Last Updated:
दीया मिर्जा ने हाल ही में बीएमसी द्वारा शेयर किए गए वीडियो में लोगों से दिवाली के मौके पर पटाखे न जलाने की अपील की थी. इस वीडियो पर ऐसा सियासी बवाल मचा कि बीएमसी ने वीडियो ही डिलीट कर दिया. इसके साथ ही दीया मिर्जा विवादों में घिर गई थीं. ये मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि आलिया भट्ट की मां सोनी राजदान ने सोशल मीडिया पर दिवाली पर पटाखे न जलाने की अपील कर डाली है. दिग्गज एक्ट्रेस ने कहा कि वायु प्रदूषण को देखते हुए पटाखे जलाना देश विरोधी है.
सोनी राजदान ने दिवाली पर पटाखे जलाने को देश विरोधी बताया है. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली. दीया मिर्जा एक नामी एक्ट्रेस होने के साथ ही सोशल वर्कर भी हैं. उन्होंने हाल ही में दिवाली के मौके पर पटाखे न जलाने की अपील की थी. बीएमसी के जागरूकता वीडियो पर ऐसा सियासी बवाल मचा कि आखिरकार वीडिया डिलीट कर दिया गया. हालांकि मामले ने बाद में दूसरा रुख लिया. बॉम्बे हाईकोर्ट ने मामले में आदेश देते हुए वीडियो को रीपोस्ट करने का आदेश दिया. दीया मिर्जा को दिवाली के मौके पर पटाखे न जलाने की अपील करना काफी भारी पड़ गया. एक्ट्रेस को सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया जाने लगा. राजनेताओं से लेकर कई कलाकारों ने दीया मिर्जा को हिंदूओं को त्योहार पर नसीहत न देने की सलाह दी.
दिवाली पर पटाखे न जलाने की अपील करने के बाद दीया मिर्जा अभी विवादों से निकली ही थीं कि अब एक और बॉलीवुड एक्ट्रेस ने वही नसीहत दोहराई है. आलिया भट्ट की मां और दिग्गज एक्ट्रेस सोनी राजदान ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर लोगों ने दिवाली पर पटाखे न जलाने की अपील की है. वो कहती हैं कि देश और खासकर मुंबई के वायु प्रदूषण को देखते हुए ऐसे में पटाखे जलाना देश विरोधी है.
सोनी राजदान ने की पटाखे न जलाने की अपील
फोटो साभार इंस्टाग्राम sonirazdan
सोनी राजदान ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर लिखा, किसी भी छोटे बच्चे के मां-बाप से पूछिए वो आपको बताएंगे कि वायु प्रदूषण की वजह से उनके बच्चे कितना तकलीफें सहते हैं. वायु प्रदूषण से बीमार होने के बाद वो कितने दिन स्कूल मिस करते हैं.
पटाखे जलाने को कहा एंटी नेशनल
वो आगे लिखती हैं कि ऐसे हालातों में अगर कोई कहता है कि एक पटाखा जलाना भी सही है तो वो सिर्फ ये कह सकती हैं कि ये उनके लिए एंटी लाइफ, एंटी हेल्थ और एंटी नेशनल है. सोनी राजदान आगे कहती हैं कि हेल्थ वो चॉइस है जो हम अपने लिए औऱ अपने बच्चों के लिए लेते हैं.
सोनी राजदान ने अपने इस पोस्ट पर कमेंट्स ऑफ कर रखे हैं. इसको दीया मिर्जा के विवाद से जोड़कर देखा जा सकता है. दिग्गज एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर नफरत से बचने के लिए अपने पोस्ट पर कमेंट्स ऑफ कर रखे हैं.