Last Updated:
दिवाली से पहले हिमाचल प्रदेश के मंडी में 19 किलोमीटर लंबे नारला-बिजणी सुपर हाईवे को खोल दिया गया है. इससे धर्मशाला से मनाली का सफर आसान हो गया है और मंडी से पधर की दूरी मात्र 25 मिनट में पूरी होगी.
मंडी से नारला पहुंचने के लिए 20 से 25 मिनट ही लगेंगे.
मंडी. हिमाचल प्रदेश में धर्मशाला से मनाली के बीच में सफर करने के लिए गुड़ न्यूज है. दिवाली से पहले भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने मंडी जिले में 19 किलोमीटर लंबे नारला-बिजणी सुपर हाईवे को लोगों को लिए खोल दिया है. ऐसे में अब मंडी से नारला पहुंचने के लिए 20 से 25 मिनट ही लगेंगे.
जानकारी के अनुसार, बीते कुछ समय पहले मैगल पुल को बहाल ना करने और और बाद में बरसात में पुलों के मरम्मत की वजह से हाईवे बंद था. पठानकोट-मंडी फोरलेन प्रोजेक्ट के तहत बने इस 19 किलोमीटर के लंबे मार्ग के बहाल होने से अब बीड़ बिलिंग, कांगड़ा, पधऱ, धर्मशाला, मंडी और मनाली आने जाने यात्रियों को राहत मिलेगी. बरसात के बाद इसे टांडू से नारला तक बहाल किया गया था और टांडू से आगे पुराने मार्ग से ही वाहन चालकों को मंडी पहुंचना पड़ रहा था.
चार पुल बनकर तैयार, द्रंग पुल का नए सिरे से बनेगा डिजाइन
इस पूरे सुपर हाईवे में बने पांच पुलों में से चार पुल पूरी तरह से बहाल हो गए हैं, केवल द्रंग के पुल को नए सिरे से बनाया जाएगा। इसके लिए गाबर कंस्ट्रक्शन कंपनी डिजाइन तैयार करवा रही है. बरसात के दिनों में यहां पर जमीन धंसने के कारण यह पुल क्षतिग्रस्त हो गए थे।
सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे का मंडी से पधर तक का 19 किलोमीटर का भाग 545 करोड़ की लागत आई है. 20 जुलाई 2022 को इस प्रोजेक्ट का टेंडर अवार्ड हुआ था और चार नवंबर 2024 को काम शुरू किया गया था. नया हाईवे बनने से अब मंडी से पधर की दूरी पौने चार किलोमीटर कम हो गई है. पुराने हाईवे की दूरी लगभग 23 किलोमीटर थी, जो अब 19 किलोमीटर के करीब रह गई है. साथ ही सीधा और सपाट हाईवे बनने से अब लोगों को घुमावदार या टेड़े-मेड़े मोड़ों से भी निजात मिल गई है. अब इस नए हाईवे से मात्र 25 मिनट में मंडी से पधर पहुंच पाएंगे. पहले इस दूरी को पूरा करने के लिए एक घंटा लग जाता था. नए मार्ग की चौड़ाई 12 मीटर है.