Agency:एजेंसियां
Last Updated:
Who is First Black Governor OF Georgia: अमेरिका में हुए मध्यावधि चुनाव में कई ऐसे ऐतिहासिक नतीजे आए हैं, जो अब तक पहली बार हुआ है. कुछ ऐसा ही जॉर्जिया के गवर्नर के पद के साथ हुआ, जहां पर पहली बार जनता ने अश्वेत महिला गवर्नर चुनी है. चलिए जानते हैं उनके बारे में.
जॉर्जिया को मिली पहली अश्वेत महिला गवर्नर. (रॉयटर्स)
अमेरिका के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है. जॉर्जिया राज्य की गवर्नर की कुर्सी पर कीशा लांस बॉटम्स विजयी हुई हैं. वे न सिर्फ जॉर्जिया बल्कि पूरे देश की पहली अश्वेत महिला गवर्नर बनी हैं. 56 साल की कीशा अटलांटा की पूर्व मेयर हैं. उनकी जीत ने जॉर्जिया को एक बार फिर स्विंग स्टेट साबित कर दिया है. हालांकि कीशा लांस बॉटम्स का सफर आसान नहीं रहा. साल 2018 से 2022 तक वे अटलांटा की मेयर रहीं. उस दौरान शहर में अपराध बढ़ने और कोविड काल की चुनौतियों के कारण उनकी लोकप्रियता घटी.
कई लोगों को शक था कि वे पूरे राज्य में जीत पाएंगी या नहीं लेकिन उन्होंने प्राथमिक चुनाव में साफ जीत हासिल की और रिपब्लिकन उम्मीदवार रिक जैक्सन को हराया. जैक्सन अरबपति हैं और उन्होंने अपने अभियान में 10 करोड़ डॉलर से ज्यादा खर्च किए. फिर भी कीशा की रणनीति के आगे उनका कैंपेन काम नहीं कर पाया. उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप की नीतियों पर हमला बोला. महंगाई, ईंधन की बढ़ती कीमतें, स्वास्थ्य सेवाओं की समस्या और ईरान युद्ध को लेकर लोगों में नाराजगी थी. कीशा ने इन्हीं मुद्दों को अपने अभियान का केंद्र बनाया.
25 साल में पहला डेमोक्रेट गवर्नर जीता
उन्होंने मतदान के अधिकार और अल्पसंख्यक प्रतिनिधित्व की सुरक्षा पर भी जोर दिया। सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले के बाद वोटिंग राइट्स एक्ट कमजोर पड़ गया था. कीशा ने इसे अपने एजेंडे में जगह दी।जॉर्जिया में पिछले 25 साल से कोई डेमोक्रेट गवर्नर नहीं बना था. कीशा की जीत ने इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया. उन्होंने न सिर्फ गवर्नर पद जीता बल्कि डेमोक्रेट्स ने राज्य के अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी कब्जा किया. अटलांटा के आसपास के उपनगरीय क्षेत्रों में बढ़ती आबादी और डेमोक्रेटिक बदलाव ने उनकी मदद की.
पहली अश्वेत महिला गवर्नर
स्टेसी एब्रम्स जैसे नेताओं के पहले के प्रयासों ने भी जमीन तैयार की थी. कीशा अब उन गिने-चुने अश्वेत नेताओं में शामिल हो गई हैं जिन्होंने अमेरिकी राज्य का सर्वोच्च पद हासिल किया है. इससे पहले केवल तीन अश्वेत पुरुष गवर्नर चुने जा चुके हैं. उनकी सफलता सिर्फ व्यक्तिगत नहीं, बल्कि जॉर्जिया और पूरे देश में प्रतिनिधित्व के संघर्ष की जीत मानी जा रही है. कीशा लांस बॉटम्स अब जॉर्जिया की बागडोर संभालेंगी. उनकी चुनौतियां बड़ी हैं, लेकिन इतिहास रचने वाली यह जीत उनके साहस और मेहनत का सबूत है.