MP-CG TOP NEWS: ग्वालियर सिंधिया संपत्ति विवाद में आज अहम सुनवाई, भोपाल में नए घरेलू गैस कनेक्शन पर 8 महीने से अघोषित रोक

MP-CG TOP NEWS: ग्वालियर सिंधिया संपत्ति विवाद में आज अहम सुनवाई, भोपाल में नए घरेलू गैस कनेक्शन पर 8 महीने से अघोषित रोक


MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास.

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें… 

ग्वालियर सिंधिया संपत्ति विवाद में आज अहम सुनवाई, प्रतिमा राणा देंगी गवाही; कोर्ट में पेश करेंगी सबूत
ग्वालियर के चर्चित सिंधिया संपत्ति बंटवारा मामले में आज प्रतिमा राणा की गवाही होगी. प्रतिमा राणा ने परिजनों पर धोखे से दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने का आरोप लगाया है. आज उन्हें कोर्ट में अपने आरोपों से जुड़े सबूत पेश करने होंगे. इस मामले में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, उषा राजे और वसुंधरा राजे भी पक्षकार हैं. समझौते के दस्तावेजों को लेकर लंबे समय से कानूनी विवाद चल रहा है.

बिलासपुर में तंत्र-मंत्र के शक में बुजुर्ग अघोरी की बेरहमी से पिटाई
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के कोनी इलाके में श्मशान घाट में बुजुर्ग अघोरी के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि तंत्र-मंत्र के शक में कुछ लोगों ने बुजुर्ग को जमीन पर घसीटकर पीटा और बाल खींचे. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. पुलिस ने उमेश सिंह ठाकुर, राजा यादव और नितेश यादव के खिलाफ अपराध दर्ज किया है. घायल बुजुर्ग को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और शुरुआती तौर पर आपसी रंजिश की बात भी सामने आई है.

दीपावली से पहले उज्जैन में मिलावटखोरों पर शिकंजा, तराना-नागदा में दूध, मावा, घी और मिठाइयों के सैंपल लिए
उज्जैन में दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है. तराना, नागदा और उन्हेल में दूध डेयरियों, मिठाई और नमकीन दुकानों पर छापेमारी कर दूध, मावा, घी, मिठाई, नमकीन और किराना सामग्री के सैंपल लिए गए. सभी नमूनों को जांच के लिए भोपाल की राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है. रिपोर्ट में मिलावट या गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

दतिया में स्वामित्व योजना में लापरवाही पर प्रशासन की कार्रवाई, 9 पटवारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू
मध्य प्रदेश के दतिया में स्वामित्व अधिकार अभिलेख पंजीयन योजना 2026 में लापरवाही बरतने पर जिला प्रशासन ने 9 पटवारियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं. इनमें दतिया तहसील के 6 और बड़ौनी तहसील के 3 पटवारी शामिल हैं. कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है. प्रशासन ने साफ किया है कि सरकारी योजनाओं के काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और समय सीमा में काम पूरा नहीं करने वाले कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.

आज भोपाल में CM मोहन यादव का व्यस्त कार्यक्रम, लोकतंत्र बचाओ रैली में होंगे शामिल; कृषि महोत्सव को VC से करेंगे संबोधित
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज भोपाल में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। दोपहर 12 बजे अटल पथ, टीटी नगर पहुंचकर लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ रैली में हिस्सा लेंगे. कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा सहित अन्य केंद्रीय मंत्री भी मौजूद रहेंगे. इसके बाद दोपहर 2 बजे पांढुर्णा के बलराम कृषि महोत्सव को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करेंगे. दोपहर 2:30 बजे समत्व में बैठक करेंगे.

भोपाल में नए घरेलू गैस कनेक्शन पर 8 महीने से अघोषित रोक
भोपाल में मार्च 2026 से 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर के नए कनेक्शन नहीं मिल रहे हैं. करीब 20 हजार आवेदन अटके हुए हैं और पोर्टल से नए कनेक्शन का विकल्प भी गायब हो गया है. शहर की 46 गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने के बावजूद लोगों को निराश लौटना पड़ रहा है. 5 और 10 किलो के छोटे सिलेंडर भी विकल्प नहीं बन पाए हैं. ऐसे में लोग ब्लैक में 1800 से 2100 रुपए तक देकर सिलेंडर खरीदने को मजबूर हैं. बायोमेट्रिक e-KYC अनिवार्यता और PNG को बढ़ावा देने को नए कनेक्शन रोके जाने की वजह बताया जा रहा है.

राजनांदगांव में जानलेवा हमला करने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार, तीन नाबालिग भी शामिल
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव स्थित बसंतपुर थाना क्षेत्र के नंदई चौक में पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों पर धारदार हथियार और डंडों से जानलेवा हमला किया गया. हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मामले में पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन नाबालिग भी शामिल हैं.

आज गृह जिला जशपुर के दौरे पर रहेंगे CM विष्णुदेव साय, पदयात्रा से लेकर करमा पूजा महोत्सव तक कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर दौरे पर रहेंगे. वे रायपुर से सुबह 11:30 बजे रवाना होंगे. जशपुर में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ सभा एवं पदयात्रा में शामिल होंगे. इसके बाद सामुदायिक भवन का लोकार्पण, हेलमेट बैंक का शुभारंभ और आंचलिक करमा पूजा महोत्सव में हिस्सा लेंगे.

छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘मुरासु’ का असर, रायपुर-दुर्ग समेत 15 जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट
छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘मुरासु’ के प्रभाव से मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेशभर में बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है. रायपुर और दुर्ग समेत 15 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है, जबकि बस्तर संभाग के 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट है. इस दौरान तापमान 24 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

महादेव सट्टा ऐप के फाउंडर सौरभ चंद्राकर की आज CBI कोर्ट में पेशी, रायपुर में शुरू होगी कानूनी कार्रवाई
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के फाउंडर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाए जाने के बाद आज रायपुर की CBI विशेष अदालत में पेश किया जाएगा. दिल्ली से ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाए गए चंद्राकर से अब पूछताछ होगी. इस कार्रवाई में महादेव सट्टा केस से जुड़े कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है.



Source link