दिखने में टमाटर जैसा, स्वाद में शहद जैसा मीठा! ऋषिकेश के बाजार में छाया यह जापानी फल

दिखने में टमाटर जैसा, स्वाद में शहद जैसा मीठा! ऋषिकेश के बाजार में छाया यह जापानी फल


ऋषिकेश: सर्दियों के मौसम में बाजार में सेब और संतरे जैसे फलों की मांग तो रहती ही है, लेकिन इन दिनों ऋषिकेश में एक फल लोगों को खूब पसंद आ रहा है. अपने अलग स्वाद, रंग और पोषक तत्वों की वजह से यह फल लोगों का ध्यान खींच रहा है. इसे पर्सिमन या जापानी फल के नाम से जाना जाता है. खास बात यह है कि इस फल का स्वाद आम फलों से थोड़ा अलग होता है, जो इसे और खास बनाता है.

सर्दियों में बाजार में आया जापानी फल, साल में सिर्फ एक महीने मिलता है
लोकल 18 के साथ बातचीत के दौरान स्वर्गाश्रम में फल बेचने वाली राधा ने बताया कि पर्सिमन का सीजन बहुत छोटा होता है और यह फल साल में सिर्फ एक महीने के लिए ही बाजार में मिलता है. वैसे इसे जापानी फल के नाम से जाना जाता है, लेकिन कई लोग इसे रामफल के नाम से भी जानते हैं. इस फल की स्वाद और आकार के हिसाब से कई किस्में आती हैं. कुछ फल गोल आकार के होते हैं, जिनका स्वाद हल्का कड़वा होता है, जबकि चपटे और गोल आकार वाले फल खाने में मीठे और स्वादिष्ट होते हैं. यही वजह है कि लोग इस मीठी किस्म को ज्यादा पसंद कर रहे हैं.

250 रुपये किलो बिक रहा जापानी फल, एक पीस की कीमत 50 से 60 रुपये
राधा ने बताया कि बाजार में इसकी कीमत 250 रुपये प्रति किलो है, वहीं एक छोटा सा पीस 50 से 60 रुपये प्रति पीस के हिसाब से मिलता है.

भारतीयों से ज्यादा विदेशी लोगों को पसंद आ रहा पर्सिमन
ग्राहक अंकित ने बताया कि स्वर्गाश्रम में जानकी झूले के पास इन दिनों यह ऐसा फल देखने को मिल रहा है, जो दिखने में बिल्कुल टमाटर जैसा लगता है. अपने लाल और नारंगी रंग के कारण यह दूर से ही लोगों का ध्यान खींच लेता है. इस फल को भारतीयों के मुकाबले विदेशी लोग ज्यादा पसंद करते हैं. भारत में अभी बहुत कम लोग इसे खाते हैं. यह फल देखने में जितना सुंदर है, खाने में उतना ही मीठा और स्वादिष्ट होता है. इसका स्वाद दूसरे फलों से भी थोड़ा अलग है.

विटामिन ए और सी से भरपूर है जापानी फल, आंखों और इम्युनिटी के लिए फायदेमंद
यह जापानी फल स्वाद के साथ सेहत के लिए भी काफी अच्छा माना जाता है. इसमें विटामिन ए, विटामिन सी और फाइबर पाया जाता है, जो शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करता है. इसे खाने से आंखों की सेहत को भी फायदा मिलता है और रोगों से लड़ने की ताकत भी बनी रहती है.

फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर पर्सिमन, पाचन को रखता है बेहतर
इसमें मौजूद फाइबर पेट को साफ रखने और पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है. इसके अलावा इसमें एंटीऑक्सीडेंट भी होते हैं, जो शरीर की कोशिकाओं को नुकसान से बचाने में मदद करते हैं. यही वजह है कि यह फल स्वाद के साथ सेहत के लिहाज से भी अच्छा ऑप्शन है.



Source link