कोर‍िया-जापान के शेयर मार्केट में भगदड़, भारत में चारों ओर हर‍ियाली, क्‍या बदला मूड?

कोर‍िया-जापान के शेयर मार्केट में भगदड़, भारत में चारों ओर हर‍ियाली, क्‍या बदला मूड?


Last Updated:

साउथ कोर‍िया और जापान के शेयर मार्केट Kospi-Nikkei में बुधवार को 4 फीसदी की ग‍िरावट देखी गई. कई द‍िन से ये बाजार टूट रहे हैं, लेकिन भारत का शेयर मार्केट दहाड़ रहा है. लगतार पांचवें द‍िन सेंसेक्‍स ग्रीन पर बंद हुआ. कई सेक्‍टर में जबरदस्‍त मुनाफा दर्ज क‍िया गया. सीएनबीसी आवाज के मैनेज‍िंग एड‍िटर अनुज स‍िंघल ने बताया क‍ि अब मार्केट में क्‍या स्‍ट्रैटजी होनी चाह‍िए.

Zoom

शेयर मार्केट में जबरदस्‍त तेजी देखी जा रही है.

अमेर‍िका में म‍िडटर्म इलेक्‍शन के नतीजों के बीच शेयर बाजारों में अलग ही खेल चल रहा है. पहले ऐसा होता था क‍ि ईरान की टेंशन हो या फ‍िर अमेर‍िका में छोटी सी भी हलचल भारत का शेयर मार्केट गोता लगाने लगता था. लाखों करोड़ों डूबने लगते थे. लेकिन अचानक सब उलट पुलट गया है. ज‍िस वक्‍त साउथ कोर‍िया और जापान के शेयर मार्केट 4 फीसदी टूट गए, ठीक उसी वक्‍त भारतीय शेयर मार्केट में जोरदार उछाल दर्ज की गई है.

ईरान का संकट आज भी है, अमेर‍िका में म‍िड टर्म इलेक्‍शन के नतीजे आ रहे हैं, जो ट्रंप को परेशान करने वाले हैं, इसके बावजूद भारतीय शेयर मार्केट जश्न मना रहा है. लगातार पांचवें द‍िन शेयर मार्केट हरे न‍िशान पर बंद हुआ. आईटी को छोड़कर बाकी चारों ओर हर‍ियाली देखी गई. जो विदेशी न‍िवेशक भारतीय शेयर मार्केट से पैसा न‍िकाल रहे थे, अब वही जमकर पैसा डाल रहे हैं. तो क्‍या मार्केट का मूड बदल गया है?

मार्केट में इस वक्‍त जोरदार मोमेंटम देखने को म‍िल रहा है. बुधवार को शुरुआत मुनाफावसूली से हुई तो लगा क‍ि मार्केट कुछ प्‍वाइंट नीचे जाएगा, लेकिन इसके बाद शानदार र‍िकवरी देखने को म‍िली. न‍िफ्टी 23900 के पार निकल गया. बैंक न‍िफ्टी भी कई द‍िनों का र‍िकॉर्ड तोड़ते हुए आगे चला गया. मिडकैप हो, स्मॉलकैप या फ‍िर माइक्रोकैप चारों ओर यह हर‍ियाली नजर आ रही है. आख‍िर में सेंसेक्स 384 अंक चढ़कर 77,301 पर पहुंच गया. जबकि निफ्टी 150 अंक बढ़कर 23,961 पर बंद हुआ. इसके साथ ही मार्केट दो महीने पुराने लेवल पर आ गया.

कहां से आ रही यह तेजी

  • पहली बात, ट्रंप की हार को देखकर तेल बाजार में नरमी आ गई है. कच्‍चा तेल 103 डॉलर के करीब आ गया. जबकि‍ कुछ द‍िनों पहले तक 116 डॉलर प्रत‍ि बैरल तक चढ़ गया था. एक्‍सपर्ट का मानना है क‍ि हार के बाद ट्रंप के तेवरों में कुछ नरमी आएगी और शायद वे ईरान के साथ डील पर बात करें.
  • डॉलर इंडेक्स कमजोर होने से सोने-चांदी में भी शानदार तेजी आई है. अमेर‍िका में म‍िडटर्म इलेक्‍शन के नतीजों का जश्न सोना चांदी में भी देखने को म‍िला. चांदी तीन फीसदी चढ़ गई जबक‍ि सोने की कीमत दो फीसदी बढ़ गई. इसकी वजह से गोल्ड फाइनेंस कंपनियों में भी तेजी लौटी. मुथूट फाइनेंस में 7% की उछाल देखी गई.
  • रियल्टी और डिफेंस में अच्छी खरीदारी आई है. Reliance और HDFC Bank जैसे बड़े शेयरों के साथ FMCG कंपनियों ने न‍िफ्टी को जबरदस्‍त सहारा द‍िया. दमदार नतीजों के बाद Fractal Analytics में उछाल आया. यह शेयर करीब 13 फीसदी भागा.
  • आज कैबिनेट की मीटिंग में बड़े फैसले हुए. ग्रिड स्केल एनर्जी स्टोरेज के ल‍िए नई स्‍कीम शुरू की गई है. क्रिटिकल मिनरल कैपेक्स के लिए भी करोड़ की नई स्कीम आई है. इस खबर के चलते GMDC 10% ऊपर है.

अनुज स‍िंघल से जानें क्‍या मार्केट एक और तेजी के ल‍िए तैयार

मार्केट स्‍ट्रेटजी शेयर करते हुए सीएनबीसी आवाज के मैनेज‍िंग एड‍िटर अनुज स‍िंघल ने कहा, ग्‍लोबल मार्केट में न‍िचले स्‍तरों से र‍िकवरी लौटी है. ट्रंप का चुनाव हारना मार्केट को बूस्‍टअप डोज की तरह है. कच्‍चा तेल सस्‍ता हुआ है, यह भी एक मजबूत वजह बना. एचडीएफसी जैसे बड़े बैंक भी अब परफार्म करने लगे हैं, वहां से बड़ी ताकत म‍िल रही है. म‍िड कैप हो या स्‍मॉल कैप चारों ओर से शेयरों में जबरदस्‍त तेजी द‍िख रही है. एडवांस/डिक्लाइन भी इस वक्‍त अच्‍छा है. यहां से न‍िफ्टी में 24050 की एक चाल आनी चाह‍िए. कल सेंसेक्‍स की एक्‍सपायर‍िंग है, वहां से और र‍िकवरी आ सकती है.

अनुज स‍िंघल के मुताबिक- निफ्टी के लिए 23750 से 23800 पर सपोर्ट जोन है, जबक‍ि 23950 से 24050 पर रेजिस्टेंस बना हुआ है. इसे पार करना होगा. बैंक निफ्टी के लिए 55300 से 55,500 पर सपोर्ट है और 56,000-56,200 पर रेजिस्टेंस है. यहां से न‍िकले तो बड़ी तेजी देखने को म‍िलेगी.



Source link