नई दिल्ली (CAT Exam Mistakes). कॉमन एडमिशन टेस्ट का नाम सुनते ही मैनेजमेंट एस्पिरेंट्स की धड़कनें तेज हो जाती हैं. आखिरी के कुछ हफ्तों में अक्सर अभ्यर्थी हड़बड़ाहट में बहुत ज्यादा पढ़ने की कोशिश करते हैं. इससे उनका स्ट्रेस बढ़ जाता है. अगर आप कैट 2026 की तैयारी कर रहे हैं तो समझ लीजिए कि यह दौर नई किताबें पढ़ने का नहीं, बल्कि पुरानी नींव को मजबूत करने का होता है. इसलिए दिमाग को शांत रखकर सही स्ट्रैटेजी बनाने पर फोकस करना जरूरी है.
कैट 2026 की तैयारी में न करें ये 6 गलतियां
कैट यानी कॉमन एडमिशन टेस्ट आईआईएम और अन्य टॉप मैनेजमेंट कॉलेज में एडमिशन की पहली सीढ़ी है. इस साल कैट परीक्षा 29 नवंबर को है. इस हिसाब से अब कैट परीक्षा में ज्यादा वक्त नहीं बचा है. एक्सपर्ट से जानिए कैट 2026 की तैयारी में होने वाली 6 सबसे कॉमन मिस्टेक्स, जिनसे बचना जरूरी है.
1. आखिरी समय में नए चैप्टर्स पढ़ना
परीक्षा सिर पर हो और इस बीच कोई नया टॉपिक सामने आ जाए तो घबराहट होना लाजिमी है. कई अभ्यर्थी अंतिम दिनों में भी नए चैप्टर्स पढ़ने की जिद पकड़ लेते हैं. इसमें उनका कीमती वक्त और मेंटल एनर्जी, दोनों बर्बाद होती हैं. इस समय वही विषय रिवाइज करें, जिन पर आपकी पहले से पकड़ मजबूत है. फॉर्मूलों को बार-बार दोहराएं और पुराने कॉन्सेप्ट्स को पक्का करें. किसी नए चैप्टर के चक्कर में अपने पूरे रिवीजन का फ्लो खराब बिल्कुल न करें.
2. मॉक टेस्ट देना लेकिन अपनी गलतियों से ना सीखना
सिर्फ अंधाधुंध मॉक टेस्ट देने से स्कोर नहीं सुधरेगा, जब तक कि आप अपनी गलतियों का पोस्टमार्टम न करें. टेस्ट खत्म होने के बाद गलतियों का एनालिसिस करना जरूरी है- क्या कॉन्सेप्ट में कमी थी, कैलकुलेशन मिस्टेक थी या सवाल पढ़ने में कोई चूक हुई. जब तक आप उन गलतियों को खुद दोबारा हल करके नहीं समझेंगे, तब तक सुधार की गुंजाइश नहीं बचेगी. कैट के दो मॉक टेस्ट के बीच में अपनी कमियों को सुधारने के लिए पर्याप्त समय जरूर रखें.
3. ईगो पर ले लेना: एक ही सवाल पर अड़े रहना
कई बार अभ्यर्थी किसी खास टॉपिक में इतना डूब जाते हैं कि उसका एक मुश्किल सवाल हल करने के चक्कर में 10-15 मिनट गंवा बैठते हैं. परीक्षा हॉल में यह रवैया आपकी पूरी मेहनत पर पानी फेर सकता है. अगर कोई सवाल पहली बार में समझ नहीं आ रहा है तो उस पर वक्त बर्बाद करने के बजाय आगे बढ़ना ही बुद्धिमानी है. कैट मॉक टेस्ट में भी इस बात की प्रैक्टिस करें कि मुश्किल सवालों को छोड़कर आगे निकलने में कोई झिझक या डर महसूस न हो.
4. सही जवाबों के बजाय सिर्फ सवालों की संख्या बढ़ाना
यह गलतफहमी दिमाग से निकाल दीजिए कि आप जितने ज्यादा सवाल अटेंप्ट करेंगे, परसेंटाइल उतनी ही ऊपर जाएगी. जल्दबाजी में अक्सर सिली मिस्टेक्स हो जाती हैं और माइनस मार्किंग आपका खेल बिगाड़ देती है. कैट 2026 मॉक टेस्ट में अपनी एक्यूरेसी चेक करें और उसी हिसाब से अपने अटेंप्ट्स तय करें. अंधाधुंध तुक्के लगाने या सिर्फ नंबर बढ़ाने के लिए सवाल चुनने से बचें. ध्यान रखें कि क्वॉलिटी हमेशा कॉन्टिटी से ज्यादा भारी पड़ती है.
5. हर कम स्कोर के बाद पूरी स्ट्रैटेजी बदल देना
किसी एक मॉक टेस्ट में नंबर कम आ गए तो इसका मतलब यह नहीं कि आपकी पूरी तैयारी खराब है. बार-बार अपनी स्ट्रैटजी या पढ़ाई करने के तरीके बदलने से केवल उलझन बढ़ेगी और कॉन्फिडेंस टूटेगा. कम स्कोर आने पर घबराने के बजाय उसके कारणों का विश्लेषण करें. देखें कि क्या आपके चुने गए क्वेश्चन सेट्स गलत थे या टाइम मैनेजमेंट गड़बड़ाया था. कैट मॉक टेस्ट अटेंप्ट करने में छोटे-छोटे सुधार करें, लेकिन अपनी ओरिजिनल स्ट्रैटेजी पर पूरा भरोसा रखें.
6. सेहत और नींद को नजरअंदाज करना
अक्सर अभ्यर्थी रात-रात भर जागकर पढ़ाई करते हैं, जिससे परीक्षा के दिन उनका दिमाग सुस्त पड़ जाता है. नींद पूरी लेना और बीच-बीच में छोटे ब्रेक्स लेना बहुत जरूरी है. इसके अलावा, एग्जाम सेंटर की लोकेशन भी पहले से चेक कर लें (घर से दूरी), अपने एडमिट कार्ड और जरूरी आईडी प्रूफ समय से तैयार रखें. इन छोटी-छोटी लॉजिस्टिक चीजों को आखिरी रात के लिए बिल्कुल न छोड़ें. उस समय का तनाव कैट 2026 में आपकी परफॉर्मेंस पर भारी पड़ सकता है.