से डेब्यू किया. इसके बाद वह ‘ट्रिपल एक्स’ में नजर आए. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी उन्होंने अपनी जगह बनाई. साल 2016 में वेब सीरीज ‘आई डोंट वॉच टीवी’ से उन्होंने डिजिटल दुनिया में कदम रखा. इसके बाद ‘कार्टेल’ और ‘हाफ लव हाफ अरेंज्ड’ के दूसरे सीजन में भी काम किया. ऋत्विक ने अपने करियर में खुद को केवल एक ही तरह के किरदार तक सीमित नहीं रखा. अभिनय, डांस और होस्टिंग के अलावा उन्हें संगीत का भी शौक है. वह गिटार बजाना पसंद करते हैं. साल 2024 में उन्होंने अपना क्लोदिंग ब्रांड ‘आरडीएक्स’ भी शुरू किया.