बिहार विधान परिषद भर्ती में बड़ा खुलासा, सभी सातों सफल उम्मीदवार दोबारा परीक्षा से भाग खड़े हुए! क्याअब रद्द होगा रिजल्ट?

बिहार विधान परिषद भर्ती में बड़ा खुलासा, सभी सातों सफल उम्मीदवार दोबारा परीक्षा से भाग खड़े हुए! क्याअब रद्द होगा रिजल्ट?


Last Updated:

Bihar Vidhan Parishad Recruitment: बिहार विधान परिषद में सात पदों पर हुई सीधी भर्ती प्रक्रिया को लेकर चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है. फाइनल रिजल्ट में सफल घोषित सभी सात अभ्यर्थियों को दोबारा शॉर्टहैंड दक्षता जांच के लिए बुलाया गया था, लेकिन निर्धारित समय तक एक भी उम्मीदवार परीक्षा देने नहीं पहुंचा. अनिवार्य जांच परीक्षा में सभी अभ्यर्थियों की गैरमौजूदगी ने भर्ती प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. न्यूज18 बिहार इस मामले के सभी पहलुओं को सामने रख रहा है.

Zoom

बिहार विधान परिषद भर्ती में नया मोड़, सातों सफल अभ्यर्थियों ने छोड़ी दोबारा परीक्षा

पटना. बिहार विधान परिषद में निजी सहायक और स्टेनोग्राफर के सात पदों पर सीधी नियुक्ति को लेकर बड़ा मामला सामने आया है. विज्ञापन संख्या 02/2025 के तहत हुई भर्ती परीक्षा का अंतिम परिणाम पहले ही घोषित किया जा चुका है. इसके बाद विधान परिषद प्रशासन ने सभी सात सफल अभ्यर्थियों को दोबारा शॉर्टहैंड दक्षता जांच के लिए बुलाया था. आज सुबह 11:30 बजे परीक्षा आयोजित की जानी थी और इसमें शामिल होने के लिए अंतिम समय भी निर्धारित था. लेकिन हैरानी की बात यह रही कि परीक्षा के लिए एक भी अभ्यर्थी उपस्थित नहीं हुआ.

दोबारा दक्षता जांच में एक भी उम्मीदवार नहीं पहुंचा

बता दें कि विधान परिषद प्रशासन की ओर से जारी नोटिस में सभी सात सफल अभ्यर्थियों को जांच परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य बताया गया था. इसके बावजूद सभी उम्मीदवार अनुपस्थित रहे. दोबारा परीक्षा आयोजित करने के फैसले और उसमें किसी भी उम्मीदवार के शामिल नहीं होने से भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठने लगे हैं. नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया था कि जांच परीक्षा में शामिल नहीं होने की स्थिति में अभ्यर्थियों का परीक्षा परिणाम रद्द किया जा सकता है. ऐसे में अब विधान परिषद प्रशासन के अगले कदम पर नजर है.

सीसीटीवी निगरानी में होनी थी परीक्षा, मजिस्ट्रेट भी तैनात

दरअसल, दोबारा शॉर्टहैंड दक्षता जांच परीक्षा विधान परिषद के विस्तारित भवन में आयोजित की जानी थी. प्रशासन ने परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की थी. इसके अलावा जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया था और परीक्षा स्थल पर मजिस्ट्रेट की भी ड्यूटी लगाई गई थी. सभी व्यवस्थाएं होने के बावजूद किसी भी अभ्यर्थी के परीक्षा में शामिल नहीं होने से अब पूरी प्रक्रिया चर्चा में है.

ये सात अभ्यर्थी हुए थे सफल घोषित

विधान परिषद भर्ती के अंतिम परीक्षा परिणाम में सफल घोषित सात उम्मीदवारों के नाम और रोल नंबर इस प्रकार हैं.

  • स्पृहा सिंह – 200035
  • अमन कुमार – 200021
  • नमन राज – 200019
  • अंजली कुमारी आनंद – 200044
  • सुमित राज – 200038
  • गुड़िया कुमारी – 200057
  • शिमरण भारती – 200074

अब क्या होगा भर्ती प्रक्रिया का?

बिहार विधान परिषद से जारी नोटिस के अनुसार, जांच परीक्षा में अनुपस्थित रहने पर अभ्यर्थियों का परीक्षा परिणाम रद्द करने का प्रावधान बताया गया था. लेकिन, चयनित अभ्यर्थियों के नहीं पहुंचने का मामला बेहद गंभीर पहलू सामने ला रहा है. ऐसे में अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि विधान परिषद प्रशासन सभी सात सफल उम्मीदवारों की अनुपस्थिति पर क्या निर्णय लेता है और भर्ती प्रक्रिया को लेकर आगे क्या कार्रवाई होती है.



Source link