UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज होने लगी है. राजनीतिक दलों ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं, वहीं विधानसभा क्षेत्रों में जनता के बीच मौजूदा विधायकों के कामकाज को लेकर भी चर्चाएं होने लगी हैं. सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दे जनता की प्राथमिकता में शामिल हैं. आखिर पिछले कार्यकाल में विधायक ने क्षेत्र के विकास के लिए कितना काम किया और जनता उनके कार्यों से कितनी संतुष्ट है, इसी को लेकर पलिया विधानसभा क्षेत्र में लोगों से बातचीत कर उनका नजरिया जानने की कोशिश की गई.
रोमी साहनी का सियासी सफर और जनता का रुख
खीरी जिले की पलिया विधानसभा सीट की बात की जाए तो 2012 में पहली बार बसपा से रोमी साहनी विधायक चुने गए. वर्ष 2017 में बसपा छोड़कर रोमी साहनी भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए और लगातार वह विधायक हैं. ऐसे में पलिया विधानसभा क्षेत्र में विधायक के कार्यों से पलिया विधानसभा क्षेत्र की जनता कितनी खुश है, आज हम इसी बात को जानते हैं.
शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और गन्ना भुगतान पर जनता की दो-टूक राय
बातचीत करते हुए लक्ष्मण सिंह बताते हैं कि वह विधायक के कार्यों से तो खुश हैं परंतु सरकार के कार्यों से वह खुश नहीं हैं. इस बार क्षेत्र की जनता शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को लेकर मतदान करेगी. बातचीत करते हुए सुनील कुमार बताते हैं कि पिछले करीब 10 वर्षों से अधिक समय हो गया है, सबसे अधिक समस्या गन्ना भुगतान को लेकर रहती है, जिस कारण कोई ध्यान देने वाला नहीं है. इस बार आगामी होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर क्षेत्र के किसान इसी मुद्दे को लेकर मतदान करेंगे. वह विधायक रोमी साहनी के कार्यों से संतुष्ट हैं, परंतु गन्ने का मुद्दा इस बार चुनाव में दिखाई देगा.
बाढ़ से राहत पर संतोष, लोगों की मदद करने वाले जनप्रतिनिधि की छवि
सुनील पाल बताते हैं कि पलिया विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ के कारण हजारों एकड़ फसलें बर्बाद हो जाती थीं, जिस कारण किसानों का लाखों रुपए का नुकसान हो जाता था. परंतु नदी की ड्रेजिंग और डिसिल्टिंग होने के कारण बाढ़ की समस्या से राहत मिल गई है, जिस कारण हम भाजपा विधायक के कार्यों से बेहद खुश हैं. अगर पार्टी इन्हें दोबारा टिकट देती है तो यह चौथी बार विधायक बनेंगे.
राम प्रकाश भार्गव ने बातचीत करते हुए बताया कि भाजपा विधायक रोमी साहनी के कार्यों से हम बेहद खुश हैं. उन्हें चौथी बार फिर से विधायक बनाया जाएगा अगर पार्टी टिकट देती है तो. राम प्रकाश बताते हैं कि जनता के बीच खड़े रहने वाले विधायक रोमी साहनी हैं, जो कि फोन करने के बाद तुरंत समस्या का समाधान करते हैं और बीमार लोगों का इलाज वह करवाते हैं.
जर्जर सड़कें और विकास कार्यों पर जनता की नाराजगी
अमित कुमार पाल ने बातचीत करते हुए बताया कि 15 वर्षों से भाजपा विधायक ने क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर कोई बड़े कार्य नहीं किए हैं, जिस कारण पलिया क्षेत्र की जनता को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. अमित पाल बताते हैं कि शिक्षा के प्रति भाजपा विधायक ने कोई ध्यान नहीं दिया है. इस बार मतदान विकास कार्यों को लेकर किया जाएगा और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा रोजगार को ध्यान में रखते हुए मतदान किया जाएगा.
बातचीत करते हुए घनश्याम बताते हैं कि भाजपा विधायक रोमी साहनी के कार्यों से हम खुश नहीं हैं परंतु सरकार के कार्यों से हम खुश हैं. क्षेत्र में विकास नहीं हुआ है, सड़कें पूरी तरीके से जर्जर हो चुकी हैं, जिस कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. भाजपा विधायक को सूचना देने के बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं होता है.
2027 के चुनाव में तय होगा जनादेश
पलिया विधानसभा क्षेत्र में हुई बातचीत से साफ है कि जनता की राय विधायक के कामकाज को लेकर बंटी हुई है. कुछ लोग रोमी साहनी को जनता के बीच रहने वाला और जरूरतमंदों की मदद करने वाला विधायक बता रहे हैं, तो कुछ लोग सड़क, शिक्षा और विकास कार्यों को लेकर नाराजगी जता रहे हैं. वहीं, किसानों के लिए गन्ना भुगतान और बाढ़ की समस्या भी अहम मुद्दे हैं. अब देखना होगा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता इन मुद्दों को कितनी प्राथमिकता देती है और चुनावी नतीजे किसके पक्ष में जाते हैं.